X
X

Fact Check: MRI मशीन में जांच करते समय हुए हादसे का वीडियो एआई निर्मित

एमआरआई मशीन में हुए हादसे के वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। वायरल वीडियो किसी असली घटना का नहीं, बल्कि एआई निर्मित है। 

  • By: Pragya Shukla
  • Published: Dec 22, 2025 at 03:49 PM
  • Updated: Mar 26, 2026 at 12:42 PM

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर हादसे का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि MRI मशीन में जांच करवाने के लिए एक महिला उस पर लेटी हुई है। इतने में मशीन उस महिला और जांच करने वाले एक शख्स को भी अंदर की ओर खींच लेती है। इस वीडियो को यूजर्स असली घटना समझकर शेयर कर दावा कर रहे हैं कि इस हादसे में दो लोगों की जान चली गई है। 

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। वायरल वीडियो किसी असली घटना का नहीं, बल्कि एआई निर्मित है। 

क्या हो रहा है वायरल ?

फेसबुक यूजर ‘Pandit Vivek Tiwari’ ने 18 दिसंबर 2025 को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “MRI मशीन में मरीज की जांच करते वक्त हुआ बड़ा हादसा..देखिए वायरल वीडियो।”

वीडियो पर लिखा हुआ है, “MRI मशीन में मरीज की जांच करते वक्त हुआ बड़ा हादसा चली गई दो लोगों की जान देखिए वायरल वीडियो”

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल 

वायरल वीडियो की सच्चाई जानने के लिए हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी कोई विश्वसनीय न्यूज रिपोर्ट नहीं मिली।

इसके बाद हमने वीडियो पर गौर किया। हमने पाया कि वीडियो में नजर आ रहे लोगों के हाथ पैर की बनावट काफी अजीब है और ऐसा एआई की मदद से बनाए गए वीडियो में अक्सर होता है। ऐसे में हमें वीडियो के एआई से बने होने का संदेह हुआ। 

पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए हमने वीडियो को एआई डिटेक्शन टूल ‘हाइव मोडरेशन’ की मदद से सर्च किया। टूल ने 96.9 फीसदी तक वीडियो के एआई से बने होने की संभावना जताई। 

हमने एक अन्य टूल ‘decopy’ की मदद से वीडियो के कीफ्रेम को सर्च किया। इस टूल ने वायरल वीडियो के कीफ्रेम के एआई से बने होने की संभावना जताई। 

हमने इनविड टूल की मदद से वीडियो के कई कीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें वायरल वीडियो ‘lovetrends.ai’ नाम के एक इंस्टाग्राम अकाउंट पर मिला। वीडियो को 27 नवंबर 2025 को शेयर किया गया था। अकाउंट को खंगालने पर हमने पाया कि यह यूजर एआई की मदद से बनाए गए वीडियो शेयर करता है। यूजर के अकाउंट पर इस तरह के कई अन्य वीडियो भी मौजूद हैं।

अधिक जानकारी के लिए हमने एआई और इमर्जिंग टेक्नोलॉजी में काम कर रहे रिसर्चर अजहर माचवे से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वायरल वीडियो में मौजूद लोगों के शरीर की बनावट काफी अटपटी है। अक्सर एआई टूल शरीर की बनावट में खामियां छोड़ देते हैं। साथ ही, वीडियो मेंपहली महिला काफी स्पीड से और दूसरा शख्स धीरे-धीरे मशीन के अंदर गया और महिला मरीज के मशीन के अंदर जाने के बाद भी वह वहां से नहीं हटा। इसी से समझा जा सकता है कि वीडियो को एआई की मदद से बनाया गया है। 

अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को 16 हजार लोग फेसबुक पर फॉलो करते हैं। यूजर ने प्रोफाइल पर खुद को उत्तर प्रदेश का रहने वाला बताया है।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि एमआरआई मशीन में हुए हादसे के वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। वायरल वीडियो किसी असली घटना का नहीं, बल्कि एआई निर्मित है। 

  • Claim Review : MRI मशीन में जांच करते समय गई दो लोगों की जान।
  • Claimed By : FB User Pandit Vivek Tiwari
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later