Fact Check: पीएम मोदी ने नहीं मांगा बिहार के सीएम नीतीश कुमार से इस्तीफा, फर्जी वीडियो वायरल
पीएम मोदी ने नीतीश कुमार से इस्तीफा नहीं मांगा है। वायरल वीडियो को एआई से बनाया गया है। इसमें सच्चाई नहीं है।
- By: Ashish Maharishi
- Published: Dec 30, 2025 at 01:57 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। बिहार के चर्चित हिजाब विवाद के बाद अब सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से इस्तीफा मांगते हुए देखा जा सकता है। वीडियो को सच समझकर कई सोशल मीडिया यूजर्स शेयर कर रहे हैं।
विश्वास न्यूज ने वायरल पोस्ट की जांच की। वीडियो पूरी तरह फेक साबित हुआ। पीएम मोदी की तस्वीर और वीडियो का दुरुपयोग करके वायरल क्लिप को तैयार किया गया है। पीएम मोदी ने नीतीश कुमार से इस्तीफा नहीं मांगा है। वायरल पोस्ट पूरी तरह फर्जी साबित हुई।
क्या हो रहा है वायरल
एक फेसबुक यूजर ने एक क्लिप को पोस्ट करते हुए दावा किया हिजाब मामले पर पीएम मोदी ने सीएम नीतीश कुमार से इस्तीफा मांगा है।

वायरल पोस्ट के कंटेंट को यहां ज्यों का त्यों ही लिखा गया है। इसे सच मानकर कई यूजर्स शेयर कर रहे हैं। पोस्ट का आर्काइव वर्जन यहां देखें।
पड़ताल
विश्वास न्यूज ने वायरल वीडियो के साथ किए गए दावे की जांच के लिए सबसे पहले गूगल ओपन सर्च टूल का इस्तेमाल किया। सर्च के दौरान हमें एक भी ऐसी खबर नहीं मिली, जो इस बात की पुष्टि कर सके कि पीएम मोदी ने नीतीश कुमार से इस्तीफा मांगा है।
विश्वास न्यूज ने वायरल वीडियो की सच्चाई जानने के लिए कई एआई टूल्स का इस्तेमाल किया। aurigin.ai टूल की सहायता से वायरल वीडियो की पड़ताल करने पर पता चला कि वीडियो को बनाने में एआई का इस्तेमाल हुआ है। वायरल वीडियो में कई हिस्से ऐसे थे, जिनकी जांच में एआई होने की संभावना की पुष्टि हुई।

इसी तरह AI डिटेक्टर टूल हाइव मॉडरेशन पर वीडियो की जांच की गई। यहां भी वीडियो के एआई होने की संभावना की पुष्टि हुई। नतीजों में बताया गया कि वीडियो के एआई जेनरेटेड या डीपफेक होने की संभावना 74.5 फीसदी है।

विश्वास न्यूज को अब यह जानना था कि जिस वीडियो के साथ छेड़छाड़ करके वायरल क्लिप तैयार की गई है, वह कब का है। वीडियो के कई कीफ्रेम्स निकालकर गूगल लेंस से सर्च करने पर हमें असली वीडियो डीडी न्यूज के यूट्यूब चैनल पर मिला। इसे 7 जून 2025 को अपलोड किया गया था। इसमें पीएम मोदी को आपदा प्रतिरोधी अवसंरचना (आईसीडीआरआई) 2025 के अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में अपनी बात रखते हुए देखा जा सकता है।
विश्वास न्यूज ने पड़ताल के दौरान अपने सहयोगी दैनिक जागरण, बिहार के राज्य ब्यूरो प्रमुख अरुण अशेष से संपर्क करते हुए उनके साथ वायरल वीडियो को शेयर किया। उन्होंने कहा कि वायरल वीडियो पूरी तरह से फेक है। नीतीश कुमार से इस्तीफा नहीं मांगा गया है। हिजाब विवाद के बाद से ही इस तरह के फर्जी वीडियो काफी वायरल हो रहे हैं।
क्या है हिजाब विवाद
15 दिसंबर 2025 को बिहार की राजधानी पटना में एक सरकारी कार्यक्रम में चिकित्सकों को नियुक्ति पत्र दिया जा रहा था। उसी वक्त मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने वहां मौजूद एक मुस्लिम महिला डॉक्टर का हिजाब हटा दिया था, जिसके बाद देशभर में यह इश्यू बन गया।
जांच के अंत में फर्जी पोस्ट करने वाले यूजर की जांच की गई। पता चला कि यूजर को फेसबुक पर चार हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं। इससे ज्यादा जानकारी इस यूजर के बारे में नहीं मिली।
निष्कर्ष : विश्वास न्यूज की पड़ताल में वायरल वीडियो फेक साबित हुआ। पीएम मोदी ने नीतीश कुमार से इस्तीफा नहीं मांगा है। वायरल वीडियो को एआई से बनाया गया है। इसमें सच्चाई नहीं है।
- Claim Review : हिजाब मामले पर नितीश कुमार से मांगा इस्तीफा मोदी जी ने
- Claimed By : FB user Sahilalam Aimim
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












