X
X

Fact Check: महाराष्ट्र में निकाय चुनाव के दौरान वायरल हो रहे वीडियो में दिख रहा झंडा इस्लामिक है, पाकिस्तानी नहीं

महाराष्ट्र में नगर निकाय चुनाव के दौरान वायरल हो रहे वीडियो में पाकिस्तान के झंडे वाली झंडियां नहीं हैं। वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।    

islamic flags seen in viral video during maharashtra election 2026 not pakistan

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। महाराष्ट्र में 15 जनवरी को नगर निकाय चुनाव संपन्न हुए हैं। रुझानों में वहां पर भाजपा और उसके सहयोगियों को बढ़त मिलती दिख रही है। इस बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें कुछ व्यक्तियों को एक गली में घरों के दरवाजे पर दस्तक देकर उनसे भाजपा के खिलाफ वोट करने की अपील करते हुए देखा जा सकता है। वीडियो में गली में कुछ झंडियां भी दिख रही हैं, जिन पर चांद-तारा बना हुआ है। कुछ यूजर्स वीडियो के साथ दावा कर रहे हैं कि महाराष्ट्र में निकाय चुनाव के दौरान गली में पाकिस्तान के झंडे लगाए गए।

विश्वास न्यूज ने इसकी जांच की, तो पता चला कि वीडियो में दिख रही झंडियों पर पाकिस्तान का झंडा नहीं, बल्कि इस्लामिक झंडा बना हुआ है। हालांकि, वीडियो के सटीक लोकेशन और समय के बारे में विश्वास न्यूज पुष्टि नहीं करता है।

क्या है वायरल पोस्ट?

फेसबुक यूजर Ajay Armys ने 11 जनवरी को वीडियो को शेयर (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा है, “महाराष्ट्र, अजान क्यों बंद करवाया, इसके खिलाफ निकले हैं वोट मांगने, देखो हिंदुओं, भारत में रहने वाला हर मुसलमान, अपने आप को पाकिस्तानी मानता है, इसलिए इन्होंने अपनी गलियों में, पाकिस्तानी झंडे लगा रखे हैं।

पड़ताल

वायरल दावे की जांच के लिए हमने सबसे पहले वीडियो के कीफ्रेम को गूगल लेंस से सर्च किया। महाराष्ट्र के कैबिनेट मंत्री नीतेश राणे ने इस वीडियो को 13 जनवरी को ‘वोट जिहाद’ के मैसेज के साथ पोस्ट किया है। हालांकि, इसमें न तो पाकिस्तानी झंडों का कोई जिक्र है और न ही वीडियो के बारे में कोई जानकारी दी गई है।

इस पोस्ट के आधार पर लोकमत हिंदी और फ्री प्रेस जनरल में खबर प्रकाशित की गई है। हालांकि, इनमें भी वायरल वीडियो के बारे में कोई सटीक जानकारी नहीं मिली।

हमने वायरल वीडियो को ध्यान से देखा तो इसमें एक जगह खड़ी स्कूटी पर MH रजिस्टर्ड नंबर दिखा, जो महाराष्ट्र का रजिस्ट्रेशन नंबर है।

इसके बाद हमने वीडियो में दिख रही हरी झंडियों को देखा, लेकिन ये पाकिस्तान के झंडों से अलग हैं। पाकिस्तानी झंडे के बाएं साइड में एक सफेद पट्टी होती है और फिर हरे रंग की बड़ी पट्टी होती है, जबकि वीडियो में दिख रही झंडियों में केवल चांद और तारा है।

कोलाज में दोनों में अंतर को देखा जा सकता है।

हालांकि, पड़ताल में हमें वायरल वीडियो के बारे में कोई अन्य जानकारी नहीं मिली, जिस कारण हम इसकी सटीक लोकेशन या समय के बारे में कोई पुष्टि नहीं करते हैं।  

इस बारे में हमने महाराष्ट्र जर्नलिस्ट वरुण सिंह से संपर्क कर उनको वायरल वीडियो भेजा। उन्होंने कहा कि ये महाराष्ट्र का बताया जा रहा है लेकिन कोई कन्फर्म नहीं है। हालांकि, इसमें पाकिस्तान के झंडे नहीं दिख रहे हैं।

दैनिक जागरण की वेबसाइट पर 16 जनवरी को छपी रिपोर्ट के अनुसार, महाराष्ट्र की 29 नगर निगमों में वोटों की गिनती जारी है। 2017 के बाद यहां चुनाव हुआ है। इसमें बीजेपी गठबंधन को बढ़त मिलती दिख रही है। कुल 893 वार्डों की 2,869 सीटों के लिए वोटों की गिनती जारी है।

वीडियो को गलत दावे से शेयर करने वाले यूजर एक विचारधारा से प्रभावित हैं।

निष्कर्ष: महाराष्ट्र में नगर निकाय चुनाव के दौरान वायरल हो रहे वीडियो में पाकिस्तान के झंडे वाली झंडियां नहीं हैं। वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।    

  • Claim Review : महाराष्ट्र में निकाय चुनाव के दौरान गली में पाकिस्तान के झंडे लगाए गए।
  • Claimed By : FB User- Ajay Armys
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later