Fact Check: J&K के उप-मुख्यमंत्री ने नहीं दिया पीएम मोदी के खिलाफ बयान, पाकिस्तान से शेयर किया गया डीपफेक वीडियो
विश्वास न्यूज की पड़ताल में जम्मू-कश्मीर के उप-मुख्यमंत्री सुरिंदर कुमार चौधरी का वायरल वीडियो डीपफेक साबित हुआ। वीडियो के आधे हिस्से में एआई की मदद से अलग से आवाज जोड़कर वायरल क्लिप तैयार की गई है।
- By: Ashish Maharishi
- Published: Jan 22, 2026 at 05:26 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। जम्मू-कश्मीर के उप-मुख्यमंत्री सुरिंदर कुमार चौधरी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ बोलते हुए दिखाया गया है। उप-मुख्यमंत्री सुरेंद्र कुमार चौधरी को कथितरूप से यह बोलते हुए दिखाया गया कि नरेंद्र मोदी पाकिस्तान के एजेंट हैं। इस वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करके झूठ फैलाया जा रहा है।
विश्वास न्यूज की पड़ताल में वायरल वीडियो फर्जी साबित हुआ। यह एक डीपफेक वीडियो है। इसे पाकिस्तान के कई यूजर्स ने वायरल किया है। गौरतलब है कि जम्मू-कश्मीर में नेशनल कॉन्फ्रेंस और कांग्रेस गठबंधन की सरकार है। उमर अब्दुल्ला मुख्यमंत्री हैं।
क्या हो रहा है वायरल
इंस्टाग्राम हैंडल vibrantpakistan18 ने 20 जनवरी 2026 को एक वीडियो को पोस्ट करते अंग्रेजी में लिखा, “Deputy CM IIOJK Surinder Kumar, Prime Minister Modi is an agent of ISI who is adamant upon making the people of Kashmir rebel from India, even those Kashmiris who supported India in the past are now sick & tired Modi’s policies and want to join Pakistan.”
वीडियो में जम्मू-कश्मीर के उप मुख्यमंत्री को पीएम नरेंद्र मोदी को पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई का एजेंट बोलते हुए दिखाया गया है।
वायरल पोस्ट के कंटेंट का यहां ज्यों का त्यों लिखा गया है। पोस्ट के साथ लिखी गई तस्वीर को सच मानकर कई यूजर्स शेयर कर रहे हैं। वायरल पोस्ट का आर्काइव वर्जन यहां देखा जा सकता है।
पड़ताल
विश्वास न्यूज ने सबसे पहले जम्मू-कश्मीर के उप-मुख्यमंत्री सुरिंदर कुमार चौधरी के वायरल वीडियो को ध्यान से सुना। इस वीडियो में 30 सेकंड के ठीक बाद उप-मुख्यमंत्री की आवाज में थोड़ा-सा बदलाव आ जाता है। वीडियो के ऊपर हमें एएनआई न्यूज एजेंसी का लोगो भी नजर आया।
जांच के लिए सबसे पहले हमने वीडियो को एएनआई के एक्स हैंडल पर सर्च किया । एडवांस सर्च के माध्यम से असली वीडियो हमें 20 जनवरी 2026 को अपलोड मिला। पांच मिनट से ज्यादा के इस वीडियो में कहीं भी उप-मुख्यमंत्री सुरिंदर कुमार चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जिक्र नहीं किया।
विश्वास न्यूज ने पूरे वीडियो को ध्यान से सुना। इसमें 4 मिनट की टाइम लाइन के बाद उप मुख्यमंत्री को एक पत्रकार के सवाल का जवाब देते हुए यह बोलते हुए सुना जा सकता है, “जम्मू कश्मीर को चाहे किसी भी रूप में जो भी भी तोड़ने की कोशिश करेगा, चाहे वह स्टेट से अलग से स्टेट बनाने की बात करेगा, चाहे वह जम्मू-कश्मीर को अलग डिवीजन लेवल पर तोड़ने की बात करेगा। ये वो आदमी है, वो डिमांड कर रहे हैं। जो जिन्ना की टू नेशन थ्योरी की बात करने की बात कर रहे हैं। ये वो लोग बात कर रहे हैं, जो डिक्सन थ्योरी पर चल रहे हैं, ये वो लोग बात कर रहे हैं, जो पाकिस्तान और आईएसआई ने जो 77 साल हो गए, कबिलाइयों से लेकर आज तक हमेशा जम्मू-कश्मीर को तोड़ने की बात पाकिस्तान ने कही है। ये लोग देशभक्त नहीं है। ये लेाग हिंदुस्तानी नहीं, मैं नहीं कह सकता। हिंदुस्तानी वही होगा, जो जम्मू-कश्मीर को मजबूती की बात करेगा। जो हिंदुस्तान को मजबूत करने की बात करेगा।”
वायरल वीडियो के कई ग्रैब्स निकाल कर सर्च करने पर हमें पूरा वीडियो जेके अपडेट नाम के एक यूट्यूब चैनल पर भी मिला। इसमें भी पीएम मोदी को लेकर कोई आपत्तिजनक बात नहीं कही गई थी। इस वीडियो को 20 जनवरी 2026 को अपलोड किया गया था।
हमारी अब तक की जांच से यह स्पष्ट हो गया कि वायरल वीडियो में 30 सेकंड के बाद आवाज बदली गई। इसमें एआई टूल की मदद से पीएम मोदी वाली लाइन का जिक्र किया गया है, जबकि असली वीडियो में कहीं भी पीएम मोदी का जिक्र नहीं है।
हमने वीडियो में इस्तेमाल ऑडियो को एडवांस्ड ऑडियो डीपफेक डिटेक्शन इंजन वाली स्विस डीप-टेक कंपनी, Aurigin.ai की मदद से चेक किया। टूल ने ऑडियो के AI द्वारा निर्मित होने की 75 प्रतिशत संभावना जताई।

एक और ऑडियो डीपफेक डिटेक्शन टूल ट्रुथ स्कैन ने भी वॉइसओवर के एआई निर्मित होने की संभावना जताई।

विश्वास न्यूज ने पड़ताल के अगले चरण में जम्मू-कश्मीर से प्रकाशित दैनिक जागरण के वरिष्ठ संवाददाता राहुल शर्मा से संपर्क किया। उनके साथ वायरल वीडियो को शेयर किया। उन्होंने बताया कि वायरल वीडियो का आधा हिस्सा तो सही है, लेकिन वीडियो में पीएम मोदी के जिक्र वाला हिस्सा फर्जी है। डिप्टी सीएम ने ऐसा कुछ नहीं बोला था, जैसा कि वीडियो में दिखाया गया है।
विश्वास न्यूज ने पड़ताल के अंत में विस्तार से डीपफेक वीडियो पोस्ट करने वाले यूजर की जांच की गई। पता चला कि इस अकाउंट को पाकिस्तान से संचालित किया जाता है। इसे तीन हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं। यह हैंडल नवंबर 2022 को पहली बार अस्तिव में आया था।

गौरतलब है कि पिछले साल के अंतिम महीने में भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का 32 सेकंड का एक डीपफेक पाकिस्तानी यूजर्स की तरफ से वायरल किया गया था। वीडियो में राजनाथ सिंह को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर निशाना साधते हुए दिखाया गया था। वीडियो की पड़ताल को यहां देखा जा सकता है।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज की पड़ताल में जम्मू-कश्मीर के उप-मुख्यमंत्री सुरिंदर कुमार चौधरी का वायरल वीडियो डीपफेक साबित हुआ। वीडियो के आधे हिस्से में एआई की मदद से अलग से आवाज जोड़कर वायरल क्लिप तैयार की गई है। उप-मुख्यमंत्री ने पीएम मोदी के खिलाफ ऐसा कोई बयान नहीं दिया है, जैसा कि वायरल वीडियो में दिखाया गया है।
- Claim Review : जम्मू-कश्मीर के उप-मुख्यमंत्री ने दिया पीएम मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक बयान
- Claimed By : IG user vibrantpakistan18
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












