X
X

Fact Check: LPG संकट के दौरान फ्री सिलिंडर के लिए आवेदन की बात कहते पीएम मोदी का वीडियो एडिटेड

फ्री गैस सिलिंडर को लेकर किया जा रहा वायरल दावा गलत है। पीएम मोदी के एक वायरल वीडियो के साथ छेड़छाड़ की गई है और अब उसे गलत दावे के साथ वायरल किया जा रहा है।

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। पीएम नरेंद्र मोदी के एक वीडियो को सोशल मीडिया पर शेयर कर दावा किया जा रहा है कि सरकार फ्री में गैस सिलिंडर दे रही है। जिसके पास आधार कार्ड है, वह इसके लिए आवेदन कर सकता है। वीडियो में आवेदन करने के लिए एक वेबसाइट बताई गई है, जहां जानकारी साझा कर आवेदन करने के लिए कहा जा रहा है। 

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। पीएम मोदी के एक वायरल वीडियो को साथ छेड़छाड़ करके अब उसे गलत दावे के साथ वायरल किया जा रहा है। असली वीडियो में वह केरल की जनता को संबोधित कर रहे हैं। साथ ही, वीडियो में बताई जा रही वेबसाइट का लिंक भी फर्जी है। 

क्या हो रहा है वायरल?

इंस्टाग्राम यूजर ‘shamim_3.0’ ने 14 मार्च 2026 को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, “न्यू गैस सिलेंडर फ्री में मिल रहा है।” 

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल 

वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी कोई विश्वसनीय न्यूज रिपोर्ट नहीं मिली। हमने ‘माई स्कीम‘ और ‘प्रेस सूचना ब्यूरोकी आधिकारिक वेबसाइट को भी खंगाला, लेकिन हमें वहां भी इससे संबंधित कोई जानकारी या प्रेस नोट नहीं मिला। 

हमने पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए वीडियो में दिख रहे ‘udaanebike‘ नाम की वेबसाइट के बारे में सर्च किया और सेफ्टी टूल की मदद से इसे खंगाला। हमने पाया कि इस वेबसाइट पर बाइक, स्कूटी, फोन और लैपटॉप से जुड़े लेख प्रकाशित किए गए हैं। वेबसाइट पर पब्लिश की गई एक स्टोरी में प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के बारे में भी बताया गया है, लेकिन फ्री सिलिंडर मिलने जैसी किसी बात का जिक्र नहीं है। इसके यूआरएल पर गौर करने पर हमने पाया कि यह किसी सरकारी वेबसाइट का लिंक नहीं है। सरकारी वेबसाइट के आखिर में जीओवी डॉट इन (gov.in) होता है। इसके बाद यह साफ हो गया कि वायरल लिंक किसी सरकारी वेबसाइट का लिंक नहीं है।  

वायरल वीडियो में मौजूद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वीडियो के बारे में जानने के लिए हमने वीडियो के कई कीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें असली वीडियो ‘Bharatiya Janata Party’ के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर मिला। इस वीडियो को 11 मार्च 2026 को शेयर किया गया था। मौजूद जानकारी के मुताबिक, यह वीडियो केरल के एर्नाकुलम में हुई पीएम मोदी की एक जनसभा का है। एर्नाकुलम में पीएम ने कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया था।

पीएम मोदी की आधिकारिक वेबसाइट पर भी हमें इस जनसभा से जुड़ी अपडेट्स मिलीं। यहां भी फ्री गैस सिलिंडर देने को लेकर कोई जानकारी नहीं दी गई है। ऐसे में हमें वीडियो में मौजूद ऑडियो के साथ छेड़छाड़ किए जाने का संदेह हुआ।

जांच को आगे बढ़ाते हुए हमने ऑडियो डिटेक्शन टूल ‘Hiya’ का इस्तेमाल किया। इस पर ऑडियो के बारे में सर्च करने पर हमने पाया कि इसके साथ छेड़छाड़ की गई है। टूल ने ऑडियो के 53 फीसदी तक एआई-निर्मित होने की संभावना जताई।

अधिक जानकारी के लिए हमने साइबर एक्सपर्ट एवं ‘सेंटर फॉर रिसर्च ऑन साइबर क्राइम एंड साइबर लॉ’ के चेयरमैन अनुज अग्रवाल से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि ऐसे अनजान और असुरक्षित लिंक पर क्लिक करने से यूजर का डेटा चोरी हो सकता है। साथ ही, यूजर के डिवाइस को हैक या फिर क्लोन भी किया जा सकता है। इसके बाद यूजर को आर्थिक नुकसान पहुंचाया जा सकता है। ऐसे में अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचना चाहिए। 

अंत में हमने वीडियो को गलत जानकारी के साथ शेयर करने वाले इंस्टाग्राम यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को 45 हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि फ्री गैस सिलिंडर को लेकर किया जा रहा वायरल दावा गलत है। पीएम मोदी के एक वायरल वीडियो के साथ छेड़छाड़ की गई है और अब उसे गलत दावे के साथ वायरल किया जा रहा है।

  • Claim Review : पीएम मोदी ने की फ्री सिलिंडर देने की घोषणा।
  • Claimed By : Inst User Shamim_3.0
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later