X
X

Fact Check: इजरायली संसद में सांसद और पीएम नेतन्याहू पर हमले के दावे से जॉर्जिया व बुल्गारिया के पुराने वीडियो वायरल

इजरायल की संसद में सांसद और वहां के पीएम नेतन्याहू पर हमले के दावे से वायरल हो रहे वीडियो पुराने हैं और जॉर्जिया व बुल्गारिया के हैं। इनका इजरायल से कोई संबंध नहीं है।

Attack on MP in Israel Parliament and PM Benjamin Netanyahu Videos are from Georgia and Bulgaria with fake claims

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। पश्चिम एशिया में 28 फरवरी 2026 से अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच जारी जंग के बीच सोशल मीडिया पर इजरायल से जोड़कर दो वीडियो वायरल हो रहे हैं। इनमें एक वीडियो में सदन में माइक पर बोलते व्यक्ति पर दूसरे शख्स द्वारा हमला करते हुए देखा जा सकता है। कुछ यूजर्स इसे इजरायल की संसद (नेसेट) में हुए हमले का वीडियो बताकर शेयर कर रहे हैं।

वहीं, एक अन्य वीडियो को इजरायल के प्रधानमंत्री (पीएम) बेंजामिन नेतन्याहू पर हुए हमले का बताकर शेयर किया जा रहा है। इसमें भी माइक पर बोलते एक शख्स पर दूसरे व्यक्ति को हमला करते हुए देखा जा सकता है। इसे शेयर कर यूजर्स दावा कर रहे हैं कि सांसद ने इजरायल के पीएम नेतन्याहू पर हमला कर दिया।

विश्वास न्यूज की जांच में वायरल दावे गलत निकले। पहला वीडियो अप्रैल 2024 का है और जॉर्जिया का है, जहां संसद में विपक्ष के नेता ने एक सांसद को मुक्का मार दिया था। वहीं, दूसरा वीडियो जनवरी 2013 का बुल्गारिया का है, जहां एक नेता पर हमला हुआ था। दोनों वीडियो का इजरायल से कोई संबंध नहीं है।

क्या है वायरल पोस्ट?

इंस्टाग्राम यूजर ‘thenewjbharat’ ने 3 अप्रैल 2026 को वीडियो को शेयर (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा, “इसराइली संसद मैं हमला।“

इंस्टाग्राम यूजर ‘news92udp’ ने 6 अप्रैल 2026 को एक अन्य वीडियो को पोस्ट (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा, “इजरायली संसद में एक सांसद ने नेतन्याहू की जमकर पिटाई की।“

पड़ताल

वायरल दावों की जांच के लिए हमने दोनों वीडियो को एक-एक करके चेक किया।

पहला वीडियो

इजरायली संसद में हमले के दावे से वायरल वीडियो का कीफ्रेम निकालकर हमने उसे गूगल लेंस से सर्च किया। वीडियो हमें ‘AFP News Agency’ के यूट्यूब चैनल पर 15 अप्रैल 2024 को अपलोड मिला। यह वायरल क्लिप का लंबा वर्जन है। इसके अनुसार, ”जॉर्जिया की संसद में सरकार द्वारा एक विवादित बिल को फिर से पेश किए जाने को लेकर झड़पें शुरू हो गईं। संसद में विपक्ष के एक नेता ने सत्ताधारी पार्टी के सांसद को मुक्का मार दिया था। इस घटना के बाद वहां हाथापाई शुरू हो गई और वीडियो का लाइव प्रसारण रोक दिया गया था।”

बीबीसी की वेबसाइट पर भी 16 अप्रैल 2024 को अपलोड वीडियो न्यूज में इस खबर को देखा जा सकता है। इसमें भी वीडियो को जॉर्जिया का बताया गया है।

हमने वायरल दावे के बारे में गूगल पर कीवर्ड से सर्च किया, लेकिन ऐसी कोई रिपोर्ट नहीं मिली।

इस वायरल वीडियो को शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। नवंबर 2025 में बने इस इंस्‍टाग्राम अकाउंट के करीब 17 हजार फॉलोअर्स हैं।

दूसरा वीडियो

इजरायली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू पर हमले के दावे से शेयर किया जा रहा वीडियो पहले भी वायरल हो चुका है। उस समय विश्वास न्यूज की पड़ताल में वायरल दावा बुल्गारिया का निकला था।

‘On Demand News’ यूट्यूब चैनल पर 19 जनवरी 2013 को अपलोड वीडियो न्यूज में वायरल क्लिप को देखा जा सकता है। इसके अनुसार, एक व्यक्ति ने बुल्गारिया के नेता अहमद डोगन पर बंदूक तान दी थी, जिसके बाद सुरक्षा गार्डों ने उसे पीटा था।

हमने वायरल दावे के बारे में गूगल पर कीवर्ड से सर्च किया, लेकिन इसकी पुष्टि करने वाली कोई रिपोर्ट नहीं मिली।

इन दोनों वायरल वीडियो के बारे में हमने इजरायल के फैक्ट चेकर यूरिया बार मेर से संपर्क किया। उन्होंने कहा, “मेरी जानकारी के अनुसार, नेसेट में इस तरह की कोई लड़ाई नहीं हुई थी।” पीएम नेतन्याहू पर हमले के दावे के बारे में उन्होंने कहा, “मुझे ऐसा कुछ भी याद नहीं है कि किसी सांसद ने पीएम पर शब्दों के अलावा किसी और चीज से हमला किया हो।“

क्या है संदर्भ?

‘द जेरुसलम पोस्ट’ में 4 अप्रैल 2026 को छपी रिपोर्ट के अनुसार, “3 अप्रैल की शाम को पूरे इजरायल में युद्ध-विरोधी प्रदर्शन हुए। सार्वजनिक सभाओं पर युद्ध के समय की कड़ी पाबंदियों के बावजूद, प्रदर्शनकारी तेल अवीव, हाइफा, यरुशलम और कफर साबा में जमा हुए।”

अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच चल रहे युद्ध से संबंधित अन्य फैक्ट चेक रिपोर्ट पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें।

निष्कर्ष: इजरायल की संसद में सांसद और वहां के पीएम नेतन्याहू पर हमले के दावे से वायरल हो रहे वीडियो पुराने हैं और जॉर्जिया व बुल्गारिया के हैं। इनका इजरायल से कोई संबंध नहीं है।

  • Claim Review : इजरायल की संसद (नेसेट) में सांसद पर हुआ हमला।
  • Claimed By : Instagram User- thenewjbharat
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later