X
X

Fact Check: झाड़ग्राम में PM मोदी को झालमुड़ी बेचने वाला व्यक्ति SPG का जवान नहीं, वायरल दावा FAKE और चुनावी दुष्प्रचार है

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने झाड़ग्राम में चुनाव प्रचार के दौरान दुकान पर झालमुड़ी खाई थी। हालांकि, उस दुकानदार के एसपीजी जवान होने का दावा गलत और चुनावी दुष्प्रचार है। वायरल इन्फोग्राफिक में नजर आ रहे दोनों व्यक्ति अलग-अलग हैं।

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम में विधानसभा चुनाव 2026 के प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सड़क किनारे एक झालमुड़ी वाले के पास झालमुड़ी खाने पहुंचे थे। इसी संदर्भ में सोशल मीडिया यूजर्स दो तस्वीरों का एक कोलाज शेयर कर दावा कर रहे हैं कि जिस दुकानदार ने पीएम को झालमुड़ी बनाकर खिलाया, वह वास्तव में कोई दुकानदार नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री की सुरक्षा में तैनात रहने वाले स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप (एसपीजी) का ही एक जवान था।

विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में इस दावे को गलत पाया। चुनावी दुष्प्रचार की मंशा से इसे शेयर किया जा रहा है। झालमुड़ी बेचने वाला दुकानदार और एसपीजी का जवान, दो अलग-अलग व्यक्ति हैं। अलग-अलग एजेंसियों ने झालमुड़ी बेचने वाले दुकानदार का इंटरव्यू किया था और इनकी विजुअल एनालिसिस यह बताती है कि वायरल कोलाज में दो अलग-अलग व्यक्ति हैं। साथ ही, वायरल इन्फोग्राफिक में नजर आ रहे दोनों व्यक्तियों की टेक्निकल फेशियल एनालिसिस भी दोनों के भिन्न होने की पुष्टि करती है।

क्या है वायरल?

सोशल मीडिया यूजर ‘@Jeetuburdak’ ने 21 अप्रैल 2026 को एक्स पर वायरल तस्वीर (आर्काइव लिंक) शेयर करते हुए लिखा, “यहां भी घोटाला! झालमुरी वाला तो SPG कमांडो निकला।”

https://twitter.com/Jeetuburdak/status/2046612977617637711

कई अन्य यूजर्स ने इस तस्वीर को समान दावे के साथ शेयर किया है।

पड़ताल

जांच की शुरुआत करते हुए हमने वायरल इन्फोग्राफिक में इस्तेमाल की गई दोनों तस्वीरों को ध्यान से देखा और पाया कि इसमें नजर आ रहे दोनों व्यक्ति एक समान नहीं हैं। एसपीजी की वर्दी में नजर आ रहे व्यक्ति की तस्वीर को हमने सर्च किया। इस सर्च के लिए हमने अलग-अलग रिवर्स इमेज टूल्स की मदद ली, जो यह बताते हैं कि किसी भी चेहरे की फोटो सबसे पहले इंटरनेट पर कब और कहां पोस्ट की गई थी।  इस सर्च में हमें इस तस्वीर के ऑरिजिन के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली। अगर यह तस्वीर झालमुड़ी बेचने वाले दुकानदार की होती तो इसका ऑरिजिनल सोर्स मिल जाता, क्योंकि इस खबर को कई न्यूज और वीडियो रिपोर्ट्स में कवर किया गया है।

दुकानदार की तस्वीर को रिवर्स इमेज सर्च करने पर हमें कई रिपोर्ट्स मिलीं, जिनमें इस तस्वीर का इस्तेमाल किया गया है। ‘न्यूज 24ऑनलाइन’ की रिपोर्ट के मुताबिक, झाड़ग्राम में चुनाव प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री एक दुकान पर रुके और वहां की झालमुड़ी का आनंद लिया।

न्यूज एजेंसी ‘एएनआई’ और ‘एनडीटीवी’ ने भी अपने आधिकारिक हैंडल्स से इसे शेयर किया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आधिकारिक हैंडल से भी कुछ तस्वीरों को शेयर किया गया है। इनमें वह दुकानदार और वहां मौजूद कुछ अन्य लोगों के साथ पीएम भी नजर आ रहे हैं।

हमें न्यूज एजेंसी ‘एएनआई’ और ‘एनडीटीवी’ के वीडियो मिले, जिनमें दुकानदार ने अपना नाम और अपनी पारिवारिक पृष्ठभूमि समेत पीएम के दुकान पर आने के अनुभव के बारे में बताया है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, झालमुड़ी बेचने वाले व्यक्ति का नाम विक्रम साह है, जो बिहार के रहने वाले हैं। वह 9वीं तक पढ़े हैं और उन्होंने बताया, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अचानक आगमन की जानकारी मुझे नहीं थी।” इन सभी रिपोर्ट्स में नजर आ रहे विक्रम साह की तस्वीरों की विजुअल एनालिसिस यह साफ कर देती है कि वे और इन्फोग्राफिक में एसपीजी की वर्दी में नजर आ रहा व्यक्ति, दो अलग-अलग व्यक्तित्व हैं।

इसके बाद हमने टेक्निकल एनालिसिस की मदद ली, जिसमें दो चेहरों के बीच की समानता को टूल की मदद से चेक किया गया। ‘फेसपेयर.कॉम’ की एनालिसिस भी वायरल कोलाज में अलग-अलग व्यक्तियों के होने की पुष्टि करती है।

इसके बाद हमने झालमुड़ी दुकानदार की तस्वीर के दो अलग-अलग फ्रेम को भी कंपेयर किया और टूल ने इसके समान होने की पुष्टि की।

वायरल दावे की पुष्टि के लिए हमने उस दुकानदार का इंटरव्यू करने वाले एक पत्रकार से संपर्क किया। उन्होंने पुष्टि करते हुए बताया कि दुकानदार विक्रम साह झालमुड़ी की दुकान चलाते हैं और उनके एसपीजी का जवान होने का दावा गलत है।

उन्होंने इसके बारे में अतिरिक्त जानकारी देते हुए बताया, “प्रधानमंत्री झाड़ग्राम में एक रैली को संबोधित करने गए थे और लौटते वक्त करीब 3:30 – 4:00 के बीच वे दुकान पर गए थे। यह दुकान रैली स्थल और हेलीपैड के बीच मौजूद है।यह भी सही है कि पीएम के दुकान पर आने से पहले एसपीजी के जवानों ने वहां मौजूद कुछ दुकानदारों से सामान्य बातचीत की थी।”

क्या है संदर्भ?

बंगाल में 23 और 29 अप्रैल 2026 को दो चरणों में मतदान होगा और वोटों की गिनती चार मई 2026 को होगी। गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल समेत कुल चार राज्यों और एक  केन्‍द्र शासित प्रदेश में विधानसभा चुनाव हो रहे हैं, जिनमें तमिलनाडु, केरलम, असम और पुडुचेरी शामिल हैं।

असम, केरलम और पुडुचेरी में 9 अप्रैल 2026 को विधानसभा चुनाव के लिए मतदान हो चुका है। आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, असम में 85.38%, केरलम में 78.03% और पुडुचेरी में 89.83% मतदान हुआ।

https://twitter.com/ECISVEEP/status/2033141488415293785

वायरल तस्वीर को शेयर करने वाले यूजर को एक्स पर करीब डेढ़ लाख लोग फॉलो करते हैं। विधानसभा चुनाव से संबंधित अन्य वायरल दावों की फैक्ट चेक रिपोर्ट्स को यहां पढ़ा जा सकता है।

निष्कर्ष: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने झाड़ग्राम में चुनाव प्रचार के दौरान दुकान पर झालमुड़ी खाई थी। हालांकि, उस दुकानदार के एसपीजी जवान होने का दावा गलत और चुनावी दुष्प्रचार है। वायरल इन्फोग्राफिक में नजर आ रहे दोनों व्यक्ति अलग-अलग हैं।

  • Claim Review : झाड़ग्राम में पीएम मोदी को झालमुड़ी बेचने वाला SPG का जवान निकला।
  • Claimed By : X User-@Jeetuburdak
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later