X
X

Fact Check: CJP के प्रदर्शन से संबंधित नहीं है बैरिकेडिंग हटाते निहंगों के जत्थे का यह वीडियो  

उत्तराखंड में विवाद के बाद जून 2026 में देहरादून में घुसने के लिए निहंगों के जत्थे की स्‍थानीय पुलिस से झड़प हुई थी। उस घटना के वीडियो को सीजेपी के प्रदर्शन से जोड़कर शेयर किया जा रहा है। 

Viral Protest Video, CJP Protest News, Nihang Sikhs Viral Video, CJP Protest Video, Nihang Barricade Video

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। दिल्ली के जंतर मंतर पर चल रहे ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (सीजेपी) के प्रदर्शन के तहत 20 जुलाई 2026 को ‘संसद मार्च’ का एलान किया था। इसे देखते हुए जंतर मंतर पर रात से ही लोगों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। इससे जोड़कर सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें पुलिसकर्मियों और कुछ निहंगों के बीच नोकझोंक हो रही है। इसे शेयर कर कुछ यूजर्स दावा कर रहे हैं कि निहंगों का जत्था सीजेपी के प्रदर्शन में शामिल होने के लिए निकला है।

विश्वास न्यूज ने इसकी जांच की तो पता चला कि वायरल वीडियो उत्तराखंड हिमाचल बॉर्डर का है और जून 2026 का है। उस समय उत्तराखंड में निहंगों और पुलिस के बीच हुए टकराव के बाद यह जत्था उत्तराखंड पहुंचा था। इसका सीजेपी के प्रदर्शन से कोई संबंध नहीं है।

क्या है वायरल पोस्ट?

इंस्टाग्राम यूजर ‘ramcharan1579’ ने 19 जुलाई 2026 को एक वीडियो पोस्ट (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा, उत्तराखंड, अब सिख निकल चुके है।। जंतर मंतर के लिए।। चिड़ियों से मैं बाज लड़ाऊं, गीदड़ो को मै शेर बनाऊ सवा लाख से एक लड़ाऊं, तभी गोविंद सिंह नाम कहाउ।। अब मुकाबला देखने लायक होगा।।

पड़ताल

वायरल दावे की जांच के लिए हमने वीडियो का कीफ्रेम निकालकर उसे गूगल लेंस से सर्च किया, तो हमें पता चला कि एक इंस्टाग्राम यूजर ‘patiala.helpclub’ ने 25 जून 2026 को एक वीडियो पोस्ट किया था। इस पोस्ट में दी गई जानकारी के अनुसार, “निहंग सिखों ने देहरादून-पांवटा साहिब हाईवे जाम कर दिया, पुलिस से भिड़ंत हुई, बैरिकेड्स तोड़े और ट्रैफिक रोक दिया। हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं।”

वायरल वीडियो और इस इंस्टाग्राम यूजर के वीडियो में दिख रहा व्यक्ति एक ही है।

‘आजतक’ के यूट्यूब चैनल पर 26 जून 2026 को अपलोड किए गए वीडियो न्यूज में इस घटना की क्लिप को देखा जा सकता है। इसके अनुसार, कर्णप्रयाग और नगरासू में विवाद के बाद निहंगों के जत्थे को देहरादून जाते हुए उत्तराखंड-हिमाचल बॉर्डर पर रोका गया। वहां पुलिस और निहंगों में टकराव देखने को मिला। इससे पहले कर्णप्रयाग में हेमकुंड यात्रा के दौरान पार्किंग को लेकर विवाद हुआ था और फिर निहंगों व स्थानीय लोगों में हिंसक झड़प हुई थी। इस मामले में पुलिस ने चार निहंगों को गिरफ्तार किया था। नगरासू में गुरुद्वारा प्रबंधन को लेकर विवाद हुआ था।

‘दैनिक जागरण’ की वेबसाइट पर 25 जून 2026 को छपी एक रिपोर्ट के अनुसार, ”कर्णप्रयाग और नगरासू विवाद के बाद पंजाब से आए निहंगों को पुलिस प्रशासन ने हिमाचल बॉर्डर (कुल्हाल) पर रोकने की कोशिश की। देर रात निहंगों का जत्था बल्लूपुर-दून-पांवटा फोरलेन मार्ग पर पुलिस के बैरिकेड्स को तोड़ते हुए देहरादून की सीमा में प्रवेश कर गया ।”

इस बारे में हमने देहरादून में दैनिक जागरण के वरिष्ठ संवाददाता अश्वनी कुमार त्रिपाठी से संपर्क किया। उन्होंने वीडियो को कुल्हाल का बताते हुए कहा कि यह जून 2026 का मामला है और यहां के कर्णप्रयाग मामले से संबंधित है।

क्या है संदर्भ?

नीट और अन्य परीक्षाओं में धांधली के आरोप को लेकर सीजेपी का जंतर मंतर पर 20 जून 2026 से प्रदर्शन चल रहा है। इसके तहत 20 जुलाई को ‘संसद मार्च’ का एलान किया गया था। ‘बीबीसी’ की वेबसाइट पर 20 जुलाई को छपी एक रिपोर्ट के अनुसार, सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके और सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि जे अंगमो ने संसद की ओर मार्च करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक लिया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को काबू में करने के लिए आंसू गैस का इस्तेमाल किया। वहीं, सीजेपी के प्रवक्ता सौरव दास ने कहा है कि उनकी केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात हुई है।

‘सौरव दास’ ने 20 जुलाई को जेपी नड्डा के साथ मुलाकात की तस्वीर पोस्ट करते हुए लिखा, “हमने अपनी मांगें बता दी हैं, जिनमें धर्मेंद्र प्रधान का तुरंत इस्तीफा या उन्हें पद से हटाना शामिल है। उन्होंने हमें भरोसा दिलाया है कि वे इस मामले पर सही स्तर पर बातचीत करेंगे। हालांकि, अभी तक कोई पक्का वादा नहीं किया गया है। जब तक हमारी मांग पूरी नहीं हो जाती, तब तक शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारी चैन से नहीं बैठेंगे।”

https://twitter.com/SauravDassss/status/2079155844982432196

इस बारे में अनशन को कवर करने वाले दैनिक जागरण के रिपोर्टर निमेश हेमंत का कहना है कि दिल्ली में सुबह ही प्रदर्शनकारी पहुंच गए थे। कई रास्तों पर अभी भी प्रदर्शनकारी जमा हैं।

यूट्यूब चैनल ‘Forum4 News’ पर 17 जुलाई 2026 को पोस्ट की गई एक रिपोर्ट और 27 जून 2026 को फेसबुक यूजर ‘The Janta Live Hindi‘ के अनुसार, जंतर मंतर पर प्रदर्शन के समर्थन में निहंग सिख भी पहुंचे थे।

वीडियो को गलत दावे के साथशेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। मई 2020 में बने इस इंस्टाग्राम अकाउंट के 9800 से अधिक फॉलोअर्स हैं।

निष्कर्ष: उत्तराखंड में विवाद के बाद जून 2026 में देहरादून में घुसने के लिए निहंगों के जत्थे की स्‍थानीय पुलिस से झड़प हुई थी। उस घटना के वीडियो को सीजेपी के प्रदर्शन से जोड़कर शेयर किया जा रहा है। 

‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के प्रदर्शन से जुड़ी अन्य फैक्ट चेक रिपोर्ट पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें।

  • Claim Review : निहंगों का जत्था सीजेपी के प्रदर्शन में शामिल होने के लिए निकला है।
  • Claimed By : Instagram User- ramcharan1579
  • Fact Check : भ्रामक

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later