Fact Check: तमिलनाडु के सीएम विजय का सोनम वांगचुक के समर्थन में दिल्ली पहुंचने का दावा गलत
तमिलनाडु के सीएम विजय अपने निर्वाचन क्षेत्र पेरंबूर गए थे। उस रोड शो के वीडियो को उनके जंतर मंतर पर चल रहे सीजेपी के आंदोलन में शामिल होने के झूठे दावे से वायरल किया जा रहा है।
- By: Sharad Prakash Asthana
- Published: Jul 16, 2026 at 04:13 PM
- Updated: Jul 16, 2026 at 06:05 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। दिल्ली के जंतर मंतर पर चल रहे ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (सीजेपी) के अनशन में सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक भूख हड़ताल पर हैं। उनका हालचाल लेने के लिए राजनीतिक और फिल्म जगत की हस्तियां पहुंच रही हैं। इससे जोड़कर सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एवं दक्षिण भारतीय अभिनेता सी. जोसेफ विजय को लोगों का अभिवादन करते हुए देखा जा सकता है। कुछ यूजर्स वीडियो को शेयर कर दावा कर रहे हैं कि विजय जंतर मंतर पर अनशन में सोनम वांगचुक के समर्थन में पहुंचे।
विश्वास न्यूज ने इसकी जांच की तो पता चला कि वायरल वीडियो तमिलनाडु के पेरंबूर का है, जो सीएम विजय का निर्वाचन क्षेत्र है। वहां पहुंचकर उन्होंने लोगों का अभिवादन किया था और उनसे बातचीत की थी। जंतर मंतर पर अनशन में विजय के पहुंचने का दावा गलत है।
क्या है वायरल पोस्ट?
फेसबुक यूजर ‘Mohd Raza’ ने 15 जुलाई 2026 को एक वीडियो शेयर (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा, “सोनम वांगचुक सर की हालत दिन-ब-दिन खराब होती देख मुझे लगने लगा है कि शायद लोगों के दिलों से इंसानियत धीरे-धीरे खत्म होती जा रही है। मेरा मानना है कि सरकार को कम से कम एक बार उनसे बैठकर बात तो करनी चाहिए। आज जंतर-मंतर पर CM विजय थलपति को देखकर मुझे उम्मीद की एक किरण दिखी। आप सब क्या सोचते हैं? क्या मैं सही सोच रहा हूँ?”

पड़ताल
वायरल दावे की जांच के लिए हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड से इस बारे में सर्च किया तो यूट्यूब चैनल ‘@ThalapathiThambi29’ पर 14 जुलाई 2026 को वायरल वीडियो को अपलोड किया गया था। यहां इसे पेरंबूर का बताया गया है।
‘Black Pepper News’ के यूट्यूब चैनल पर 13 जुलाई 2026 को पेरंबूर में विजय के रोड शो का एक वीडियो पोस्ट किया गया था।
इसमें और वायरल वीडियो क्लिप में समानताएं देखी जा सकती हैं।

‘CNBC-TV18’ के यूट्यूब चैनल ने इस रोड शो की वीडियो न्यूज को 13 जुलाई 2026 को पोस्ट किया था। इसके अनुसार, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने अपने निर्वाचन क्षेत्र पेरंबूर का दौरा किया, जहां उन्होंने विधायक कार्यालय का उद्घाटन भी किया।
क्या है संदर्भ?
दिल्ली के जंतर-मंतर पर पेपर लीक मामलों में जवाबदेही तय करने और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर आंदोलन हो रहा है। ‘जागरण डॉट कॉम’ की 12 जुलाई 2026 की एक रिपोर्ट के अनुसार, सीजेपी के बैनर तले 20 जून 2026 को धरना-प्रदर्शन शुरू हुआ था। 28 जून 2026 को सोनम वांगचुक इसमें शामिल हुए और उन्होंने अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू की।
15 जुलाई 2026 को जारी स्वास्थ्य बुलेटिन के अनुसार, भूख हड़ताल के 18वें दिन सोनम वांगचुक का वजन 8.9 किलोग्राम कम हो चुका था। उनका ब्लड प्रेशर 105/76 था।
सीजेपी के प्रवक्ता सौरव दास के एक्स हैंडल से 14 जुलाई 2026 को पोस्ट कर जानकारी दी गई कि ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ की तरफ से विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं को पत्र लिखकर उन्हें युवाओं और सोनम वांगचुक के समर्थन में जंतर मंतर पर आमंत्रित किया गया है। इनमें केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री एवं राज्यसभा में सदन के नेता जेपी नड्डा, लोकसभा में नेता विपक्ष एवं कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और तमिलनाडु के सीएम विजय के अलावा कई अन्य नेताओं के नाम भी शामिल हैं।
इस बारे में हमने ‘दैनिक जागरण’ की तरफ से जंतर मंतर पर अनशन कवर कर रहे रिपोर्टर नेमिश हेमंत से संपर्क किया। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु के सीएम विजय अभी तक जंतर मंतर पर चल रहे आंदोलन में शामिल नहीं हुए हैं।
इसके बाद वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। 19 मई 2016 से सक्रिय इस अकाउंट के करीब 35 हजार फॉलोअर्स हैं।
निष्कर्ष: तमिलनाडु के सीएम विजय अपने निर्वाचन क्षेत्र पेरंबूर गए थे। उस रोड शो के वीडियो को उनके जंतर मंतर पर चल रहे सीजेपी के आंदोलन में शामिल होने के झूठे दावे से वायरल किया जा रहा है।
- Claim Review : तमिलनाडु के सीएम विजय जंतर मंतर पर अनशन में सोनम वांगचुक के समर्थन में पहुंचे।
- Claimed By : FB User- Mohd Raza
- Fact Check : झूठ
- Video of YT Channel @ThalapathiThambi29, Dated 14 Jul 2026
- Video of YT Channel Black Pepper News9, Dated 13 Jul 2026
- Video of YT Channel CNBC-TV18, Dated 13 Jul 2026
- Report of Dainik Jagran, Dated 12 Jul 2026
- X Post of Cockroachisback, Dated 15 Jul 2026
- X Post of Saurav Dass, Dated 14 Jul 2026
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












