Fact Check: सपा के वरिष्ठ नेता शिवपाल सिंह यादव का सात साल पुराना अब झूठे दावे के साथ वायरल
सपा को चोरों और माफियाओं की पार्टी बताने वाला शिवपाल यादव का वायरल वीडियो पुराना है। साल 2019 में उन्होंने यह बयान दिया था, जब वह सपा का हिस्सा नहीं थे और उनकी एक अलग पार्टी थी। हालांकि, साल 2022 में अपनी पार्टी का विलय सपा में करके वह फिर समाजवादी पार्टी से जुड़ गए थे।
- By: Pragya Shukla
- Published: Sep 29, 2026 at 05:51 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 में होगा। जैसे-जैसे चुनाव की घड़ियां करीब आ रही हैं, नेताओं की बयानबाजी भी तेज हो रही है। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के प्रमुख ओमप्रकाश राजभर और राष्ट्रीय लोक दल (आरएलडी) ने समाजवादी पार्टी (सपा) के मुखिया अखिलेश यादव और उनके चाचा शिवपाल सिंह यादव के बीच अंदरूनी विवाद का दावा किया है। इसी बीच सोशल मीडिया पर जसवंतनगर विधानसभा के विधायक शिवपाल यादव का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में शिवपाल यादव को समाजवादी पार्टी के खिलाफ बोलते हुए सुना जा सकता है। वीडियो में वह सपा को ‘चोरों और माफियाओं’ की पार्टी कह रहे हैं। इस वीडियो को शेयर कर यूजर्स दावा कर रहे हैं कि शिवपाल यादव ने यह बयान हालिया विवाद के बाद दिया है।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि एक पुराने वीडियो को अब गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है। असल में यह वीडियो हाल-फिलहाल का नहीं, बल्कि सात साल पुराना है, जब शिवपाल यादव ने सपा का साथ छोड़कर अपनी खुद की पार्टी बनाई थी। उसी दौरान उन्होंने यह बयान दिया था। हालांकि, साल 2022 में अपनी पार्टी का विलय सपा में करके वह समाजवादी पार्टी से फिर जुड़ गए थे। सोशल मीडिया पर यह वीडियो पहले भी वायरल हो चुका है। उस दौरान भी हमने इसकी पड़ताल कर सच्चाई सामने रखी थी। पूरी रिपोर्ट को यहां पढ़ा जा सकता है।
क्या हो रहा है वायरल?
फेसबुक यूजर ‘Sachin Mishra’ ने 23 सितंबर 2026 को वायरल वीडियो शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, “क्या चाचा ने सच में भतीजे की पोल खोल दी है? देखिए इस वायरल बयान पर क्या चल रहा है सियासी गलियारों में। आपकी क्या राय है?”
वीडियो पर लिखा है, “चाचा ने भतीजे की सारी पोल खोल दी!” – योगी समर्थकों का दावा…चाचा ने खोल दी पोल !”सच जुबान पर आ ही जाता है!” शिवपाल का बड़ा बयान
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
पहले जब यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, उस दौरान हमने गूगल पर कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया था। हमें वायरल वीडियो का लंबा वर्जन ‘दैनिक जागरण’ के आधिकारिक फेसबुक पेज पर मिला था। वीडियो को 27 अप्रैल 2019 को शेयर किया गया था। यहां मौजूद जानकारी के मुताबिक, लोकसभा चुनाव 2019 में शिवपाल यादव ने समाजवादी पार्टी से अलग होकर अपनी खुद की पार्टी बनाई थी। इसी बीच उन्होंने सपा के खिलाफ बयान देते हुए कहा था, “यह चोरों और माफियाओं की पार्टी है।”

‘आजतक’ की वेबसाइट पर 13 अक्टूबर 2022 को प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार, साल 2017 में अखिलेश यादव और शिवपाल के रिश्ते बिगड़ गए थे। मुलायम सिंह यादव ने दोनों के बीच सुलह करवाने की काफी कोशिश की थी। हालांकि, उनकी कोशिश नाकाम साबित हुई थी और शिवपाल ने साल 2018 में सपा का साथ छोड़ दिया था। उन्होंने ‘प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया)’ बनाई थी।

समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद अखिलेश यादव और शिवपाल यादव के रिश्ते फिर सुधरने लगे थे। शिवपाल यादव ने दिसंबर 2022 में अपनी पार्टी का विलय समाजवादी पार्टी में कर दिया था और 2024 का लोकसभा चुनाव अखिलेश यादव के साथ लड़ा था। पूरी रिपोर्ट को यहां, यहां और यहां पढ़ा जा सकता है।

सोशल मीडिया पर पहले जब यह दावा वायरल हुआ था तब हमने सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता मनोज राय धूपचंडी से संपर्क किया था। वायरल वीडियो को लेकर उन्होंने हमें बताया था कि वायरल बयान पुराना है।
क्या है संदर्भ?
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने अगस्त 2026 में राष्ट्रीय लोक दल अध्यक्ष जयंत चौधरी का नाम लिए बिना कहा था, “जाने कहां-कहां से आ गए थे गठबंधन वाले।” इसके बाद दोनों दलों के बीच विवाद गहरा गया था। इस विवाद के बाद जयंत चौधरी अपनी रैलियों में अखिलेश यादव पर तंज कसते नजर आए थे। अब इसी मुद्दे को लेकर आरएलडी नेता रोहित अग्रवाल का कहना है कि शिवपाल यादव और धर्मेंद्र यादव बिना अखिलेश यादव की परमिशन के सपा कार्यालय में नहीं जा सकते हैं। दोनों के बीच कुछ भी सही नहीं चल रहा है।
दूसरी ओर, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष और यूपी सरकार में कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कहा है, “अखिलेश जी! सुना है आपके समाजवादी पार्टी दफ्तर में चच्चू शिवपाल यादव और भाई धर्मेंद्र यादव को घुसने के लिए आपकी परमिशन चाहिए। आप हरी झंडी देंगे, तभी एंट्री मिलेगी! ना किया तो बेआबरू होकर वापसी करनी होगी।” पूरी रिपोर्ट को यहां, यहां और यहां पढ़ा जा सकता है।
अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले फेसबुक यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को एक हजार से अधिक लोग फॉलो करते हैं। यूजर ने प्रोफाइल में खुद को यूपी का रहने वाला बताया है। यूजर 6 सितंबर 2026 से फेसबुक पर सक्रिय है।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज की जांच में पता चला कि सपा को चोरों और माफियाओं की पार्टी बताने वाला शिवपाल यादव का वायरल वीडियो पुराना है। साल 2019 में उन्होंने यह बयान दिया था, जब वह सपा का हिस्सा नहीं थे और उनकी एक अलग पार्टी थी। हालांकि, साल 2022 में अपनी पार्टी का विलय सपा में करके वह फिर समाजवादी पार्टी से जुड़ गए थे।
- Claim Review : शिवपाल सिंह यादव ने सपा को चोरों और माफियाओं की पार्टी बताया।
- Claimed By : FB User Sachin Mishra
- Fact Check : भ्रामक
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












