X
X

Fact Check: दिल्ली के रोहिणी में पुलिस और लोगों की झड़प के वीडियो को जंतर-मंतर के प्रदर्शन का बताकर किया जा रहा वायरल

जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन के नाम पर वायरल वीडियो असल में अगस्त 2026 में दिल्ली के रोहिणी में हुई एक घटना के बाद का है।

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। भारतीय चुनाव आयोग पर ‘स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन’ (SIR) प्रक्रिया को सही तरीके से लागू नहीं करने के आरोप लगे हैं। इसके खिलाफ देशभर में प्रोटेस्ट चल रहे हैं। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और सांसद राहुल गांधी सहित विपक्षी दलों के कई नेता दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे हैं और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। इसी से जोड़कर एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें एक महिला के बाल पकड़ते हुए कई पुलिसकर्मियों को देखा जा सकता है। दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो जंतर-मंतर पर हो रहे प्रदर्शन का है, जहां महिलाओं के साथ पुलिस मारपीट कर रही है।

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। वायरल वीडियो जंतर-मंतर पर हुए किसी प्रदर्शन का नहीं है। असल में यह वीडियो दिल्ली के रोहिणी में अगस्त 2026 में हुए एक हादसे से जुड़ा है। दरअसल, रोहिणी में एक शख्स की संदिग्ध हालत में मौत हो गई थी। इसके बाद युवक के परिचितों और पुलिसकर्मियों के बीच बहस और तनातनी हो गई थी। उसी घटना के वीडियो को अब गलत दावे के साथ वायरल किया जा रहा है।

क्या हो रहा है वायरल? 

एक्स यूजर ‘राष्ट्रवादी सनातनी HiNdU’ ने 6 अक्टूबर 2026 को वायरल वीडियो शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, “शाबास दिल्ली पुलिस! और मारो इन जाहिलो को… चुनाव वुनाव लड़ना है नहीं इन जाहिलो को, धूर्त मक्कारी, गद्दारी सीख ली और चले आए शहंशाह के खिलाफ प्रोटेस्ट करने.महिला पुलिस को चाहिए ऐसी पागल,बिगड़ैल आंदोलनकारियों से निपटने के लिए बाल छोटे रखे। साथ ही छोटे बेंत का प्रयोग अवश्य करे।” 

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल 

वायरल वीडियो की सच्चाई जानने के लिए हमने इसके कई कीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें वायरल वीडियो ‘Sansani Reporter’ नाम के एक फेसबुक अकाउंट पर मिला। इसे दिल्ली के रोहिणी में हुई एक घटना का बताकर 1 अगस्त 2026 को शेयर किया गया था।

पड़ताल के दौरान हमें दावे से जुड़ी रिपोर्ट ‘Delhi Uptodate News’ और ‘तेज़ तर्रार’ नाम के यूट्यूब चैनल्स पर मिलीं। इन रिपोर्ट्स को 1 अगस्त 2026 को अपलोड किया गया था। मौजूद जानकारी के मुताबिक, घटना रोहिणी के बुध बाजार की है, जहां गणेश नाम का एक युवक किराए के मकान में रहता था। वहीं उसका शव संदिग्ध हालात में मिला था। इसके बाद मृतक के गुस्साए परिचितों ने हंगामा करना शुरू कर दिया था और रोड भी जाम कर दिया था। परिजनों की पुलिस के साथ झड़प भी हो गई थी। मृतक के करीबियों ने मेहरुद्दीन नाम के शख्स पर पैसों के लिए विवाद करने और गणेश की हत्या के आरोप लगाए थे। साथ ही, मकान मालिक पर भी गंभीर आरोप लगाए गए थे।

विश्वास न्‍यूज ने ‘दैनिक जागरण’, नई दिल्ली के मुख्य अपराध संवाददाता राकेश कुमार सिंह से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वायरल वीडियो करीब दो महीने पहले हुई एक घटना का है। उस दौरान एक शख्स का शव संदिग्ध हालात में मिला था और उसके परिजनों ने तब काफी हंगामा किया था। 

क्या है संदर्भ? 

‘द इंडियन एक्सप्रेस’ ने ‘स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन’ (SIR) समेत कई मुद्दों पर प्रकाशित अपनी एक रिपोर्ट में चुनाव आयुक्तों के बीच मतभेदों और कार्यशैली में गड़बड़ी का दावा किया था। इसके बाद से ही देशभर में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन हो रहे हैं। दिल्ली में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की अगुवाई में विपक्षी दलों के नेता प्रदर्शन कर रहे हैं। 

‘आजतक’ की वेबसाइट पर 8 अक्टूबर 2026 को प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली में कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान पुलिसकर्मियों से कथित धक्का-मुक्की और उनके सरकारी काम में बाधा डालने के आरोप में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के खिलाफ FIR दर्ज की गई है।

दिल्ली के जंतर-मंतर के पास चल रहे विरोध-प्रदर्शन को लेकर एक तरफ जहां प्रदर्शनकारी और पत्रकार पुलिस पर बदसलूकी करने का आरोप लगा रहे हैं। वहीं दूसरी तरफ पुलिसकर्मियों के साथ कथित मारपीट का मामला भी सामने आया है। दिल्ली पुलिस अब पुलिसकर्मियों के साथ की जा रही मारपीट को लेकर बनाए गए कई वीडियो की जांच कर रही है। पूरी रिपोर्ट को यहां, यहां और यहां पर पढ़ा जा सकता है।

अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को करीब एक लाख लोग फॉलो करते हैं। यूजर मई 2022 से एक्स पर सक्रिय है।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन के नाम पर वायरल वीडियो असल में अगस्त 2026 में दिल्ली के रोहिणी में हुई एक घटना के बाद का है।

  • Claim Review : जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारियों के साथ पुलिस की झड़प का वीडियो।
  • Claimed By : X User-राष्ट्रवादी सनातनी HiNdU
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later