X
X

Fact Check: कठिन रास्तों पर चलती भारतीय सेना की गाड़ी का वीडियो AI निर्मित 

भारतीय सेना के नाम पर वायरल हो रहे कथित वाहन के वीडियो की विस्तार से जांच की।

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। भारतीय सेना के नाम पर एक वाहन का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में देखा जा सकता है कि एक हाई-टेक कार कीचड़, पहाड़ियों और कठिन रास्तों से काफी आसानी से निकल रही है। इसे असली मानकर कई यूजर्स दावा कर रहे हैं कि भारतीय सेना में इस आधुनिक वाहन को शामिल किया गया है। 

विश्वास न्यूज ने इस पोस्ट की विस्तार से जांच की। हमारी जांच में पता चला कि वायरल हो रहा वीड‍ियो एआई-निर्मित है।

क्या हो रहा है वायरल? 

फेसबुक यूजर ‘Shubham Agrahari’ ने 22 नवंबर 2026 को एक वीडियो शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, “भारतीय सेना का अद्भुत शौर्य और ताकत! कीचड़, ऊबड़-खाबड़ रास्ते और खड़ी चढ़ाई… मुश्किल से मुश्किल परिस्थितियों में भी भारतीय सेना का यह बख्तरबंद वाहन अपनी ताकत और क्षमता का शानदार प्रदर्शन कर रहा है। यही है हमारे जवानों का हौसला, साहस और देश की रक्षा के लिए हर चुनौती से लड़ने का जज्बा। भारतीय सेना पर गर्व है! जय हिंद! आप भी भारतीय सेना के सम्मान में एक जरूर लिखें।”

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल 

वायरल वीडियो की सच्चाई जानने के लिए हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें वायरल वाहन से जुड़ी कोई न्यूज रिपोर्ट नहीं मिली। फिर हमने वीडियो को गौर से देखा पर हमने पाया कि मैकेनिकल पैरों के जोड़ और पिस्टन अपना आकार बदलते हैं। वो कभी अजीब तरीके से जमीन के अंदर धंस जाते हैं, या कैमरा हिलने के साथ ही अजीब तरीके से गायब और प्रकट होते हैं। ऐसे में हमें वीडियो के एआई-निर्मित होने का संदेह हुआ।

जांच को आगे बढ़ाते हुए विश्वास न्यूज ने एआई डिटेक्शन टूल्स का सहारा लिया, क्योंकि आजकल एआई तकनीक के जरिए बड़ी संख्या में फेक कंटेंट वायरल किए जा रहे हैं। इस वायरल वीडियो की हमने सबसे पहले ‘deploy’ टूल से जांच की, जिसने 100 प्रतिशत संभावना जताई कि इसे एआई से बनाया गया है।

इसके बाद हमने दूसरे टूल ‘meta ai’ का इस्तेमाल किया। जब हमने वायरल वीड‍ियो को इस टूल की मदद से चेक किया, तो इसने भी वीडियो के एआई से बने होने के संकेत दिए। 

इसके बाद हमने तीसरे टूल ‘human meter’ की मदद से वीडियो की जांच की। इस टूल के एनालिसिस में वीडियो के 100 फीसदी तक एआई-निर्मित होने की संभावना नजर आई। 

पड़ताल के दौरान हमने वीडियो के कीफ्रेम निकालकर उन्हें गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें वायरल वीडियो ‘Aditi Sharma’ नाम के एक फेसबुक अकाउंट पर मिला। वीडियो को 21 नवंबर 2026 को शेयर किया गया था। यहां मौजूद जानकारी के मुताबिक, यह वीडियो असली नहीं है, बल्कि इसे एआई की मदद से बनाया गया है। इस वीडियो पर Aditi Sharma का लोगो लगा हुआ मिला।

अधिक जानकारी के लिए हमने एआई एक्सपर्ट डॉ. अजहर माचवे से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि जिस तरीके से गाड़ी पहाड़ के ऊपर चढ़ती है और एकदम वहीं पर सीधी खड़ी हो जाती है, वह काफी रोबोटिक और एआई-निर्मित मालूम होती है।

क्या है संदर्भ? 

‘टीवी9’ की वेबसाइट पर 29 अक्टूबर 2026 को प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार, “भारतीय सेना ने ऐसे 18 वाहनों का ऑर्डर दिया है, जिन्हें लद्दाख जैसे बेहद ऊंचाई वाले इलाकों में तैनात किया जाएगा, जहां सेना के जवानों को 18 हजार फीट की ऊंचाई पर कठिन परिस्थितियों में ऑपरेशन करना पड़ता है। BVS 10 सिंधु की खासियत है कि यह माइनस 55 डिग्री सेल्सियस तक की भीषण ठंड और बर्फीले इलाकों में भी काम कर सकता है। इसे मुश्किल रास्तों पर सैनिकों की आवाजाही और ऑपरेशनल जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।”

अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ वायरल करने वाले फेसबुक यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि इस यूजर को 4,000 से अधिक लोग फॉलो करते हैं। यूजर ने प्रोफाइल में खुद को उत्तर प्रदेश का रहने वाला बताया है। फेसबुक पर यह यूजर 21 जुलाई 2016 से सक्रिय है।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने भारतीय सेना के नाम पर वायरल हो रहे कथित वाहन के वीडियो की विस्तार से जांच की। हमारी जांच में पता चला कि वायरल हो रहा यह वीड‍ियो एआई-निर्मित है। 

  • Claim Review : कठिन रास्तों पर चलते भारतीय सेना के वाहन का वीडियो।
  • Claimed By : FB User Shubham Agrahari
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later