Fact Check: दो फ्लाईओवर के बीच फंसी बस का AI वीडियो वायरल
दो फ्लाईओवर के बीच फंसी बस का वायरल हो रहा वीडियो फेक है। इस वीडियो को ‘ओपन एआई’ की मदद से बनाया गया है।
- By: Pragya Shukla
- Published: Nov 26, 2026 at 04:10 PM
- Updated: Nov 26, 2026 at 04:18 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफाॅर्म पर एक बस का कथित वीडियो काफी वायरल हो रहा है। इस वीडियो में यात्रियों से भरी एक बस को दो फ्लाईओवर के बीच फंसा हुआ देखा जा सकता है। इतना ही नहीं, इसमें बस की छत से कुछ यात्रियों को बाहर निकलते हुए भी देखा जा सकता है। सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स इस घटना को सच मानकर शेयर कर रहे हैं।
विश्वास न्यूज की पड़ताल में वायरल वीडियो फर्जी साबित हुआ। असल में यह वीडियो ‘ओपन एआई’ की मदद से बनाया गया है और इसमें दिखाई गई घटना वास्तविक नहीं है।
क्या हो रहा है वायरल?
फेसबुक यूजर ‘Pawan Boora Boora’ ने 22 नवंबर 2026 को एक वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा, “दो फ्लाईओवर के बीच फंसी बस, यात्रियों की अटकी सांसें! आखिर इतनी बड़ी लापरवाही कैसे हुई? बस के इस तरह #फंसने से यात्रियों की जान खतरे में पड़ गई। आपकी राय में इस हादसे का जिम्मेदार कौन है? कमेंट में जरूर बताएं।”
वायरल पोस्ट के कंटेंट को यहां ज्यों का त्यों लिखा गया है। इस पोस्ट को सच मानकर कई यूजर्स भी शेयर कर रहे हैं। पोस्ट के आर्काइव वर्जन को यहां देखा जा सकता है।

पड़ताल
वायरल वीडियो की सच्चाई जानने के लिए हमने इसे गौर से देखा। हमें इसमें काफी अटपटी चीजें नजर आईं। बस में लोग रोबोट की तरह इधर से उधर हो रहे हैं और जो लोग बैठे हैं वे कोई प्रतिक्रिया नहीं दे रहे हैं। वे रोबोट की तरह एक ही स्थिति में बैठे दिखते हैं। इतना ही नहीं, लोगों के इधर-उधर होने पर भी बस हिल नहीं रही है। ऐसे में हमें वीडियो के एआई से बने होने के संदेह हुआ।

इसके बाद हमने वायरल वीडियो को अलग-अलग एआई डिटेक्शन टूल्स से चेक किया। सबसे पहले इसे गूगल के ‘सिंथ आईडी’ पर अपलोड करके चेक किया गया। इसके नतीजों में पता चला कि इसे ‘ओपन एआई’ से बनाया गया है।

इसके बाद हमने वीडियो को ‘AI Video Detector’ टूल से चेक किया। इसमें भी वीडियो को अपलोड किया गया। इसने वायरल वीडियो को 77 फीसदी एआई-निर्मित बताया।

फिर हमने तीसरे एआई डिटेक्शन टूल ‘Bit Mind’ की मदद ली और इस पर वीडियो को जांचा। इस टूल ने भी वीडियो के 84 फीसदी तक एआई-निर्मित होने की संभावना जताई।

अधिक जानकारी के लिए हमने एआई एक्सपर्ट डॉ अजहर माचवे से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि बस यात्रियों से भरी हुई है और भारी-भरकम है। लेकिन फिर भी वो पुल के दो किनारों के बीच हवा में बिल्कुल स्थिर लटकी हुई है। पिछला हिस्सा बिना किसी मजबूत सहारे के किनारे पर टिका है और बस थोड़ा-सा भी नहीं हिल रही है। इतना ही नहीं कुछ सेकेंड बाद अचानक ही छत का एक हिस्सा खुल जाता है और लोग बाहर आने लगते हैं। वीडियो में मौजूद लोग काफी अस्वाभाविक तरीके से हिलते हुए दिखाई देते हैं। बस की खिड़कियों के अंदर बैठे यात्रियों के चेहरे और शरीर की बनावट स्पष्ट नहीं हैं। ये खामियां अक्सर एआई वीडियो में देखने को मिलती हैं।
क्या है संदर्भ?
‘नवभारत लाईव’ की वेबसाइट पर 26 नवंबर 2026 को प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार, “कन्नौज में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार स्लीपर बस अपने आगे चल रहे एक कंटेनर से टकरा गई। इस हादसे में बस सवार पांच यात्री घायल हो गए। यह हादसा तिर्वा कोतवाली क्षेत्र में हुआ।” इस पूरी रिपोर्ट को यहां पर पढ़ा जा सकता है।
एआई वीडियो शेयर करने वाले फेसबुक यूजर की प्रोफाइल को अंत में हमने स्कैन किया। हमने पाया कि इस यूजर को 12 हजार लोग फॉलो करते हैं। यह यूजर 31 मार्च 2020 से फेसबुक पर सक्रिय है।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में पाया कि दो फ्लाईओवर के बीच फंसी बस का वायरल हो रहा वीडियो फेक है। इस वीडियो को ‘ओपन एआई’ की मदद से बनाया गया है।
- Claim Review : दो फ्लाईओवर के बीच फंसी बस।
- Claimed By : FB User Pawan Boora Boora
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












