Fact Check: भूकंप के कारण वेनेजुएला में दो इमारतों के टकराकर गिरने का वायरल वीडियो AI निर्मित
वेनेजुएला में भूकंप के नाम पर इमारतों के टकराकर गिरने का वायरल वीडियो फेक है। इसे एआई की मदद से बनाया गया है।
- By: Ashish Maharishi
- Published: Jun 26, 2026 at 09:12 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। दक्षिण अमेरिकी देश वेनेजुएला में 24 जून 2026 को एक मिनट के अंतराल पर 7.2 और 7.5 तीव्रता के दो भूकंपों ने भारी तबाही मचा दी। इसमें सैकड़ों इमारतें मलबे में बदल गईं। अब इसी से जोड़कर सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें दो बड़ी बिल्डिंगों को आपस में टकराकर नीचे गिरते हुए देखा जा सकता है।
सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स इस वीडियो को शेयर कर दावा कर रहे हैं कि यह वेनेजुएला के भूकंप का है। विश्वास न्यूज ने विस्तार से वायरल पोस्ट की जांच की। हमने पड़ताल में पाया कि वायरल वीडियो असली नहीं है। वायरल वीडियो को एआई की मदद से बनाया गया है, जिसे कुछ सोशल मीडिया यूजर्स असली मानकर फर्जी दावे के साथ शेयर कर रहे हैं।
क्या है वायरल?
फेसबुक यूजर ‘Rana Yashwant’ ने 26 जून 2026 को एक वीडियो पोस्ट करते हुए दावा किया, “वेनेजुएला: बहुमंज़िला इमारत नहीं जैसे तेज़ रफ़्तार ट्रेन का डब्बा हो. इतने ताक़तवर भूकंप की मार कितनी देर झेलतीं ? दोनों औंधे मुँह गिरीं. लोग? क्या पता।”

वायरल पोस्ट के कंटेंट को यहां ज्यों का त्यों लिखा गया है। इसे सच मानकर कई यूजर्स शेयर कर रहे हैं। इसका आर्काइव वर्जन यहां देखा जा सकता है।
पड़ताल
विश्वास न्यूज ने सबसे पहले वायरल वीडियो के कई कीफ्रेम्स निकाले। फिर इन्हें गूगल लेंस टूल के जरिए सर्च किया गया। हमें कहीं भी वायरल वीडियो से जुड़ी खबरें नहीं मिलीं।
इसके बाद हमने वीडियो को ध्यान से देखा। इसमें साफ देखा जा सकता है कि दोनों इमारतों के हिलने और टकराने के बावजूद उनमें मौजूद खिड़कियों की दशा में कोई बदलाव नहीं होता है। इनकी आकृतियों में भी कोई बदलाव देखने को नहीं मिलता है, जबकि ऐसा संभव नहीं है। इसलिए हमें इस वीडियो के एआई-निर्मित होने का शक हुआ।

इसलिए हमने सबसे पहले एआई डिटेक्टर टूल ‘detectvideo.ai’ की मदद ली। वायरल वीडियो को स्कैन करने पर इस टूल के नतीजों ने इसके एआई के बने होने की 73% संभावना की पुष्टि की।

जांच को आगे बढ़ाते हुए हमने इस वीडियो को लेकर ‘टीआईए’ (पूर्व में एमसीए) की पहल ‘डीपफेक्स एनालिसिस यूनिट’ (डीएयू) से संपर्क किया। उन्होंने हमारे साथ कई एआई टूल की एनालिसिस शेयर किए, जिनमें वायरल वीडियो के एआई होने की संभावना की पुष्टि होती है। ‘हाइव मॉडरेशन’ के एनालिसिस में वीडियो के 97.8 फीसदी एआई से बने होने की संभावना की पुष्टि हुई।

इसी तरह ‘साइट इंजन’ के एनालिसिस ने भी वायरल वीडियो के 99% एआई से बने होने की पुष्टि की।

विश्वास न्यूज ने जांच को आगे बढ़ाते हुए एआई एक्सपर्ट अजहर माचवे से संपर्क किया और उनके साथ वायरल वीडियो शेयर किया। उन्होंने बताया कि वीडियो को ध्यान से देखा जाए तो यह एआई से बना हुआ लगता है, क्योंकि दोनों इमारतों के टकराने पर इनकी खिड़कियों का आकार बिल्कुल भी चेंज नहीं होता है। इसके अलावा, दोनों इमारतें एक ब्लॉक की तरह गिर रही हैं, न कि बिखर रही हैं या टूट रही हैं। इस तरह की विसंगतियां एआई-जेनरेटेड कंटेंट में सामान्य रूप से दिखती हैं।
क्या है संदर्भ?
24 जून 2026 को दक्षिण अमेरिकी देश वेनेजुएला में एक मिनट के अंतराल पर दो शक्तिशाली भूकंप आए। इससे जान-माल का काफी नुकसान हुआ। यूएस जियोलॉजिकल सर्वे की वेबसाइट के अनुसार, 24 जून 2026 को 7.2 और 7.5 तीव्रता के भूकंपों से पूरा वेनेजुएला हिल गया था। बीबीसी के अनुसार, भूकंप के बाद हजारों लोगों को बचाया गया है। एक सदी में यह सबसे बड़ा भूकंप था।
‘दैनिक जागरण’ के 26 जून 2026 की एक खबर के अनुसार, “राजधानी काराकस और उसके आस-पास की सैकड़ों इमारतें ढहकर कंक्रीट और स्टील के मलबे में बदल गईं। कई लोग ढही हुई इमारतों के नीचे दब गए। इसके चलते कम-से-कम 164 लोगों की मौत हो गई और लगभग एक हजार लोग घायल हो गए। यूएस जियोलॉजिकल सर्वे ने कहा है कि मरने वालों की संख्या 10 हजार से भी अधिक हो सकती है।”
जांच के अंत में फर्जी वीडियो पोस्ट करने वाले यूजर की जांच की। पता चला कि राणा यशवंत नाम के इस यूजर को फेसबुक पर 35 हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं। यूजर पेशे से पत्रकार हैं। बिहार के रहने वाले राणा यशवंत नोएडा में रहते हैं। यह अकाउंट 28 मार्च 2009 को बनाया गया था।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज की जांच में वायरल पोस्ट फर्जी साबित हुई। वेनेजुएला में भूकंप के नाम पर इमारतों के टकराकर गिरने का वायरल वीडियो फेक है। इसे एआई की मदद से बनाया गया है।
- Claim Review : वेनेजुएला में भूकंप से इमारत गिरने का वीडियो।
- Claimed By : FB User Rana Yashwant
- Fact Check : झूठ
- AI Detector Tool Detectvideo
- AI Detector Tool Hive Moderation
- AI Detector Tool Sight Engine
- U.S. Geological Survey
- News Report of BBC, Dated 26 Jun 2026
- News Report of Dainik Jagran, Dated 26 Jun 2026
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












