Fact Check: क्रैश हुए फाइटर विमान की AI-Generated क्लिप को भारत-पाक तनाव से जोड़ किया जा रहा वायरल
विश्वास न्यूज़ ने अपनी पड़ताल में पाया कि भारत और पाकिस्तान तनाव के बीच वायरल हो रही क्रैश हुए फाइटर जेट की यह क्लिप AI द्वारा बनाई गई है।
- By: Pallavi Mishra
- Published: May 15, 2025 at 02:50 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज़)। भारत और पाकिस्तान तनाव के बीच एक क्रैश हुए फाइटर विमान की एक क्लिप वायरल हो रही है। वीडियो को इस दावे के साथ शेयर किया जा रहा है कि यह पाकिस्तान में क्रैश हुआ भारतीय फाइटर विमान है।
विश्वास न्यूज़ ने अपनी पड़ताल में पाया कि यह दावा गलत है। यह तस्वीर असल में एआई निर्मित है।
क्या है वायरल?
इंस्टाग्राम यूजर innocent._.gourav_sharma_up_84 ने 10 मई 2025 को वायरल वीडियो (आर्काइव लिंक) को शेयर किया, जिसके ऊपर लिखा है- “पाकिस्तान में जहाज गिरा है।” वीडियो में एक दुर्घटनाग्रस्त लड़ाकू विमान को आग की लपटों में घिरा हुआ दिखाया गया है। विमान के ऊपर भारतीय ध्वज अंकित है।

पड़ताल
इस पोस्ट की पड़ताल करने के लिए हमने सबसे पहले वीडियो को गौर से देखा। वीडियो में कई कमियां साफ़ देखी जा सकती हैं। जैसे आस-पास खड़े लोगों के चेहरे मूवमेंट के समय गायब होते दिख रहे हैं, साथ ही विमान से निकलता धुआं भी एनिमेटेड लग रहा है। हमें शक हुआ कि यह क्लिप AI निर्मित हो सकती है।
हमने वीडियो के स्क्रीनग्रैब्स को एआई की मदद से बने मल्टीमीडिया की जांच करने वाले हाइव मॉ़डरेशन टूल्स से सर्च किया। टूल ने इसके एआई जेनरेटेड होने की संभावना 99.7 फीसदी तक बताई।

एक और टूल साइट इंजन ने भी इसके एआई जेनरेटेड होने की संभावना 99 फीसदी बताई।

एक दूसरे टूल ‘इज इट एआई’ ने भी इसके एआई जेनरेटेड होने की संभावना 99 फीसदी बताई।

हमने वायरल पोस्ट को एआई और इमर्जिंग टेक्नोलॉजी में काम कर रहे रिसर्चर अजहर माचवे के साथ शेयर किया। उन्होंने क्लिप को एआई जेनरेटेड बताया। उन्होंने कहा, “यह स्पष्ट रूप से फर्जी है, आप लोगों की शक्ल और दुर्घटनाग्रस्त विमान में मौजूद छोटी-छोटी खामियों से इसका अंदाजा लगा सकते हैं। परिप्रेक्ष्य भी सही नहीं है।”
22 अप्रैल 2025 को हुए पहलगाम आतंकी हमले के 15 दिन बाद भारत ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के अंतर्गत पाकिस्तान और पाक अधिकृत कश्मीर (PoK) में स्थित आतंकी कैंपों पर एयर स्ट्राइक करके उन्हें निशाना बनाया था। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद, पाकिस्तान की ओर से एक सोची-समझी साजिश के तहत झूठे और गुमराह करने वाले दावे फैलाए जा रहे हैं। विश्वास न्यूज़ लगातार ऐसी फर्जी पोस्ट्स की जांच कर रहा है, जिन्हें यहां पढ़ा जा सकता है।
वायरल वीडियो को शेयर करने वाले इंस्टाग्राम यूजर innocent._.gourav_sharma_up_84 को 2.5 लाख से अधिक यूजर फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज़ ने अपनी पड़ताल में पाया कि भारत और पाकिस्तान तनाव के बीच वायरल हो रही क्रैश हुए फाइटर जेट की यह क्लिप AI द्वारा बनाई गई है।
- Claim Review : यह पाकिस्तान में क्रैश हुआ भारतीय फाइटर विमान है
- Claimed By : Instagram User innocent._.gourav_sharma_up_84
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












