Fact Check: स्मृति मंधाना और पलाश मुच्छल की नहीं हुई अभी शादी, AI निर्मित तस्वीर वायरल
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि स्मृति मंधाना और फिल्म मेकर पलाश मुच्छल की शादी अभी नहीं हुई है। इस दावे के साथ जो तस्वीर वायरल हो रही है, वह भी असली नहीं है। इस फोटो को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से बनाया गया है।
- By: Umam Noor
- Published: Nov 26, 2025 at 12:00 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। महिला क्रिकेटर स्मृति मंधाना और फिल्म मेकर पलाश मुच्छल की शादी को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चाओं के बीच एक तस्वीर वायरल हो रही है। वायरल तस्वीर में मंधाना को पलाश और उनकी बहन गायिका पलक मुच्छल के साथ देखा जा सकता है। तस्वीर को शेयर करते हुए दावा किया जा रहा है कि मंधाना और फिल्म मेकर पलाश मुच्छल की शादी की यह फोटो है।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि स्मृति मंधाना और फिल्म मेकर पलाश मुच्छल की शादी अभी नहीं हुई है। इस दावे के साथ जो तस्वीर वायरल हो रही है, वह भी असली नहीं है। इस फोटो को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से बनाया गया है।
क्या है वायरल पोस्ट में ?
फेसबुक पेज क्रिकेट बाजीगर ने 23 नवंबर को वायरल पोस्ट को शेयर करते हुए लिखा, “स्मृति मंधाना की शादी का वायरल फोटो।”
पोस्ट के आर्काइव वर्जन को यहां देखें।

पड़ताल
अपनी पड़ताल को शुरू करते हुए सबसे पहले हमने न्यूज सर्च किया। दैनिक जागरण की 25 नवंबर की खबर के अनुसार, “हाल ही में महिला वनडे वर्ल्ड कप जीतने वाली भारतीय टीम की खिलाड़ी स्मृति मंधाना की शादी की चर्चा जोरों पर थी। विश्व कप से पहले ही ये पता चल गया था कि वह पलाश मुच्छल के साथ सात फेरे लेंगी। 23 नवंबर को दोनों का एक-दूसरे का हो जाना तय था, लेकिन इसी दिन शाम तक दोनों की शादी टलने की खबर आई। ये खबरें पक्की निकलीं और इसका कारण मंधाना के पिता की तबीयत का खराब होना बताया गया है।”
इसके बाद हमने इस तस्वीर को ध्यान से देखा। हमें इसमें कुछ गड़बड़ियां नजर आयीं। जैसे, तस्वीर में नजर आ रहे लोगों के कपड़ों की क्रीज, हाथों की नसें, चेहरे के रिंकल्स और दांत देखने से हमें तस्वीर के एआई निर्मित होने का शक हुआ।

जांच को आगे बढ़ाते हुए हमने इस तस्वीर को एआई जेनरेटेड तस्वीरों की जांच करने वाले टूल हाइव मॉडरेशन पर अपलोड किया। इसमें तस्वीर के एआई से बने होने की संभावना 99.9 प्रतिशत से अधिक निकली।

एक दूसरे टूल साइट इंजन ने भी तस्वीर को 99 फीसद एआई जेनरेटेड होने की संभावना बताई।

हमने तस्वीर को लेकर एआई एक्सपर्ट अजहर माचवे के साथ संपर्क किया। उन्होंने भी तस्वीर को एआई निर्मित बताया।
पुष्टि के लिए हमने हमारे सहयोगी दैनिक जागरण में खेल संपादक अभिषेक त्रिपाठी से भी संपर्क किया। उन्होंने कहा कि इनकी शादी नहीं हुई है, कुछ निजी कारणों से शादी पोस्टपोन हो गई है। हालांकि, अभी इस पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
अब बारी थी फेसबुक पेज क्रिकेट बाजीगर की सोशल स्कैनिंग करने की। हमने पाया कि इस पेज को डेढ़ लाख से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं। वहीं, इस पेज से इससे पहले भी फर्जी पोस्ट शेयर की जा चुकी है।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज़ ने अपनी पड़ताल में पाया कि स्मृति मंधाना और फिल्म मेकर पलाश मुच्छल की शादी अभी नहीं हुई है। और इस दावे के साथ जो तस्वीर वायरल हो रही है, वह भी असली नहीं है। इस फोटो को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से बनाया गया है।
- Claim Review : मंधाना और फिल्म मेकर पलाश मुच्छल की शादी की यह फोटो है।
- Claimed By : फेसबुक पेज क्रिकेट बाजीगर
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












