Fact Check: अहमदाबाद विमान हादसे में पायलट के आखिरी पलों का नहीं, कंटेंट क्रिएटर्स का वीडियो गलत दावे से वायरल
अहमदाबाद विमान हादसे से जोड़ते हुए वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। वीडियो का अहमदाबाद विमान हादसे से कोई संबंध नहीं है।
- By: Pragya Shukla
- Published: Jun 25, 2025 at 05:20 PM
- Updated: Jun 25, 2025 at 05:33 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर अहमदाबाद विमान हादसे से जोड़ते हुए कुछ वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं। वीडियो को पायलट के आखिरी पलों का बताते हुए शेयर किया जा रहा है। पहले वीडियो में देखा जा सकता है कि एक शख्स पायलट की ड्रेस पहने हुए है और प्लेन क्रैश की बात कर रहा है। इसी तरह दूसरे वीडियो में देखा जा सकता है कि शख्स पायलट के साइड में बैठा हुआ है और डरा हुआ है। फिर थोड़ी देर में वो बेहोश हो जाता है। ।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। वीडियो का अहमदाबाद विमान हादसे से कोई संबंध नहीं है। दोनों ही वीडियो कंटेंट क्रिएटर्स के हैं। पहला वीडियो कुलदीप सिंघानिया नाम के क्रिएटर का है। कुलदीप सिंहानिया ने हादसे से जोड़ते हुए एक काल्पनिक वीडियो बनाया था, जबकि दूसरा वीडियो यूट्यूबर हनान के केरल फ्लाइट अकादमी में जाकर विमान से जुड़े अनुभव लेने का है।
क्या हो रहा है वायरल ?
फेसबुक यूजर प्रिया मीना ने वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “देखिए प्लेन क्रैश होने से पहले पायलेट की बात ध्यान से सुने पायलट ने क्या कहा।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

फेसबुक यूजर दीपक शर्मा ने वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “अहमदाबाद में प्लेन क्रेश की लाइव वीडियो।”
वीडियो पर लिखा हुआ है, “प्लेन क्रेश होने से पहले पायलट शुभरवाल की वीडियो …अहमदाबाद प्लेन क्रेश होने से पहले का वीडियो आप भावुक हो जाओगे।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें

पड़ताल
पहला वीडियो
वायरल वीडियो की सच्चाई जानने के लिए हमने इनविड टूल का इस्तेमाल किया। हमने वीडियो के कई कीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। वायरल वीडियो हमें द कुलदीप सिंघानिया नाम के अकाउंट पर मिला। वीडियो को 12 जून 2025 को शेयर किया गया है। मौजूद जानकारी के मुताबिक, वीडियो में अहमदाबाद प्लेन क्रैश पर आधारित एक काल्पनिक कहानी दिखाई गई है।

कुलदीप सिंघानिया के इंस्टाग्राम अकाउंट को खंगालने पर हमने पाया कि यूजर ने बायो में खुद को एक्टर, यूट्यूबर और कंटेंट क्रिएटर बताया है।

दूसरा वीडियो
दूसरे वीडियो के भी हमने क्रीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें वीडियो का लंबा वर्जन Hanan’s Family नाम के एक अकाउंट पर मिला। वीडियो को 15 मई 2025 को शेयर किया गया था। मौजूद जानकारी के मुताबिक, वीडियो केरल फ्लाइट अकादमी का है। जहां पर यूट्यूबर ने विमान और विमान उड़ाने से जुड़े अनुभव लिए थे।
गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च करने पर हमें Hanan का आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट मिला। बायो में मौजूद जानकारी के मुताबिक, Hanan पेशे से एक सिंगर और व्लॉगर है।

अधिक जानकारी के लिए हमने गुजराती दैनिक जागरण में अहमदाबाद विमान हादसे को कवर करने वाले रिपोर्टर शत्रुघ्न कुमार से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वायरल दावा गलत है। पायलट का इस तरह का कोई वीडियो अभी तक सामने नहीं आया है।
अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाली यूजर प्रिया मीना के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को 32 हजार लोग फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि अहमदाबाद विमान हादसे से जोड़ते हुए वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। वीडियो का अहमदाबाद विमान हादसे से कोई संबंध नहीं है। दोनों ही वीडियो कंटेंट क्रिएटर्स के हैं।
- Claim Review : अहमदाबाद विमान हादसे के पायलट का आखिरी वीडियो।
- Claimed By : FB User Priya meena
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












