X
X

Fact Check: मनिका विश्वकर्मा अभी नहीं बनीं हैं मिस यूनिवर्स, हरनाज कौर संधू का 2021 का वीडियो भ्रामक दावे के साथ वायरल

विश्वास न्यूज की जांच में पाया कि राजस्थान की मनिका विश्वकर्मा ने अभी तक मिस यूनिवर्स का खिताब नहीं जीता है। उन्होंने मिस यूनिवर्स इंडिया 2025 का खिताब जीता है और वह नवंबर में थाईलैंड में होने वाली मिस यूनिवर्स 2025 प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। वायरल हो रहा वीडियो 2021 का है, जब भारत की हरनाज कौर संधू ने 70वीं मिस यूनिवर्स का ताज अपने नाम किया था। 

  • By: Pallavi Mishra
  • Published: Oct 24, 2025 at 02:20 PM
  • Updated: Oct 24, 2025 at 02:31 PM

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर एक ब्यूटी पेजेंट के वीडियो को वायरल करते हुए दावा किया जा रहा है कि राजस्थान की मनिका विश्वकर्मा ने मिस यूनिवर्स का खिताब जीत लिया है।

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में वायरल दावे को भ्रामक पाया। मनिका विश्वकर्मा ने मिस यूनिवर्स इंडिया का खिताब जीता है और अब वे मिस यूनिवर्स पेजेंट में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगीं, जो नवंबर में होना है। वहीं, वायरल हो रहा वीडियो 2021 का है, जब भारत की हरनाज कौर संधू ने मिस यूनिवर्स का ख़िताब जीता था।

क्या हो रहा है वायरल ?

फेसबुक यूजर ‘Sukbir Tamang’ ने 24 अक्टूबर 2025 को वायरल पोस्ट को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, “भारत की, श्रीगंगानगर की मनिका विश्वकर्मा 2025 की मिस यूनिवर्स का खिताब जीत गई है…. बहुत बहुत बधाई ।”

 पोस्ट के आर्काइव वर्जन को यहां देखें।

पड़ताल

विश्वास न्यूज ने वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स से सर्च करना शुरू किया। इस दौरान हमें मनिका विश्वकर्मा से जुड़ी खबर कई न्यूज वेबसाइट पर मिली। जागरण डॉट कॉम की 19 अगस्त 2025 की खबर के अनुसार ” 18 अगस्त 2025 को जयपुर, राजस्थान में आयोजित एक शानदार समारोह में मनिका विश्वकर्मा को मिस यूनिवर्स इंडिया 2025 का ताज पहनाया गया। अब मनिका नवंबर में थाईलैंड में होने वाले 74वें मिस यूनिवर्स पेजेंट में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।”

मनिका के मिस यूनिवर्स इंडिया 2025 बनने को लेकर हमें कई जगह खबरें मिलीं।

आपको बता दें कि 2025 मिस इंडिया का पंजेंट अगस्त में जयपुर में आयोजित हुआ था, जिसमें श्री गंगानगर, राजस्थान की मनिका विश्वकर्मा को विजेता घोषित किया गया था। इस जीत के साथ, वह अब नवंबर में थाईलैंड में होने वाली 74वीं मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। इस प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश की तान्या शर्मा फर्स्ट रनर-अप रहीं थीं, जबकि हरियाणा की महक ढींगरा सेकंड रनर-अप और अमीषी कौशिक थर्ड रनर-अप रहीं थीं।

हमने वायरल पोस्ट को मुंबई में बॉलीवुड को कवर करने वालीं दैनिक जागरण की वरिष्ठ पत्रकार स्मिता श्रीवास्तव के साथ भी शेयर किया। उन्होंने बताया कि यह दावा भ्रामक है।   मिस यूनिवर्स 2025 पेजेंट नवंबर में थाईलैंड में होना है। मनिका विश्वकर्मा ने मिस यूनिवर्स इंडिया का खिताब जीता है और अब वे मिस यूनिवर्स पेजेंट  में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगीं। उन्होंने अभी मिस यूनिवर्स का ख़िताब नहीं जीता है।

वायरल वीडियो की सच्चाई?

वायरल वीडियो के कीफ्रेम्स को सर्च करने पर हमें यह वीडियो ‘मिस यूनिवर्स’ के ऑफिशियल यूट्यूब चैनल पर  13 दिसंबर 2021 को अपलोड मिला। यह क्लिप 70वीं मिस यूनिवर्स की ताजपोशी की थी। खबरों से कन्फर्म हुआ कि 2021 में भारत की हरनाज कौर संधू ने मिस यूनिवर्स का ख़िताब अपने नाम किया था।

भ्रामक पोस्ट करने वाले फेसबुक यूजर ‘Raj Kumar Suneja’ को हमने स्कैन किया। इसके मुताबिक, पेज को लगभग 9000 लोग फॉलो करते हैं।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज की जांच में पाया कि राजस्थान की मनिका विश्वकर्मा ने अभी तक मिस यूनिवर्स का खिताब नहीं जीता है। उन्होंने मिस यूनिवर्स इंडिया 2025 का खिताब जीता है और वह नवंबर में थाईलैंड में होने वाली मिस यूनिवर्स 2025 प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। वायरल हो रहा वीडियो 2021 का है, जब भारत की हरनाज कौर संधू ने 70वीं मिस यूनिवर्स का ताज अपने नाम किया था। 

  • Claim Review : मनिका विश्वकर्मा बनीं मिस यूनिवर्स 2025
  • Claimed By : FB User Sukbir Tamang’
  • Fact Check : भ्रामक

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later