X
X

Fact Check : मुस्लिम शख्स के पुलिस को धमकाने के दावे से वायरल यह वीडियो स्क्रिप्टेड है

पुलिसकर्मी से बदतमीजी करने के दावे से वायरल मुस्लिम टोपी पहने शख्स का वीडियो असली घटना का नहीं, बल्कि स्क्रिप्टेड है, जिसे कलाकारों ने मिलकर बनाया है। इस वीडियो में कोई सच्चाई नहीं है। 

  • By: Pragya Shukla
  • Published: Mar 25, 2025 at 03:39 PM
  • Updated: Mar 26, 2025 at 10:26 AM

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर बहस करते हुए एक शख्स का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि पुलिस की वर्दी पहने एक शख्स ऑफिस में बैठा हुआ है। जबकि इस्लामिक टोपी पहने एक शख्स उसे सस्पेंड करवाने की धमकी देता हुआ नजर आ रहा है। इस वीडियो को असली घटना का बताते हुए शेयर कर दावा किया जा रहा है कि एक मुस्लिम शख्स ने एक पुलिसकर्मी के साथ बदतमीजी की है। 

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। वायरल हो रहा वीडियो किसी असली घटना का नहीं, बल्कि स्क्रिप्टेड है, जिसे कलाकारों ने मिलकर बनाया है। इस वीडियो में कोई सच्चाई नहीं है। 

क्या हो रहा है वायरल ?

फेसबुक यूजर ‘सुनिता कुमारी’ ने 23 मार्च 2025 को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “इनकी मानसिकता देखो एक पुलिस वाले से ऐसे बात करते है मदरसे छाप अरेस्ट होना चाहिए।”

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल 

वायरल पोस्ट की सच्चाई जानने के लिए हमने इनविड टूल की मदद से वीडियो (आर्काइव लिंक) के कई कीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें वीडियो मोंटी दीपक शर्मा नामक एक इंस्टाग्राम अकाउंट पर मिला। वीडियो को 17 मार्च 2025 को शेयर किया गया था। 

अकाउंट को खंगालने पर हमें यह वीडियो कई अन्य कैप्शन के साथ कई बार शेयर हुआ मिला। अकाउंट पर इस वीडियो के कई वर्जन अलग-अलग कैप्शन के साथ शेयर किये गये हैं। बायो में मौजूद जानकारी के मुताबिक, वह वीडियो क्रिएटर है और इसी तरह के वीडियो बनाता है। अकाउंट पर कई ऐसे वीडियो मौजूद थे, जिसमें दोनों अलग-अलग किरदार निभाते नजर आते हैं। 

जांच के दौरान हमें मोंटी दीपक शर्मा के आधिकारिक फेसबुक अकाउंट पर एक वीडियो मिला। इस वीडियो में दिखाया गया है कि एक मुस्लिम शख्स की कार पर जय श्री राम का स्टीकर लगा हुआ है। पुलिसकर्मी उस स्टीकर को हटाने की कोशिश करता है। इस वीडियो के आखिर में पुलिसकर्मी का किरदार निभाने वाला शख्स बताता है कि यह वीडियो स्क्रिप्टेड है और इसे मनोरंजन के उद्देश्य से कलाकारों ने बनाया है। इसका सच्चाई से कोई संबंध नहीं है। 

अधिक जानकारी के लिए हमने मोंटी दीपक शर्मा  से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वायरल दावा गलत है। वो मनोरंजन के लिए वीडियो बनाते हैं और यह वीडियो स्क्रिप्टेड है। यह वीडियो असली घटना का नहीं है। 

अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाली यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को करीब चार हजार लोग फॉलो करते हैं। यूजर ने प्रोफाइल पर खुद को चंडीगढ़ का रहने वाला बताया है।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि पुलिसकर्मी से बदतमीजी करने के दावे से वायरल शख्स का वीडियो असली घटना का नहीं, बल्कि स्क्रिप्टेड है, जिसे कलाकारों ने मिलकर बनाया है। इस वीडियो में कोई सच्चाई नहीं है। 

  • Claim Review : मुस्लिम शख्स ने पुलिसकर्मी से की बदतमीजी।
  • Claimed By : FB User Sunita Kumari
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later