Fact Check : कर्नाटक विधानसभा में अंबेडकर की तस्वीरें लगाई गईं, फोटो संसद की बताकर की गई शेयर
सोशल मीडिया यूजर्स इस तस्वीर को संसद की बताकर शेयर कर रहे हैं। विश्वास न्यूज ने वायरल पोस्ट की जांच की। दावा गलत साबित हुआ। तस्वीर कर्नाटक विधानसभा की साबित हुई।
- By: Ashish Maharishi
- Published: Dec 24, 2024 at 04:50 PM
नई दिल्ली (Vishvas News)। पिछले दिनों संसद में हंगामे के बाद से ही सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर एक तस्वीर वायरल हो रही है। इस तस्वीर को संसद की बताकर शेयर किया जा रहा है। तस्वीर में हर डेस्क पर डॉ. भीमराव अंबेडकर की फोटो को देखा जा सकता है।
सोशल मीडिया यूजर्स इस तस्वीर को संसद की बताकर शेयर कर रहे हैं। विश्वास न्यूज ने वायरल पोस्ट की जांच की। दावा गलत साबित हुआ। तस्वीर कर्नाटक विधानसभा की साबित हुई।
क्या हो रहा है वायरल
एक्स हैंडल krishna Patel ने 20 दिसंबर को एक तस्वीर को संसद की बताते हुए दावा किया, “भारतीय संसद की ये तश्वीर भारत का भूत,भविष्य, वर्तमान सब दिखा रही।”
वायरल पोस्ट के कंटेंट को यहां ज्यों का त्यों ही लिखा गया है। इस सच मानकर कई यूजर्स समान दावे के साथ शेयर कर रहे हैं। वायरल पोस्ट का आर्काइव वर्जन यहां देखें।
पड़ताल
विश्वास न्यूज ने संसद के नाम पर वायरल तस्वीर की सच्चाई जानने के लिए सबसे पहले गूगल लेंस टूल की मदद ली। इस टूल में वायरल तस्वीर को अपलोड करके सर्च करने पर हमें कई न्यूज वेबसाइट पर यह तस्वीर मिली। इसे कर्नाटक विधानसभा की बताया गया।
न्यूजतक नाम की वेबसाइट ने तस्वीर का इस्तेमाल करते हुए बताया, “कर्नाटक विधानसभा में सत्ता पक्ष के कांग्रेस विधायकों ने ऐसा प्रोटेस्ट किया, जिसकी टक्कर का कुछ नहीं मिलेगा। कुछेक को छोड़कर ज्यादातर कांग्रेस विधायक अपनी-अपनी सीटों पर नहीं थे। संविधान से चलने वाली विधानसभा में सबकी बेंच पर विराजे थे संविधान बनाने वाले बाबा साहेब आंबेडकर। ये तो ऐसा एक फोटो मोमेंट था। सारे विधायकों ने आंबेडकर की एक ही फोटो बेंच पर लगा दी।” पूरी खबर यहां पढ़ें।
सर्च के दौरान हमें कांग्रेस के आधिकारिक एक्स हैंडल पर भी वायरल तस्वीर मिली। 19 दिसंबर की एक पोस्ट में कुछ तस्वीरों का इस्तेमाल करते हुए लिखा गया, “अमित शाह जी, आपके लिए। ये तस्वीर कर्नाटक की विधानसभा में- अंबेडकर.. अंबेडकर.. अंबेडकर.. अंबेडकर।”
पड़ताल के अंत में कर्नाटक के कांग्रेस एमएलसी नागाराजू यादव से संपर्क किया। उन्होंने कन्फर्म करते हुए बताया कि वायरल तस्वीर कर्नाटक विधानसभा की है।
सर्च के दौरान हमने krishna Patel नाम के एक्स हैंडल की जांच की। सोशल स्कैनिंग में पता चला कि यह अकाउंट सितंबर 2015 को बनाया गया। इसे चार हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष : विश्वास न्यूज की जांच में वायरल पोस्ट भ्रामक साबित हुई। कर्नाटक विधानसभा की तस्वीर को कुछ लोग संसद की बताकर वायरल कर रहे हैं।
- Claim Review : भारतीय संसद की ये तश्वीर भारत का भूत,भविष्य, वर्तमान सब दिखा रही
- Claimed By : X user krishna Patel
- Fact Check : भ्रामक
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












