Fact Check : पीएम मोदी की बिहार की रैली के वीडियो से की गई छेड़छाड़, फ्री बाइक का दावा गलत
पीएम मोदी के बिहार चुनाव से जुड़े एक वीडियो में से कुछ हिस्सा एडिट करके वायरल क्लिप में अलग से फर्जी आवाज जोड़ी गई है।
- By: Ashish Maharishi
- Published: Nov 11, 2025 at 04:47 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम पर एक वीडियो वायरल हो रही है। इसमें पीएम मोदी को यह बोलते हुए दिखाया गया है कि आधार कार्ड वालों को फ्री में स्प्लेंडर बाइक देने की योजना लाई गई है। इस वीडियो को सच मानकर कई सोशल मीडिया यूजर्स शेयर कर रहे हैं।
विश्वास न्यूज ने विस्तार से वायरल पोस्ट में इस्तेमाल किए गए वीडियो की जांच की। यह फर्जी साबित हुआ। केंद्र सरकार की ऐसी कोई योजना नहीं है। वायरल वीडियो भी फर्जी साबित हुआ। पीएम मोदी ने फ्री बाइक को लेकर कोई बयान नहीं दिया। बिहार चुनाव के दौरान पीएम मोदी की रैली के एक हिस्से के साथ छेड़छाड़ करके वायरल क्लिप तैयार की गई है। इसमें अलग से फर्जी आवाज जोड़ी गई है। जांच में ऑडियो एआई निर्मित साबित हुआ।
क्या हो रहा है वायरल
इंस्टाग्राम यूजर free_recharge73 ने 9 नवंबर को एक वीडियो क्लिप को अपलोड किया। इसके ऊपर लिखा गया, “सुनिए बड़ी खबर। मोदी सरकार ने शुरू की नई योजना। आधार कार्ड वालों को मिलेगी फ्री बाइक।”
वीडियो में पीएम मोदी को कथित रूप से यह बोलते हुए दिखाया गया, “एक और मैं योजना की बात करने जा रहा हूं। जिन जिन लोगों के पास आधार कार्ड है, उन उन लोगों को एक एक स्पेलेंडर बाइक फ्री में मिलेगी।”

वायरल पोस्ट के कंटेंट को यहां ज्यों का त्यों ही लिखा गया है। इसे सच मानकर कई यूजर्स शेयर कर रहे हैं। पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।
पड़ताल
विश्वास न्यूज ने पीएम मोदी के नाम पर वायरल क्लिप की जांच के लिए सबसे पहले इसके कई कीफ्रेम्स निकाले। फिर इन्हें गूगल लेंस टूल के जरिए सर्च किया। हमें असली वीडियो कई सोशल मीडियो हैंडल्स, यूट्यूब चैनल्स और खबरों में मिला।
पीटीआई के यूट्यूब चैनल पर इसे 3 नवंबर को अपलोड किया गया। यह वीडियो बिहार के सहरसा जिले के सोनवर्षा की चुनावी सभा का था। यहां प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला था। पूरे वीडियो में हमें स्प्लेंडर बाइक वाला कोई हिस्सा नहीं मिला।
सर्च के दौरान असली वीडियो हमें नरेंद्र मोदी के यूट्यूब चैनल पर भी मिला। 3 नवंबर 2025 को अपलोड इस वीडियो में भी पीएम मोदी को वही कपड़े और टोपी पहने हुए देखा जा सकता है, जो वायरल क्लिप में पहने हुए हैं। विश्वास न्यूज ने 41 मिनट के इस वीडियो के एक-एक हिस्से को ध्यान से सुना। हमें इस वीडियो में कहीं भी फ्री बाइक वाली योजना की बात नहीं सुनाई दी। पूरा वीडियो सुनने पर हमें कहीं भी फ्री बाइक बांटे जाने का कोई जिक्र नहीं मिला।
अब हमें यह जानना था कि क्या वास्तव में ऐसी कोई सरकारी योजना है, जैसा कि दावा किया गया। इसके लिए हमने सरकारी स्कीम्स पर भारत सरकार की आधिकारिक वेबसाइट myscheme.gov.in पर जाकर इस बारे में सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी कोई जानकारी नहीं मिली।
जांच के अगले चरण में ज्यादा पुष्टि के लिए हमने हमारे सहयोगी ट्रस्टेज इन्फॉर्मेशन एलायंस की पहल डीपफेक्स एनालिसिस यूनिट (डीएयू) से संपर्क किया। वायरल मल्टीमीडिया में इस्तेमाल ऑडियो को जांच के लिए हमने इसे डीएयू के साथ शेयर किया। Hiya टूल की मदद से चेक करने पर वीडियो के ऑडियो ट्रैक के एआई से क्रिएटेड होने की संभावना की पुष्टि हुई।

Aurigin.ai नाम की एक स्विस डीप-टेक कंपनी के टूल से चेक करने पर ऑडियो ट्रैक AI द्वारा जेनरेट पाया गया। Aurigin.ai के पास एक उन्नत ऑडियो डीपफेक डिटेक्शन इंजन है।

विश्वास न्यूज ने जांच को आगे बढ़ाते हुए एआई एक्सपर्ट एसके साहिद से संपर्क किया। उनके साथ वायरल वीडियो को शेयर किया। उन्होंने जांच करके बताया कि वायरल वीडियो फर्जी है। उन्होंने कहा कि वीडियो में लिपसिंक सही नहीं है। पीएम मोदी के होंठों का मूवमेंट और आडियो में अंतर साफ देखा जा सकता है।
विश्वास न्यूज ने पड़ताल के दौरान भाजपा की सोशल मीडिया टीम के सदस्य शशि कुमार से संपर्क किया। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि पीएम मोदी के नाम पर वायरल वीडियो में सच्चाई नहीं है। इसमें आवाज अलग से जोड़कर वायरल किया गया है।
पड़ताल के अंतिम चरण में हमने फर्जी पोस्ट करने वाले यूजर की जांच की। पता चला कि इस इंस्टाग्राम हैंडल को पांच सौ से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं। यह अकाउंट मई 2025 को बनाया गया।
निष्कर्ष : विश्वास न्यूज की पड़ताल में वायरल वीडियो फर्जी साबित हुआ। केंद्र सरकार की ऐसी कोई योजना नहीं है, जिसमें आधार कार्ड वालों को मुफ्त स्प्लेंडर बाइक दिया जाएगा। पीएम मोदी के बिहार चुनाव से जुड़े एक वीडियो में से कुछ हिस्सा एडिट करके वायरल क्लिप में अलग से फर्जी आवाज जोड़ी गई है।
- Claim Review : पीएम मोदी ने कहा कि आधार कार्ड वालों को फ्री में मिलेगी स्प्लेंडर बाइक
- Claimed By : IG User free_recharge73
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












