Fact Check: भाजपा सांसद संबित पात्रा के नाम से फेक पोस्ट वायरल
भाजपा सांसद संबित पात्रा के नाम से वायरल हो रही पोस्ट फेक है। एबीपी न्यूज पर इस तरह की कोई खबर नहीं चलाई गई है।
- By: Sharad Prakash Asthana
- Published: Apr 1, 2025 at 01:49 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद संबित पात्रा के नाम से एक पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। इस पर एबीपी न्यूज का लोगो लगा हुआ है और लिखा है, “संबित पात्रा ने कहा है कि महारानी लक्ष्मीबाई की पीठ पर जो बच्चा बंधा था, वो पीएम मोदी थे”। कुछ यूजर्स इस पोस्ट को सच मानकर शेयर कर रहे हैं और संबित पात्रा पर तंज कस रहे हैं।
विश्वास न्यूज की जांच में पता चला कि वायरल पोस्ट फेक है। न तो संबित पात्रा ने इस तरह का कोई बयान नहीं दिया है और न ही एबीपी न्यूज पर इस तरह की कोई खबर चली है। फेक पोस्ट को यूजर्स असली समझकर शेयर कर रहे हैं।
वायरल पोस्ट
फेसबुक यूजर Dr-Sitaram Paswan ने 28 मार्च को इस पोस्ट (आर्काइव लिंक) को शेयर किया है। इस पर लिखा है, “संबित पात्रा का बड़ा बयान, महारानी लक्ष्मीबाई के पीठ पर जो बच्चा बंधा था वो कोई और नही मोदी जी थे“
इसके साथ में यूजर ने लिखा है, “इन्हें इतिहास की जानकारी नहीं है, लग रहा हैं इन्हें दुबारा नर्सरी से बीए तक की पढ़ाई शुरू करनी पड़ेगी! रानी लक्ष्मी बाई के पीठ पर जो बच्चा बंधा था वह रानी लक्ष्मी बाई का पुत्र रामचंद्र राव था, न कि मोदी जी! यह 1857 की घटना है जब रानी लक्ष्मी बाई झाँसी के किले से ब्रिटिश सेना के खिलाफ युद्ध कर रही थी।“

पड़ताल
वायरल दावे की जांच के लिए हमने सबसे पहले वायरल पोस्ट को ध्यान से देखा। इसमें कुछ शाब्दिक गलतियां हैं। जैसे- महारानी लक्ष्मी बाई ‘की’ पीठ होना चाहिए और नहीं पर बिंदी होनी चाहिए।

कीवर्ड से इस बारे में गूगल पर सर्च किया, लेकिन ऐसी कोई मीडिया रिपोर्ट नहीं मिली, जिससे वायरल दावे की पुष्टि हो सके। अगर एबीपी न्यूज ने इस तरह की खबर चलाई होती तो वह मौजूद होती। इसके अलावा अन्य किसी न्यूज चैनल की भी ऐसी कोई रिपोर्ट नहीं मिली।
इसको गूगल लेंस की मदद से सर्च करने पर हमें एबीपी न्यूज के फेसबुक पेज पर इसी तरह की एक पोस्ट मिली। इसे 13 फरवरी को पोस्ट किया गया है। इस पर लिखा हुआ है, “संबित पात्रा की बढ़ाई गई सुरक्षा, गृह मंत्रालय ने दी जेड कैटेगरी की सुरक्षा।”

वायरल और ऑरिजिनल पोस्ट में संबित पात्रा की तस्वीर एक ही है, बस टेक्स्ट बदला हुआ है।

इस बारे में हमने एबीपी लाइव-हिंदी के एडिटर अब्दुल वाहिद आजाद से संपर्क किया। उन्होंने इस पोस्ट को फेक बताया।
फेक पोस्ट को शेयर करने वाले फेसबुक यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। दिल्ली के रहने वाले यूजर एक विचारधारा से प्रभावित हैं।
निष्कर्ष: भाजपा सांसद संबित पात्रा के नाम से वायरल हो रही पोस्ट फेक है। एबीपी न्यूज पर इस तरह की कोई खबर नहीं चलाई गई है।
- Claim Review : संबित पात्रा ने कहा है कि महारानी लक्ष्मीबाई की पीठ पर जो बच्चा बंधा था, वो पीएम मोदी थे।
- Claimed By : FB User- Dr-Sitaram Paswan
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












