Fact Check: अखिलेश यादव और सपा की तारीफ करते इमरान मसूद का वायरल बयान 2022 का है
जनवरी 2022 में सपा में शामिल होने के ऐलान के बाद इमरान मसूद ने अखिलेश यादव की तारीफ करते हुए कहा था कि उस साल के विधानसभा चुनाव में मुकाबला भाजपा और सपा के बीच था। उस बयान को अभी का बताकर भ्रामक दावा किया जा रहा है।
- By: Sharad Prakash Asthana
- Published: Oct 1, 2026 at 05:00 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले कांग्रेस और समाजवादी पार्टी (सपा) के गठबंधन को लेकर उठ रहे सवालों के बीच नेताओं की जुबानी जंग जारी है। इस दौरान सहारनपुर से सांसद एवं कांग्रेस नेता इमरान मसूद का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें वह यूपी के पूर्व सीएम और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की तारीफ करते हुए आगामी चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) बनाम सपा का मुकाबला बताते हुए देखे जा सकते हैं। कुछ यूजर्स इसे शेयर कर दावा कर रहे हैं कि यूपी चुनाव 2027 से पहले इमरान मसूद ने यह बयान दिया है।
विश्वास न्यूज ने वीडियो की जांच की तो पता चला कि इमरान मसूद ने यह बयान जनवरी 2022 में दिया था, जब वह कांग्रेस का साथ छोड़कर सपा में शामिल होने वाले थे। इसके बाद अक्टूबर 2023 में वह फिर कांग्रेस में वापस आ गए थे। उन्होंने हाल-फिलहाल में ऐसा कोई बयान नहीं दिया है। इमरान मसूद का पुराना बयान वायरल कर भ्रामक दावा किया जा रहा है।
क्या है वायरल पोस्ट?
एक्स यूजर ‘Prajjawal Kumar Yadav’ ने 30 सितंबर 2026 को एक वीडियो पोस्ट (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा, “बहुत बड़ा बयान। यूपी के जो हालात हैं उसमें चुनाव सीधे सीधे भाजपा vs समाजवादी पार्टी हो गया है। अखिलेश यादव का ऊर्जावान नेतृत्व ही अब प्रदेश के किसानों नौजवानों को बचा सकता है हमारे पास और कोई रास्ता नहीं है – कांग्रेस नेता इमरान मसूद”
पड़ताल
वायरल दावे की जांच के लिए हमने वीडियो का कीफ्रेम निकालकर उसे गूगल लेंस पर सर्च किया। ‘आजतक’ के यूट्यूब चैनल पर हमें इसका ओरिजिनल वीडियो मिला, जिसे 12 जनवरी 2022 को अपलोड किया गया था। इसके अनुसार, इमरान मसूद कांग्रेस छोड़कर सपा में शामिल होने जा रहे थे। इसमें 30 सेकंड के बाद वायरल क्लिप को देखा जा सकता है।
‘एनडीटीवी’ की वेबसाइट पर 10 जनवरी 2022 को छपी एक रिपोर्ट के अनुसार, ”उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस नेता इमरान मसूद ने सपा में जाने का ऐलान किया है। उनका मानना है कि उत्तर प्रदेश में सीधी लड़ाई बीजेपी और सपा के बीच है। मसूद ने 2007 का चुनाव निर्दलीय लड़ा था, जबकि 2012 का चुनाव उन्होंने कांग्रेस के टिकट पर लड़ा था। इसके बाद 2013 में वह सपा में चले गए थे। 2014 में उन्होंने फिर कांग्रेस में वापसी की थी।”

‘टाइम्स नाउ’ की वेबसाइट पर 12 जनवरी 2022 को छपी एक रिपोर्ट में मसूद के सपा में शामिल होने की खबर को पढ़ा जा सकता है।

‘एबीपी’ की वेबसाइट पर 6 अक्टूबर 2023 को प्रकाशित एक रिपोर्ट के मुताबिक, ”मसूद कांग्रेस में वापसी कर रहे हैं। लगभग डेढ़ साल पहले उन्होंने कांग्रेस का साथ छोड़ा था और विधानसभा चुनाव 2022 से ठीक पहले सपा में शामिल हो गए थे। इसके बाद वह अक्टूबर में ही बहुजन समाज पार्टी (बसपा) में शामिल हो गए थे। अब उन्होंने फिर से कांग्रेस में लौटने का फैसला किया है।”

इस बारे में हमने सहारनपुर में ‘दैनिक जागरण’ के ब्यूरो प्रभारी मनीष शर्मा से संपर्क किया। उन्होंने बताया कि इमरान मसूद ने अभी हाल-फिलहाल में ऐसा कोई बयान नहीं दिया है। उनका वायरल वीडियो पुराना है और तब का है, जब वह सपा में जाने वाले थे।
क्या है संदर्भ?
उत्तर प्रदेश में साल 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस और सपा के बीच गठबंधन के कयास लगाए जा रहे हैं। ‘दैनिक जागरण’ की वेबसाइट पर 29 सितंबर 2026 को छपी एक रिपोर्ट के अनुसार, “सपा और कांग्रेस के बीच गठबंधन के कयास के बावजूद दोनों पार्टियों के प्रदेश स्तरीय नेताओं के बयान सामने आ रहे हैं। हाल ही में कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने सीट बंटवारे के सवाल पर कहा था कि बिना कांग्रेस और राहुल गांधी के भाजपा को नहीं हराया जा सकता है। इसका जवाब सपा सांसद इकरा हसन ने यह कहकर दिया था कि यूपी में यदि भाजपा को कोई हरा सकता है तो वह अखिलेश यादव ही हैं। कांग्रेस अपने दम पर यूपी में कुछ नहीं कर पाएगी।”
पुराने वीडियो को भ्रामक दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। यूजर एक विशेष विचारधारा से प्रभावित हैं और फरवरी 2020 में बने इस अकाउंट के 10 हजार से अधिक फॉलोअर्स हैं।
निष्कर्ष: जनवरी 2022 में सपा में शामिल होने के ऐलान के बाद इमरान मसूद ने अखिलेश यादव की तारीफ करते हुए कहा था कि उस साल के विधानसभा चुनाव में मुकाबला भाजपा और सपा के बीच था। उस बयान को अभी का बताकर भ्रामक दावा किया जा रहा है।
- Claim Review : कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा कि यूपी में चुनावी मुकाबला भाजपा और सपा के बीच है।
- Claimed By : X User- Prajjawal Kumar Yadav
- Fact Check : भ्रामक
- Video Posted by YT@AajTak, Dated 12 Jan 2026
- News Report by NDTV, Dated 10 Jan 2022
- News Report by Times Now, Dated 12 Jan 2022
- News Report by ABP, Dated 6 Oct 2023
- News Report by Dainik Jagran, Dated 29 Sep 2026
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












