Fact Check: पटना में पीएम मोदी के रोड शो का पुराना वीडियो नेपाल का बताकर वायरल
नेपाल में विरोध प्रदर्शन के बाद पीएम मोदी वहां नहीं गए हैं। पटना में उनके रोड शो के पुराने वीडियो को नेपाल का बताकर गलत दावा किया जा रहा है।
- By: Sharad Prakash Asthana
- Published: Sep 17, 2025 at 04:21 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। नेपाल में हुए जेन-जी के प्रदर्शन के बाद वहां की पूर्व न्यायाधीश सुशीला कार्की अंतरिम प्रधानमंत्री बनी हैं। नेपाल से जोड़कर सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया जा रहा है। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रोड शो को देखा जा सकता है। कुछ यूजर्स इसे शेयर कर दावा कर रहे हैं कि प्रदर्शन के बाद पीएम मोदी नेपाल के पोखरा पहुंचे हैं।
विश्वास न्यूज की जांच में पता चला कि पीएम मोदी के पटना के रोड शो के वीडियो को नेपाल का बताकर शेयर किया गया है। पीएम मोदी ने 29 मई 2025 को पटना में रोड शो किया था। नेपाल में सत्ता परिवर्तन के बाद पीएम मोदी वहां नहीं गए हैं। 16 सितंबर को भारत के राजदूत नवीन श्रीवास्तव ने नेपाल की नई प्रधानमंत्री सुशीला कार्की से मुलाकात कर उनको पीएम मोदी का बधाई संदेश दिया।
वायरल पोस्ट
इंस्टाग्राम यूजर rohit___rof_01 ने 13 सितंबर को वीडियो को पोस्ट (आर्काइव लिंक) किया है। इस पर लिखा है, “मोदी का एंट्री पोखरा में, नेपाल हिंदू राष्ट“

पड़ताल
हिंसक प्रदर्शन के बाद पीएम मोदी के नेपाल जाने के वायरल दावे की जांच के लिए हमने सबसे पहले कीवर्ड से गूगल पर सर्च किया, लेकिन हमें ऐसी कोई मीडिया रिपोर्ट नहीं मिली।
नेपाल के विदेश मंत्रालय के एक्स हैंडल पर 16 सितंबर को दी गई जानकारी के अनुसार, भारत के राजदूत नवीन श्रीवास्तव ने प्रधानमंत्री सुशीला कार्की से सिंह दरबार स्थित उनके कार्यालय में मुलाकात की। श्रीवास्तव ने नेपाल के प्रधानमंत्री के रूप में उनकी नियुक्ति पर भारत के पीएम मोदी का बधाई संदेश दिया।
17 सितंबर को अमर उजाला की वेबसाइट पर छपी खबर के मुताबिक, 18 सितंबर को पीएम मोदी नेपाल की प्रधानमंत्री सुशीला कार्की से फोन पर बात करेंगे। वहीं, प्रदर्शन के कारण 9 सितंबर की रात से बंद किए गए पशुपतिनाथ मंदिर के द्वार फिर से श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए हैं।

हमने इस बारे में विदेश मंत्रालय को कवर करने वाले दैनिक जागरण के विशेष संवाददाता जेपी रंजन से संपर्क किया। उनके साथ वायरल पोस्ट को शेयर किया। उन्होंने पुष्टि करे हुए बताया कि वायरल पोस्ट पूरी तरह फर्जी है। हाल-फिलहाल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नेपाल की यात्रा पर नहीं गए हैं।
इसके बाद हमने वायरल वीडियो का कीफ्रेम निकालकर उसे गूगल लेंस से सर्च किया। यूट्यूब चैनल @Roamingnikesh पर यह क्लिप हमें 30 मई को अपलोड मिली। इसमें इसे पटना का बताया है।
वीडियो में विद्यालय नं. 2, बेली रोड का बोर्ड लगा दिख रहा है। इस आधार पर हमने गूगल पर सर्च किया। इससे पता चला कि पटना के बेली रोड पर यह विद्यालय स्थित है।

वायरल वीडियो और गूगल इमेज में समानताएं देखी जा सकती हैं।

पीएम मोदी के यूट्यूब चैनल से 29 मई को पटना में हुए रोड शो की स्ट्रीमिंग की गई थी।
बिहार के वीडियो को नेपाल का बताकर शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। एक विचारधारा से प्रभावित यूजर के करीब 900 फॉलोअर्स हैं।
निष्कर्ष: नेपाल में विरोध प्रदर्शन के बाद पीएम मोदी वहां नहीं गए हैं। पटना में उनके रोड शो के पुराने वीडियो को नेपाल का बताकर गलत दावा किया जा रहा है।
- Claim Review : हिंसक प्रदर्शन के बाद पीएम मोदी नेपाल के पोखरा पहुंचे हैं।
- Claimed By : Insta User- rohit___rof_01
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












