X
X

Fact Check: पीएम मोदी के स्वागत में भाजपा के झंडे लहराए जाने का वीडियो गुजरात का है, चीन का नहीं

पीएम मोदी हाल ही में चीन में आयोजित एससीओ शिखर सम्मेलन में शामिल हुए ​थे। हालांकि, उनके स्वागत में भाजपा के झंडे लहराए जाने का वीडियो गुजरात के अहमदाबाद का है।

Politics News, PM Modi welcome video, Gujarat BJP news, BJP rally Gujarat, PM Modi China Video

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। चीन में हाल ही में हुए शंघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी शिरकत की थी। इससे जोड़कर सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें पीएम मोदी को रोड शो करते हुए देखा जा सकता है, जिसमें कई लोग भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का झंडा पकड़े हुए हैं। कुछ यूजर्स दावा कर रहे हैं कि चीन में लोगों ने पीएम मोदी के स्वागत में भाजपा के झंडे लहराए।

विश्वास न्यूज ने इसकी जांच की तो पता चला कि पीएम मोदी के रोड शो का यह वीडियो गुजरात का है। वहां अगस्त के आखिरी में पीएम ने रोड शो निकाला था। उसके वीडियो को चीन का बताकर शेयर किया जा रहा है।

वायरल पोस्ट

फेसबुक यूजर Arjun Rebel ने 12 सितंबर को वीडियो पोस्ट (आर्काइव लिंक) किया है। इस पर लिखा है, “जब चीन में भी भाजपा के झंडे फैहराने लगें तो समझिए कितना लोकप्रिय है विश्व में मोदी जी

पड़ताल

वायरल वीडियो की जांच के लिए हमने इसका कीफ्रेम निकालकर उसे गूगल लेंस से सर्च किया। एक्स यूजर MLA Gautam Chauhan ने इस वीडियो को 25 अगस्त को शेयर किया है। प्रोफाइल के अनुसार, गौतम चौहान गुजरात के तलाजा से भाजपा विधायक हैं। पोस्ट में वीडियो को गुजरात का बताया गया है।

एक अन्य एक्स यूजर @imaheshbhavsar ने भी 25 अगस्त को इस वीडियो को गुजरात का बताते हुए पोस्ट किया है।

एएनआई के एक्स हैंडल से 25 अगस्त को इस वीडियो को पोस्ट किया गया है। पोस्ट में दी गई जानकारी के मुताबिक, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अहमदाबाद में रोड शो किया। प्रधानमंत्री मोदी ने आज अहमदाबाद के खोडलधाम मैदान में 5,400 करोड़ रुपये की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया।”

इसके बाद हमने गूगल पर कीवर्ड से पीएम मोदी के चीन दौरे के ​लेकर सर्च किया। डीडी न्यूज की वेबसाइट पर 1 सितंबर को छपी रिपोर्ट के अनुसार, चीन के तियानजिन में आयोजित 25वें शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के बाद पीएम मोदी भारत के लिए रवाना हुए। यात्रा के दौरान उन्होंने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ द्विपक्षीय बैठकें कीं। इनके साथ ही उन्होंने मालदीव, नेपाल, लाओस, वियतनाम, आर्मेनिया और तुर्कमेनिस्तान के नेताओं से भी मुलाकात की थी।

31 अगस्त को एबीपी लाइव के यूट्यूब चैनल पर छपी वीडियो रिपोर्ट के अनुसार, चीन में पीएम मोदी का भव्य स्वागत हुआ था।

हालांकि, हमें कहीं भी स्वागत के दौरान लोगों द्वारा भाजपा के झंडे लहराए जाने का कोई जिक्र नहीं मिला।

इस बारे में हमने गुजराती जागरण के एसोसिएट एडिटर जीवन कपूरिया से संपर्क किया। उन्होंने बताया कि यह वीडियो अहमदाबाद में पीएम मोदी के रोड शो का है। उन्होंने यहां कई विकास परियाजनाओं का शिलान्यास किया था।

एससीओ शिखर सम्मेलन से जोड़कर इससे पहले भी कुछ पोस्ट वायरल हुई हैं, जिनकी फैक्ट चेक रिपोर्ट को यहां पढ़ा जा सकता है।

वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले फेसबुक यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। मोतिहारी में रहने वाले यूजर के करीब 5100 फॉलोअर्स हैं।

निष्कर्ष: पीएम मोदी हाल ही में चीन में आयोजित एससीओ शिखर सम्मेलन में शामिल हुए ​थे। हालांकि, उनके स्वागत में भाजपा के झंडे लहराए जाने का वीडियो गुजरात के अहमदाबाद का है।

  • Claim Review : चीन में लोगों ने पीएम मोदी के स्वागत में भाजपा के झंडे लहराए।
  • Claimed By : FB User- Arjun Rebel
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later