X
X

Fact Check: बांग्लादेश में हिंदुओं व ईसाइयों पर अत्याचार का मुद्दा उठातीं प्रियंका गांधी का एक साल पुराना वीडियो वायरल

पिछले साल दिसंबर में शीतकालीन सत्र में कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने बांग्लादेश में हिंदुओं और ईसाइयों पर हो रहे अत्याचार का मामला उठाया था। उस क्लिप को पीएम मोदी के साथ हुई बैठक के बाद का बताकर शेयर किया जा रहा है।

Priyanka Gandhi Video, Priyanka Gandhi News, Bangladesh News, Bangladesh violence, Priyanka Gandhi Bangladesh speech

नई दिल्‍ली (विश्‍वास न्‍यूज)। शीतकालीन सत्र के आखिरी दिन 19 दिसंबर को संसद भवन के चैंबर में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने लोकसभा सांसदों के साथ मीटिंग की। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा भी मौजूद थे। इसके बाद सोशल मीडिया पर एक प्रियंका गांधी का एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें उनको सदन में बांग्लादेश में हिंदुओं और ईसाइयों पर हो रहे अत्याचार का मुद्दा उठाते हुए दिखाया गया है। कुछ यूजर्स इसे शेयर कर दावा कर रहे हैं कि पीएम मोदी के साथ बैठक के बाद प्रियंका गांधी ने बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार का मुद्दा उठाया है।

विश्‍वास न्‍यूज ने इसकी जांच की तो पता चला कि प्रियंका गांधी ने दिसंबर 2024 में संसद में बांग्लादेश में हिंदुओं और ईसाइयों पर हो रहे अत्याचार का मुद्दा उठाया था। यह वीडियो उसी दौरान का है। हालांकि, प्रियंका ने हाल ही में बांग्लादेश में हिंदू युवक की हत्या के मामले में भी सरकार से बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों के खिलाफ हो रही हिंसा का संज्ञान लेने और बांग्लादेश सरकार के सामने उनकी सुरक्षा का मुद्दा उठाने की बात की थी।

क्या है वायरल पोस्ट?

इंस्टाग्राम यूजर indiaprimenews24x7 ने प्रियंका गांधी का वीडियो शेयर (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा, “बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों, खासकर हिंदू और ईसाई समुदाय पर हो रहे कथित हमलों को लेकर कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि किसी भी देश में धार्मिक आधार पर हिंसा मानवाधिकारों का गंभीर उल्लंघन है और अंतरराष्ट्रीय समुदाय को इस पर चुप नहीं रहना चाहिए। रिपोर्ट्स के अनुसार, हाल के विरोध-प्रदर्शनों और राजनीतिक अस्थिरता के बीच अल्पसंख्यक इलाकों को निशाना बनाया गया। प्रियंका गांधी ने भारत सरकार से भी अपील की कि वह कूटनीतिक स्तर पर बांग्लादेश सरकार से अल्पसंख्यकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की बात उठाए। यह बयान क्षेत्र में बढ़ती असहिष्णुता और मानवाधिकार संकट की ओर इशारा करता है।”

वीडियो पर लिखा है, “मोदी जी के साथ चाय पीने के बाद प्रियंका गांधी हो गई हैक”

पड़ताल

वायरल दावे की जांच के लिए हमने कीवर्ड से इस बारे में गूगल पर सर्च किया। जी न्यूज के यूट्यूब चैनल पर 16 दिसंबर 2024 को इससे संबंधित वीडियो न्यूज को अपलोड किया गया है। इसके अनुसार, संसद में प्रियंका गांधी ने बांग्लादेश में हिदुओं व ईसाइयों पर हो रहे अत्याचार का मुद्दा उठाया। वीडियो में 2.15 मिनट से वायरल क्लिप को देखा जा सकता है।

16 दिसंबर को संसद टीवी के यूट्यूब चैनल पर लोकसभा के शीतकालीन सत्र की कार्यवाही का वीडियो अपलोड किया गया है। इसमें 2 मिनट के बाद वायरल क्लिप को देखा जा सकता है।

इससे यह तो साबित हो गया कि वायरल वीडियो क्लिप पिछले साल लोकसभा के शीतकालीन सत्र का है।

19 दिसंबर को बीबीसी की खबर के अनुसार, बांग्लादेश में भड़की हिंसा में धर्म का अपमान करने का आरोप लगाकर भीड़ ने हिंदू युवक दीपू चंद्र दास को पीट-पीटकर मार डाला।

प्रियंका गांधी ने 19 दिसंबर को अपने एक्स हैंडल से इस घटना पर चिंता जताते हुए पोस्ट किया, “बांग्लादेश में हिंदू दीपू चंद्र दास की भीड़ द्वारा बर्बरतापूर्ण हत्या का समाचार अत्यंत चिंताजनक है। किसी भी सभ्य समाज में धर्म, जाति, पहचान आदि के आधार पर भेदभाव, हिंसा और हत्या मानवता के खिलाफ अपराध है। भारत सरकार को पड़ोसी देश में हिंदू, ईसाई और बौद्ध अल्पसंख्यकों के खिलाफ बढ़ती हिंसा का संज्ञान लेना चाहिए और बांग्लादेश सरकार के समक्ष उनकी सुरक्षा का मुद्दा मजबूती से उठाना चाहिए।”

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने 19 दिसंबर को पीएम मोदी और कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी समेत अन्य संसद सदस्यों के साथ बैठक की फोटो पोस्ट करते हुए लिखा है कि 18वीं लोकसभा के छठे सत्र के समापन के पश्चात पीएम मोदी और सभी दलों के नेताओं के साथ संसद भवन स्थित कार्यालय में सुखद वार्ता हुई।

इस बारे में यूपी कांग्रेस के प्रवक्ता अभिमन्यु त्यागी का कहना है कि कांग्रेस सभी के हित की बात करती है और उनके मुद्दों को उठाती रही है। पीएम मोदी के साथ बैठक के बाद बांग्लादेश के अल्पसंख्यकों के मुद्दों को उठाने का दावा गलत है। वायरल क्लिप पिछले साल के शीतकालीन सत्र की है।

पुराने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। यूजर को 5800 से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं।

निष्कर्ष: पिछले साल दिसंबर में शीतकालीन सत्र में कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने बांग्लादेश में हिंदुओं और ईसाइयों पर हो रहे अत्याचार का मामला उठाया था। उस क्लिप को पीएम मोदी के साथ हुई बैठक के बाद का बताकर शेयर किया जा रहा है।

  • Claim Review : पीएम मोदी के साथ बैठक के बाद प्रियंका गांधी ने बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार का मुद्दा उठाया है।
  • Claimed By : Insta User- indiaprimenews24x7
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later