X
X

Fact Check: राहुल गांधी ने हिंदुओं के खिलाफ नहीं, बल्कि जांच एजेंसियों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही थी

विश्‍वास न्‍यूज की जांच में वायरल पोस्‍ट फर्जी साबित हुई। हमने अपनी पड़ताल में पाया कि राहुल गांधी ने हिंदुओं के खिलाफ कार्रवाई की कोई बात नहीं कही थी। उन्‍होंने जांच एजेंसियों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही थी। 

नई दिल्‍ली (Vishvas News)।  कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के एक वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि उन्होंने हिंदुओं को धमकी दी है कि जब भाजपा सरकार हट जाएगी, तब उनके खिलाफ कार्रवाई होगी।

विश्‍वास न्‍यूज ने अपनी जांच में पाया कि राहुल गांधी ने कार्रवाई की बात हिंदुओं के खिलाफ नहीं, बल्कि जांच एजेंसियों के खिलाफ कही थी। उनके बयान के अधूरे अंश को गलत दावे के साथ वायरल किया जा रहा है।

क्‍या हो रहा है वायरल

फेसबुक यूजर R N Sharma ने 29 मार्च को राहुल गांधी के इस वीडियो को शेयर करते हुए लिखा, “जब बीजेपी की सरकार हटेगी फिर हिन्दुओं के खिलाफ, ऐसी कार्यवाही होगी जिसके बारे में हिन्दुओं ने सोचा भी नहीं होगा इटेलियन मंदबुद्धि बालक की देशवासियों को खुली धमकी।क्या इस पर चुनाव आयोग कोई कार्रवाई करेगा…? लोग प्यार से या मज़ाक मे इसे पप्पू भी कहते हैं लेकिन यह यह पप्पू नहीं l यह नक्सलियों और आतंकियों से भी ज्यादा खतरनाक है और इसके इरादे साजिशें बहुत ही भयानक हैं l हिन्दुओ अभी भी मौका है संभल जाओ…मुझे समझ मे नही आता क्यु सेकुलर हिन्दू इस खानदान को वोट देते हैं, यह है कौन? राजनीतिक दल का प्रमुख है या किसी उग्र सामाजिक संगठन का सदस्य विचार अवश्य कीजिए ।”

 इसका आर्काइव वर्जन यहां देखें।

पड़ताल

पड़ताल शुरू करते हुए हमने इस वीडियो के कीफ्रेम्‍स को गूगल लेंस के जरिए सर्च किया। हमें यह पूरा वीडियो राहुल गांधी के X हैंडल पर  29 मार्च 2024 को अपलोड मिला। यहाँ साफ़ सुना जा सकता है कि वे जांच एजेंसियों के बारे में बात करते हुए कह रहे हैं, “यदि ये इंस्टीट्यूशन अपना काम करते हैं । यदि सीबीआई अपना काम करती। ईडी अपना काम करती तो यह नहीं होता। तो उन्हें यह भी सोचना चाहिए कि जो वह यह सब कर रहे। किसी न किसी दिन बीजेपी की सरकार बदलेगी। फिर कार्रवाई होगी। ऐसी कार्रवाई होगी कि मैं गारंटी कर रहा हूं। यह फिर से कभी नहीं होगा। तो इनको भी सोचना चाहिए।”

टाइम टूल का इस्तेमाल करके ढूंढ़ने पर हमें मार्च 2024 में राहुल गांधी के इस बयान को लेकर कई खबरें मिली। एबीपी लाइव डॉट कॉम की 29 मार्च 2024 को पब्लिश हुई एक खबर के अनुसार “टैक्स के मुद्दे पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा है कि लोकतंत्र के खिलाफ काम करने वालों पर सरकार बदलने पर कार्रवाई होगी।”

इंडिया टीवी की  29 मार्च 2024 की खबर में भी उनके इस बयान का ज़िक्र मिला। यहाँ भी ये बयान जांच एजेंसियों के बारे में ही बताया गया।  

राहुल गांधी का यह वीडियो एक बार पहले भी वायरल हुआ था और उस समय भी विश्वास न्यूज़ ने इसकी जांच की थी। उस समय हमने कांग्रेस के प्रवक्‍ता सुरेंद्र राजपूत से संपर्क किया था। उन्‍होंने बताया था कि राहुल गांधी से जुड़ी वायरल पोस्‍ट फर्जी है। फेक न्‍यूज फैलाने वालों के खिलाफ समय आने पर कठोर कार्रवाई होगी। राहुल गांधी ने स्‍पष्‍ट रूप से कहा है-  इनकम टैक्‍स, सीबीआई और ईडी के खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी। जिन लोगों ने गलत तरीके से उन्‍हें फंसाया है। राहुल गांधी के खिलाफ फेक नैरेटिव फैलाने के लिए ट्रोल आर्मी हिंदू शब्‍द का इस्‍तेमाल कर रहे हैं।

 अंत में हमने फर्जी पोस्‍ट करने वाले यूजर की जांच की । पता चला कि यूजर R N Sharma के फेसबुक पर लगभग 5000 फॉलोअर्स हैं।

निष्कर्ष: विश्‍वास न्‍यूज की जांच में वायरल पोस्‍ट फर्जी साबित हुई। हमने अपनी पड़ताल में पाया कि राहुल गांधी ने हिंदुओं के खिलाफ कार्रवाई की कोई बात नहीं कही थी। उन्‍होंने जांच एजेंसियों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही थी। 

  • Claim Review : राहुल गांधी ने हिंदुओं को धमकी दी है कि जब भाजपा सरकार हट जाएगी, तब उनके खिलाफ कार्रवाई होगी।
  • Claimed By : FB User R N Sharma
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later