X
X

Fact Check: पुलिस अधिकारी से बहस करते नेता का यह वीडियो बंगाल का नहीं, त्रिपुरा का है

त्रिपुरा के उनाकोटी जिले में 12 अप्रैल को वक्फ संशोधन कानून के खिलाफ निकाली गई रैली में हिंसा हो गई थी, जिसके बाद एसपी और कांग्रेस नेता की बहस हो गई थी। उस वीडियो को बंगाल का बताकर शेयर किया जा रहा है।    

Waqf act protest, Tripura, west Bengal, trinamool congress leader,

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। वक्फ संशोधन कानून के विरोध में कुछ राज्यों में प्रदर्शन हो रहे हैं। पश्चिम बंगाल के कुछ जिलों में प्रदर्शन ने हिंसक रूप ले लिया। बंगाल की कानून-व्यवस्था पर निशाना साधते हुए सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें महिला पुलिस अधिकारी और नेता को कानून-व्यवस्था को लेकर बहस करते देखा जा सकता है। कुछ यूजर्स इसे बंगाल का बताकर शेयर कर रहे हैं। यूजर्स दावा कर रहे हैं कि बंगाल में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) का मुस्लिम नेता ऊंची अवाज में डीआईजी से बहस कर रहा है।    

इस दावे की जांच करने पर विश्वास न्यूज को पता चला कि वायरल वीडियो बंगाल का नहीं, बल्कि त्रिपुरा का है। त्रिपुरा के कैलाशहर में वक्फ संशोधन कानून के खिलाफ रैली निकाली गई थी। इस दौरान बवाल होने से पुलिसकर्मी समेत कई लोग घायल हो गए थे। इसके बाद एसपी और कांग्रेस नेता के बीच बहस हो गई थी। उस वीडियो को बंगाल का बताकर वायरल किया जा रहा है।  

वायरल पोस्ट

एक्स यूजर दीपक शर्मा ने 15 अप्रैल को इस वीडियो को सांप्रदायिक रंग देते हुए बंगाल का बताकर शेयर (आर्काइव लिंक) किया।

फेसबुक यूजर Vineet Hindu ने इस वीडियो को पोस्ट (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा,

“ये है बंगाल की हकीकत…एक DIG से एक दो कौड़ी का TMC का … कैसे बात कर रहा साथ के साथ धमकी भी दे रहा और अधिकारी बेचारी बनकर सब सुन रही..पता है क्यों.. क्यूंकि सामने वाला मुस्लिम है.. और बंगाल में पुलिस को मुसलमान से तेज़ आवाज़ में बात करने की इजाजत नहीं..मेरा प्रशन ये है…?जब ये सब हम जैसे आम लोगों को दिखता है तो साहब को दिखाई नहीं देता होगा…? ये है बंगाल की हकीकत…”

पड़ताल

वायरल दावे की जांच के लिए हमने वीडियो का कीफ्रेम निकालकर उसे गूगल लेंस से सर्च किया। 12 अप्रैल 2025 को यूट्यूब चैनल Sangbad365din पर इससे संबंधित वीडियो न्यूज को अपलोड किया गया है। इसमें वायरल वीडियो को भी देखा जा सकता है। इसमें पुलिस अधिकारी कानून-व्यवस्था को लेकर नेता से बहस करती दिख रही हैं। वह कह रही हैं कि बवाल में पुलिसकर्मियों और अन्य लोगों को चोट आई हैं। इसको लेकर वह कार्रवाई करेंगी। वीडियो के टाइटल में लिखा है कि कैलाशहर में तनावपूर्ण स्थिति को लेकर एसपी और जिला कांग्रेस अध्यक्ष के बीच बहस हुई।

13 अप्रैल को बीबीसी की रिपोर्ट में भी वायरल वीडियो के स्क्रीनशॉट का प्रयोग किया गया है। रिपोर्ट के अनुसार, “वक्फ कानून के खिलाफ त्रिपुरा के उनाकोटी जिले के कैलाशहर में ज्वाइंट एक्शन कमेटी ने रैली का आयोजन किया था। इसका नेतृत्व विपक्षी कांग्रेस नेता मोहम्मद बदरुज्जमां ने किया। जुलूस में कथित तौर पर जूता फेंके जाने के बाद प्रदर्शनकारी पुलिस से भिड़ गए। आरोप है कि इस दौरान पुलिसकर्मियों पर ईंट, पत्थर और बोतलें फेंकी गईं। इस बवाल में सात पुलिसकर्मी घायल हुए थे। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को हल्का लाठीचार्ज करना पड़ा। शाम को उनाकोटी जिले की एसपी सुधांबिका आर और डीआईजी (उत्तरी रेंज) रति रंजन देबनाथ ने घटनास्थल का दौरा किया। इस मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर आठ लोगों को गिरफ्तार किया है।”

12 अप्रैल को दैनिक जागरण इंग्लिश की वेबसाइट पर त्रिपुरा के उनाकोटी जिले में हुई हिंसा के संबंध में खबर छपी है। इसमें पीटीआई के हवाले से लिखा है कि त्रिपुरा के उनाकोटी जिले में वक्फ संशोधन अधिनियम के विरोध में 12 अप्रैल को रैली निकाली गई थी। इस दौरान हुई हिंसा में 18 पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं।

इस बारे में हमने त्रिपुरा बेस्ड यूट्यूब चैनल Sangbad365din के रिपोर्टर मनब रॉय से संपर्क किया। उनका कहना है कि यह त्रिपुरा का वीडियो है। वक्फ कानून के विरोध में रैली निकाली गई थी। बाद में एसपी और कांग्रेस नेता के बीच कानून-व्यवस्था को लेकर बहस हो गई थी।

दैनिक जागरण की वेबसाइट पर 14 अप्रैल को छपी खबर के मुताबिक, बंगाल के मुर्शिदाबाद और दक्षिण 24 परगना जिले में वक्फ संशोधन कानून के खिलाफ हिंसा हुई। मुर्शिदाबाद में हिंसा में तीन लोगों की मौत हो गई थी, जबकि कई घायल हुए थे।  

त्रिपुरा के वीडियो को बंगाल का बताकर शेयर करने वाले एक्स यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। एक विचारधारा से प्रभावित यूजर के 1 लाख 50 हजार से अधिक फॉलोअर्स हैं।

निष्कर्ष: त्रिपुरा के उनाकोटी जिले में 12 अप्रैल को वक्फ संशोधन कानून के खिलाफ निकाली गई रैली में हिंसा हो गई थी, जिसके बाद एसपी और कांग्रेस नेता की बहस हो गई थी। उस वीडियो को बंगाल का बताकर शेयर किया जा रहा है।    

  • Claim Review : बंगाल में टीएमसी का मुस्लिम नेता ऊंची अवाज में डीआईजी से बहस कर रहा है।
  • Claimed By : X User- SonOfBharat7
  • Fact Check : भ्रामक

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later