X
X

Fact Check: वक्फ कानून के खिलाफ बंगाल में हुई हिंसा के नाम पर बांग्लादेश का वीडियो वायरल

बांग्लादेश के वीडियो को पश्चिम बंगाल में हुई हिंसा का बताकर वायरल किया जा रहा है। हालांकि, बंगाल के मुर्शिदाबाद में हुई हिंसा में तीन लोगों की मौत हो गई थी।

Bangladesh viral video, Bengal Waqf Act protest, Waqf Act controversy, Bengal violence, Murshidabad Violence

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। वक्फ कानून के खिलाफ पश्चिम बंगाल के कई हिस्सों में प्रदर्शन हुए हैं, जबकि मुर्शिदाबाद में हिंसा भड़क उठी थी। इससे जोड़कर सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें भीड़ में शामिल लोगों को एक दुकान में लूटपाट करते देखा जा सकता है। कुछ यूजर्स इस वीडियो को बंगाल का बताकर दावा कर रहे हैं कि वेस्ट बंगाल में हिंदुओं को मारकर उनकी दुकानें लूटी जा रही हैं।

विश्वास न्यूज की जांच में पता चला कि बंगाल में हुई हिंसा के नाम से वायरल वीडियो बांग्लादेश का है। हालांकि, पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में वक्फ संशोधन कानून के विरोध में हिंसा हुई थी। मुर्शिदाबाद में हुई हिंसा में तीन लोगों की मौत हो गई थी।

वायरल पोस्ट

फेसबुक यूजर Anupam Krantikari ने 15 अप्रैल को इस वीडियो को शेयर (आर्काइव लिंक) किया है। इस पर लिखा है, “पश्चिम बंगाल में हिन्दुओं को मारकर उनके घर दुकान लूटी जा रही है, अपना सब कुछ छोड़कर हिन्दू भाग रहे हैं“

पड़ताल

वायरल दावे की जांच के लिए हमने वीडियो का कीफ्रेम निकालकर उसे गूगल लेंस की मदद से सर्च किया। 8 अप्रैल 2025 को वायरल वीडियो को SP Tones नाम के यूट्यूब चैनल पर अपलोड किया गया है।

इसी तरह का एक अन्य वीडियो md shiblu970 यूट्यूब चैनल पर अपलोड किया गया है। वायरल वीडियो और इस वीडियो की लोकेशन एक ही है।

इसमें बैंक के बोर्ड पर गैर हिंदी भाषा में इस ब्रांच के बारे में जानकारी दी गई है। गूगल ट्रांसलेट से चेक करने पर पता चला​ कि सिलहट ब्रांच लिखा हुआ है।

इस बारे में गूगल पर सर्च करने पर हमें आईसीबी इस्लामिक बैंक लिमिटेड की लोकेशन मिली। इसके आसपास की लोकेशन वायरल वीडियो वाली लोकेशन ही है। यह लोकेशन बांग्लादेश के सिलहट की है।

इस बारे में हमने बांग्लादेश के स्थानीय पत्रकार अराफात से संपर्क किया। उनका कहना है कि वायरल वीडियो में बांग्लादेश के सिलहट के आईसीबी इस्लामिक बैंक लिमिटेड की ब्रांच दिख रही है।

दैनिक जागरण की वेबसाइट पर 14 अप्रैल को छपी खबर के अनुसार, “वक्फ संशोधन  कानून के खिलाफ बंगाल के मुर्शिदाबाद में 11 अप्रैल को हिंसा भड़क उठी थी, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई थी। 14 अप्रैल को  यहां फिर हालात बिगड़ गए थे। उपद्रवियों ने केंद्रीय बल के जवानों और पुलिस फोर्स पर पथराव किया था। वहीं, दक्षिण 24 परगना जिले में भी उपद्रवियों की पुलिस के साथ हिंसक झड़प हुई थी। अतिरिक्त महानिदेशक (कानून एवं व्यवस्था) जावेद शमीम का कहना है कि हिंसा मामले में मुर्शिदाबाद में 210 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। वहां हालात सामान्य हो रहे हैं। 19 परिवार अपने घर वापस लौट चुके हैं।”

बांग्लादेश के वीडियो को बंगाल का बताकर शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। गोला गोकरनाथ में रहने वाले यूजर एक विचारधारा से प्रभावित हैं।

निष्कर्ष: बांग्लादेश के वीडियो को पश्चिम बंगाल में हुई हिंसा का बताकर वायरल किया जा रहा है। हालांकि, बंगाल के मुर्शिदाबाद में हुई हिंसा में तीन लोगों की मौत हो गई थी।

  • Claim Review : बंगाल में हिंदुओं को दुकानों को लूटने का वीडियो।
  • Claimed By : FB User- Anupam Krantikari
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later