X
X

Fact Check : राबड़ी देवी ने मुसलमानों और यादवों को नहीं बताया ‘गुलाम’, फर्जी बयान वायरल

बिहार की पूर्व मुख्‍यमंत्री राबड़ी देवी के नाम पर सोशल मीडिया पर एक बयान वायरल हो रहा है। इसमें दावा किया गया है कि उन्‍होंने मुसलमानों और यादवों को अपना गुलाम बताया है। बिहार चुनाव के दौरान इस पोस्‍ट को काफी ज्‍यादा शेयर करके राबड़ी देवी के खिलाफ दुष्‍प्रचार किया जा रहा है।

नई दिल्‍ली (विश्‍वास न्‍यूज)। बिहार की पूर्व मुख्‍यमंत्री राबड़ी देवी के नाम पर सोशल मीडिया पर एक बयान वायरल हो रहा है। इसमें दावा किया गया है कि उन्‍होंने मुसलमानों और यादवों को अपना गुलाम बताया है। बिहार चुनाव के दौरान इस पोस्‍ट को काफी ज्‍यादा शेयर करके राबड़ी देवी के खिलाफ दुष्‍प्रचार किया जा रहा है।

विश्‍वास न्‍यूज ने विस्‍तार से इसकी जांच की। दावा पूरी तरह बेबुनियाद साबित हुआ। राबड़ी देवी ने कभी भी ऐसा कोई बयान नहीं दिया।

क्‍या हो रहा है वायरल

Shahbaz Afridi Aimim नाम के एक फेसबुक यूजर ने 29 अक्‍टूबर को एक पोस्‍ट करते हुए लिखा, “मुसलमान और यादव हमारे गुलाम हैं : राबड़ी देवी।”

पोस्‍ट में राबड़ी देवी की तस्‍वीर का इस्‍तेमाल करते हुए लिखा गया, “मुसलमान और यादव हमारे गुलाम है। ये कभी भी आरजेडी के खिलाफ नहीं जाएंगे।”

वायरल पोस्‍ट के कंटेंट को यहां ज्‍यों का त्‍यों ही लिखा गया है। इसे सच मानकर कई यूजर्स शेयर कर रहे हैं। पोस्‍ट का आर्काइव वर्जन यहां देखें।

पड़ताल

विश्‍वास न्‍यूज ने सबसे पहले बिहार की पूर्व सीएम राबड़ी देवी के नाम से वायरल बयान की जांच के लिए गूगल ओपन सर्च टूल का इस्‍तेमाल किया। कीवर्ड के जरिए सर्च करने पर हमें एक भी ऐसी खबर नहीं मिली, जो वायरल दावे की पुष्टि कर सके। यदि पूर्व सीएम ने ऐसा कोई बयान दिया होता तो वह न सिर्फ चर्चा में रहता, बल्कि खबरों में आता। हमें ऐसा कुछ भी इंटरनेट पर नहीं मिला।

सर्च के दौरान हमें बिहार चुनाव से जुड़ी राबड़ी देवी की कुछ लेटेस्‍ट खबरें मिलीं। नवभारतटाइम्‍स डॉट कॉम पर 3 नवंबर को पब्लिश एक खबर में बताया गया कि राबड़ी देवी ने महुआ से चुनाव लड़ रहे तेज प्रताप यादव को आशीर्वाद देते हुए कहा कि घर से निकाला है, दिल से नहीं।

इसके अलावा राबड़ी देवी के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल्‍स पर चुनाव से जुड़े वीडियो मिले, लेकिन कहीं भी वायरल पोस्‍ट वाला बयान नहीं मिला।

विश्‍वास न्‍यूज ने पड़ताल के दौरान अपने सहयोगी दैनिक जागरण, बिहार के राज्य ब्यूरो प्रमुख अरुण अशेष से संपर्क करते हुए उनके साथ वायरल पोस्‍ट को शेयर किया। उन्‍होंने कहा कि राबड़ी देवी ने कभी भी ऐसा कोई बयान नहीं दिया गया है।

विश्‍वास न्‍यूज ने आरजेडी प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी से भी संपर्क किया। उन्‍होंने बताया कि वायरल पोस्‍ट पूरी तरह गलत है। राबड़ी देवी ने कभी भी मुसलमानों और यादवों को लेकर कोई गलत बात नहीं बोली है।

पड़ताल के अंत में हमने फर्जी पोस्‍ट करने वाले यूजर की जांच की। पता चला कि यूजर को फेसबुक पर करीब पांच हजार से ज्‍यादा लोग फॉलो करते हैं। यूजर राजनीतिक पोस्‍ट काफी शेयर करता है। इससे ज्‍यादा जानकारी इस अकाउंट के बारे में नहीं मिली।

निष्‍कर्ष : विश्‍वास न्‍यूज की पड़ताल में वायरल पोस्‍ट फर्जी साबित हुई। जांच में पता चला कि बिहार की पूर्व मुख्‍यमंत्री राबड़ी देवी ने कभी भी मुसलमानों और यादवों को लेकर गुलाम वाला कोई बयान नहीं दिया है।

  • Claim Review : राबड़ी देवी ने मुसलमानों व यादवों को बताया गुलाम।
  • Claimed By : FB User Shahbaz Afridi Aimim
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later