X
X

Fact Check : रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम धोखेबाज सक्रिय, बचें अपनी जानकारी देने से

रेलवे में गार्ड की नौकरी के नाम पर धोखाधड़ी की जा रही है। सोशल मीडिया के विभिन्‍न प्‍लेटफॉर्म पर एक वीडियो में दावा किया जा रहा है कि रेलवे में गार्ड और टीटीई की जरूरत है। पड़ताल में यह फेक साबित हुआ।

नई दिल्‍ली (Vishvas News)। सरकारी नौकरी के नाम पर साइबर ठग काफी सक्रिय हैं। ये धोखेबाज कभी आंगनबाड़ी भर्ती तो कभी एयरपोर्ट में नौकरी के नाम पर लोगों को चूना लगाते हैं। विश्‍वास न्‍यूज समय-समय पर इनकी पड़ताल कर पाठकों के सामने सच लाता रहता है।

अब रेलवे में गार्ड की नौकरी के नाम पर धोखाधड़ी की जा रही है। सोशल मीडिया के विभिन्‍न प्‍लेटफॉर्म पर वायरल वीडियो में दावा किया जा रहा है कि रेलवे में गार्ड और टीटीई की जरूरत है। चालीस हजार रुपये वेतन की बात की जा रही है। साथ में एक मोबाइल नंबर पर संपर्क करने के साथ 1120 रुपये फीस के तौर पर मांगे जा रहे हैं।

विश्‍वास न्‍यूज ने इसकी जांच की। यह धोखाधड़ी साबित हुई। भारतीय रेलवे इस तरह से कभी भी जॉब नहीं निकालता है। इसके लिए रेलवे भर्ती बोर्ड या फिर रेलवे भर्ती सेल है। इनकी वेबसाइट पर ही रेलवे की नौकरी की सूचना आती है। साथ ही अखबार में इसके लिए विज्ञापन जारी होता है।

क्‍या हो रहा है वायरल

इंस्‍टाग्राम हैंडल indin_job11 ने रेलवे में नौकरी के नाम पर छह जनवरी को एक पोस्‍ट किया। इसमें दावा किया गया कि ड्राइवर के साथ हरी झंडी दिखाने के लिए 20 हजार गार्ड की जरूरत है। सेलरी 40 हजार रूपए। साथ में कहा गया कि रेलवे संपर्क करेगा।

साथ में 1120 रूपए आईडी फीस के तौर पर मांगा गया है। 6000156627 नंबर पर कॉल करने के लिए भी इसमें कहा गया है। यूजर से कमेंट बॉस में अपना मोबाइल नंबर टाइप करने के लिए कहा गया।

वायरल पोस्‍ट के कंटेंट को यहां ज्‍यों का त्‍यों लिखा गया है। इसे सच समझकर दूसरे कई यूजर्स शेयर कर रहे हैं। वायरल पोस्‍ट के आर्काइव वर्जन को यहां देखा जा सकता है। टीटी की जॉब के नाम पर भी ऐसी एक पोस्‍ट वायरल है।

पड़ताल

विश्‍वास न्‍यूज ने वायरल दावे की सच्‍चाई जानने के लिए सबसे पहले गूगल ओपन सर्च टूल का इस्‍तेमाल किया। हमें ऐसी कोई खबर या नोटिफिकेशन नहीं मिला, जिससे यह पता चले कि रेलवे में गार्ड की भर्ती के लिए आवेदन मांगा गया है।

जांच को आगे बढ़ाते हुए हमने यह जानना चाहा कि रेलवे में गार्ड की भर्ती आखिर होती कैसे है। न्‍यूज 18 की वेबसाइट पर एक खबर में बताया गया, “रेलवे गार्ड पद पर भर्ती आरआरबी एनटीपीसी परीक्षा के जरिए होती है। इसके लिए किसी भी स्ट्रीम में ग्रेजुएशन होना चाहिए। रेलवे गार्ड पद पर भर्ती होने के लिए उम्र कम से कम से कम 18 साल और अधिकतम 33 साल होनी चाहिए।”

जांच को आगे बढ़ाते हुए रेल भर्ती बोर्ड, चंडीगढ़ की ऑफिशियल वेबसाइट को स्‍कैन किया गया। यहां हमें एक नोटिस मिला। रेलवे भर्ती बोर्ड की वेबसाइट पर लोगों को ऐसी फर्जी नौकरी के नाम पर ठगने वालों से सावधान रहने को कहा गया है।

इसमें अंग्रेजी में लिखा गया, “महत्वपूर्ण: रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) से संबंधित किसी भी सूचना/जानकारी के लिए उम्मीदवारों को केवल आरआरबी की आधिकारिक वेबसाइटों पर ही जाना चाहिए। आरआरबी के संबंध में सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली किसी भी जानकारी/नोटिस को कृपया नजरअंदाज कर दिया जाए। दलालों और रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगने वालों से सावधान रहें।”

विश्‍वास न्‍यूज ने वेबसाइट पर दिए गए नंबर पर संपर्क किया। उन्‍होंने जानकारी देते हुए बताया कि रेलवे में सोशल मीडिया के जरिए नौकरी नहीं मिलती है। नौकरी के लिए आवेदन रेलवे भर्ती बोर्ड और रेलवे भर्ती सेल की आधिकारिक वेबसाइटों के जरिए मांगे जाते हैं।

डीआरएम, Thiruvananthapuram के एक्‍स हैंडल पर पांच जनवरी को एक पोस्‍ट करते हुए लोगों को सतर्क रहने की अपील की गई। इसमें बताया गया कि धोखेबाजों के झांसे में न आएं। रेलवे की नौकरी की अधिसूचनाएं केवल आधिकारिक आरआरबी वेबसाइटों और सत्यापित हैंडल पर ही होती हैं।

https://twitter.com/TVC138/status/1875854258417074221

घोटालेबाजों द्वारा इस्‍तेमाल की जाने वाली रणनीतियां

रेलवे में नौकरी की प्रकिया

विश्‍वास न्‍यूज ने जांच को आगे बढ़ाते हुए उत्तर मध्य रेलवे के वरिष्ठ जनसंपर्क अधिकारी डॉ अमित मालवीय से संपर्क किया। उन्‍होंने जानकारी देते हुए बताया कि भारतीय रेलवे कभी भी इस तरह से जॉब नहीं देता है, जैसा कि वायरल पोस्‍ट में दावा किया गया है। रेलवे में जॉब के लिए रेलवे भर्ती बोर्ड और रेलवे रिक्रूटमेंट सेल हैं। इन्‍हीं के माध्‍यम से नौकरियों के लिए आवेदन निकाला जाता है।

निष्‍कर्ष : विश्‍वास न्‍यूज की पड़ताल में रेलवे में 20 हजार गार्ड की भर्ती के नाम पर वायरल पोस्‍ट फर्जी साबित हुई। यह एक प्रकार की धोखाधड़ी है। ऐसी पोस्‍ट में दिए गए नंबर पर अपनी निजी जानकारी साझा न करें और रजिस्‍ट्रेशन के नाम पर कोई शुल्‍क न दें।

  • Claim Review : रेलवे में 20 हजार गार्ड की नौकरी
  • Claimed By : IG User indin_job11
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later