X
X

Fact Check: दिल्ली के लक्ष्मी नगर की मारपीट का वीडियो छत्तीसगढ़ के रायगढ़ की घटना बताकर किया जा रहा है शेयर

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में महिला पुलिसकर्मी से बदसलूकी की घटना सत्य है, लेकिन उसके नाम पर शेयर किया जा रहा वीडियो दिल्ली के लक्ष्मी नगर का है।

  • By: Pallavi Mishra
  • Published: Jan 20, 2026 at 03:27 PM
  • Updated: Jan 20, 2026 at 03:31 PM

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर इन दिनों एक बेहद विचलित करने वाला वीडियो वायरल हो रहा है।  वीडियो में कुछ लोगों को एक व्यक्ति की पिटाई करते देखा जा सकता है। दावा किया जा रहा है कि छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में कोयला खदान के विरोध के दौरान प्रदर्शनकारियों ने एक महिला पुलिस अधिकारी के कपड़े फाड़ दिए और उसे अधनंगा कर पीटा गया।

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि रायगढ़ में इस तरह की एक घटना तो हुई है, लेकिन जो वीडियो इस दावे के साथ फैलाया जा रहा है, वह दिल्ली का है, छत्तीसगढ़ का नहीं।

क्या है वायरल पोस्ट?

फेसबुक यूजर Mumtaaz Khan (Archive Link) ने 7 जनवरी 2026 को वायरल वीडियो को शेयर किया और साथ में लिखा, “स्थान: रायगढ़, #छत्तीसगढ़ महिला रोती-रोती और गिड़गिड़ाती रही, “भाई, मुझे छोड़ दो, मुझे माफ़ कर दो।” कोयला खदान के विरोध प्रदर्शन के दौरान, एक महिला पुलिस अधिकारी के कपड़े फाड़ दिए गए, जिससे वह अधनंगी हो गई, और उसका आधा किलोमीटर तक पीछा किया गया।Bjp ने हिन्दू समाज को धर्म की afeem खिला कर राछस बना दिया है ।”

पड़ताल

वायरल दावे की जांच के लिए हमने सबसे पहले वीडियो के की-फ्रेम्स को गूगल लेंस पर रिवर्स इमेज सर्च किया।

हमें ‘इंडिया टीवी‘, जागरण डॉट कॉम और ‘दैनिक भास्कर‘ की जनवरी 5, 2026 की खबरें मिलीं, जहां वायरल वीडियो और वीडियो के स्क्रीनशॉट्स को इस्तेमाल किया गया था। रिपोर्ट्स के अनुसार, यह वीडियो दिल्ली के लक्ष्मी नगर का है। वहां 2 जनवरी 2026 को एक जिम विवाद के बाद बदमाशों ने एक घर में घुसकर तोड़फोड़ की थी और पिता-पुत्र को निर्वस्त्र कर सरेआम सड़क पर पीटा था। वायरल हो रहे विजुअल्स इसी दिल्ली वाली घटना के हैं।

हमने  इस मामले में पीड़ित व्यक्ति की मां और वायरल वीडियो में अंत में दिख रहीं महिला रीता गर्ग से संपर्क किया। उन्होंने कन्फर्म किया कि वीडियो उन्हीं के घर के बाहर  का है और ये मामला दिल्ली का है।

विश्वास न्यूज ने जब वायरल वीडियो के ऊपर और नीचे लगी तस्वीरों को रिवर्स इमेज सर्च किया, तो हमें ओमकार यादव नाम के एक व्यक्ति का सोशल मीडिया प्रोफाइल मिला। वायरल पोस्ट में इस्तेमाल की गई दोनों फोटो इसी प्रोफाइल पर मिलीं। ध्यान देने वाली बात यह है कि दिल्ली के लक्ष्मी नगर वाले मामले में, जहाँ पिता-पुत्र को निर्वस्त्र कर पीटा गया था, पुलिस ने जिन आरोपियों का नाम लिया है उनमें से एक ओमकार यादव है। 

छत्तीसगढ़ की घटना का सच

कीवर्ड्स से ढूंढ़ने पर हमें कई खबरें मिलीं, जिनके अनुसार 27 दिसंबर 2025 को छत्तीसगढ़ के रायगढ़ के तमनार इलाके में कोयला खदान विरोध प्रदर्शन के दौरान महिला पुलिस कांस्टेबल के साथ बदसलूकी हुई थी और उनके कपड़े फाड़ दिए गए थे। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी चित्रसेन साहू और उसके साथियों को गिरफ्तार किया था और उनका जुलूस भी निकाला था।

वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले फेसबुक यूजर Mumtaaz Khan की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया।  यूजर के 5700 से ज्यादा फॉलोअर्स हैं।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में महिला पुलिसकर्मी से बदसलूकी की घटना सत्य है, लेकिन उसके नाम पर शेयर किया जा रहा वीडियो दिल्ली के लक्ष्मी नगर का है।

  • Claim Review : छत्तीसगढ़ में कोयला खदान प्रदर्शन के दौरान महिला पुलिस अधिकारी के साथ मारपीट किये जाने का वीडियो।
  • Claimed By : FB User Mumtaaz Khan
  • Fact Check : भ्रामक

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later