Fact Check: झारखंड में पिता का बेटी से शादी का दावा फर्जी, स्क्रिप्टेड वीडियो का स्क्रीनशॉट फर्जी दावे के साथ वायरल
विश्वास न्यूज़ ने अपनी पड़ताल में पाया कि यह तस्वीर असल में एक स्क्रिप्टेड वीडियो का स्क्रीनशॉट है, जिसे किसी और मुद्दे पर मनोरंजन के उद्देश्य से बनाया गया था। वायरल पोस्ट में किया गया दावा कि झारखण्ड के हजारीबाग में बुजुर्ग व्यक्ति ने अपनी ही बेटी से शादी की है, पूरी तरह से गलत है।
- By: Pallavi Mishra
- Published: Apr 16, 2025 at 02:32 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर दो तस्वीरों का एक कोलाज वायरल हो रहा है, जिसमें दूल्हा-दुल्हन के वेश में एक बुजुर्ग व्यक्ति और एक युवती को देखा जा सकता है। पोस्ट में दावा किया जा रहा है कि इस व्यक्ति ने अपनी ही बेटी से शादी कर ली है।
विश्वास न्यूज़ ने अपनी पड़ताल में पाया कि यह दावा गलत है। असल में यह स्क्रीनशॉट एक स्क्रिप्टेड वीडियो से लिया गया है।
वायरल पोस्ट
फेसबुक यूजर Manoj Kumar ने 8 अप्रैल 2025 को इन तस्वीरों को पोस्ट (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा, “अपनी ही सगी बेटी की खूबसूरती. देख जागा संस्कारी पिता का हिंदुत्व झारखंड के हजारीबाग जिले के शिवपुरी का रहने वाला दीनदयाल मेहता ने विलुप्त होती प्राचीन संस्कृति को मजबूती देने के उद्देश्य से अपनी 19 वर्षीय बेटी से रचाई शादी……”

पड़ताल
वायरल दावे की जांच के लिए हमने सबसे पहले कीवर्ड्स की मदद से ढूंढा कि क्या झारखंड के हजारीबाग में ऐसी कोई घटना हुई है? हमें कहीं भी ऐसी किसी घटना की कोई जानकारी किसी प्रामाणिक न्यूज़ प्लेटफॉर्म पर नहीं मिली।
पुष्टि के लिए हमने झारखंड के हजारीबाग में दैनिक जागरण के रिपोर्टर विकास सिंह से संपर्क किया। उन्होंने कन्फर्म किया कि वहां ऐसी कोई खबर सामने नहीं आई है।
इसके बाद हमने वायरल तस्वीर को गूगल रिवर्स इमेज पर सर्च किया। हमें factz_shorts001 नाम के इंस्टाग्राम पेज पर यह वीडियो 28 सितम्बर 2023 को अपलोड मिला। इस वीडियो में लिखा था कि इसे मनोरंजन के उद्देश्य से बनाया गया है। वीडियो में दिखाया गया है कि एक युवती एक बुजुर्ग व्यक्ति से शादी कर उसका कीमती सामान लूटकर भाग जाती है।

हमें इस वीडियो से जुड़े बीटीएस दृश्य Monu Boora Vlogs नाम के एक यूट्यूब चैनल पर भी 2 दिसंबर 2002 को अपलोड मिले। यहां वीडियो के बनते समय इन दोनों कलाकारों से बातचीत को एक ब्लॉग में देखा जा सकता है।
कीवर्ड्स से ढूंढ़ने पर हमें यह पूरा वीडियो प्रिंस वर्मा नाम के सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर के फेसबुक पेज पर 9 दिसंबर 2022 को अपलोड मिला। वीडियो में दिखाया गया है कि एक युवती एक बूढ़े आदमी से शादी करती है और उसका कीमती सामान लूटकर भाग जाती है।

हमने इस विषय में प्रिंस वर्मा से मेल के जरिये संपर्क किया। उन्होंने बताया कि यह एक स्क्रिप्टेड वीडियो है, जिसे मनोरंजन के उद्देश्य से बनाया गया था।
वायरल पोस्ट को शेयर करने वाले यूजर Manoj Kumar को फेसबुक पर 1 लाख से अधिक लोग फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज़ ने अपनी पड़ताल में पाया कि यह तस्वीर असल में एक स्क्रिप्टेड वीडियो का स्क्रीनशॉट है, जिसे किसी और मुद्दे पर मनोरंजन के उद्देश्य से बनाया गया था। वायरल पोस्ट में किया गया दावा कि झारखण्ड के हजारीबाग में बुजुर्ग व्यक्ति ने अपनी ही बेटी से शादी की है, पूरी तरह से गलत है।
- Claim Review : झारखंड के हजारीबाग जिले के शिवपुरी के रहने वाले दीनदयाल मेहता ने अपनी बेटी से की शादी
- Claimed By : Facebook User Manoj Kumar
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












