Fact Check: यूपी के उन्नाव में छेड़खानी के आरोपी की पिटाई के मामले में नहीं है कोई सांप्रदायिक पहलू
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में छेड़खानी की घटना को सांप्रदायिक रंग देकर भड़काऊ दावे के साथ शेयर किया जा रहा है। आरोपी के लगातार परेशान किए जाने के बाद छात्रा ने सरेआम उसकी पिटाई कर दी थी। इस घटना में कोई सांप्रदायिक या हिंदू-मुस्लिम एंगल नहीं है। साथ ही इस मामले में आरोपी और पीड़ित एक ही समुदाय के हैं।
- By: Umam Noor
- Published: Jul 24, 2025 at 02:45 PM
- Updated: Jul 24, 2025 at 07:37 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें स्कूल की छात्रा को एक युवक को पीटते हुए देखा जा सकता है। वीडियो को शेयर करते हुए दावा किया जा रहा है कि यह मनचला अलीम शेख नाम का एक मुस्लिम युवक है, जो हिन्दू छात्रा के साथ आते- जाते छेड़खानी करता था। वीडियो को साम्प्रदायिक रंग देते हुए फैलाया जा रहा है।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में छेड़खानी की घटना को सांप्रदायिक रंग देकर भड़काऊ दावे के साथ शेयर किया जा रहा है। आरोपी के लगातार परेशान किए जाने के बाद छात्रा ने सरेआम उसकी पिटाई कर दी थी। इस घटना में कोई सांप्रदायिक या हिंदू-मुस्लिम एंगल नहीं है। साथ ही इस मामले में आरोपी और पीड़ित एक ही समुदाय के हैं।
क्या है वायरल पोस्ट में ?
फेसबुक यूजर ने वायरल पोस्ट को 21 जुलाई को शेयर करते हुए लिखा, “उन्नाव का अलीम शेक पिछले 10 दिनों से एक लड़की का नंबर मांग रहा था। खुश होकर लड़की ने आज बीच सड़क पर 10 आंखों का नंबर गाल पे उतार दिया … बहुत ही सराहनीय कार्य।।”
एक्स पर भी इस वीडियो को सामान्य दावे के साथ शेयर किया गया है।
पोस्ट के आर्काइव वर्जन को यहां देखें।
पड़ताल
अपनी पड़ताल को शुरू करते हुए सबसे पहले हमने वायरल वीडियो के कीफ्रेम्स निकाले और उन्हें गूगल लेंस के जरिए सर्च किया। सर्च किए जाने पर हमें 22 जुलाई 2025 को ‘यूपी तक’ के यूट्यूब चैनल पर वायरल वीडियो अपलोड किया हुआ मिला। वीडियो के साथ दी गई जानकारी के अनुसार, “उन्नाव में यह मामला सामने आया। ये मनचला अक्सर इस लड़की को स्कूल से आते-जाते छेड़ता था, इससे छात्रा काफी परेशान रहती थी, लेकिन फिर एक दिन जैसे ही इस शख्स ने फिर छेड़खानी की कोशिश की, तो मनचले को पकड़ कर सरेराह पीटा। छात्रा का कहना था कि आरोपी युवक हर रोज स्कूल आते-जाते समय उससे रास्ते में छेड़खानी किया करता था मना करने के बावजूद युवक उसका रोज पीछा करता था, युवक जब नहीं माना तो छात्रा ने बीच सड़क पकड़कर युवक की जमकर पिटाई कर दी, 15 से 20 मिनट तक छात्रा युवक की पिटाई करती रही। वहीं, आरोपी युवक की पहचान 20 वर्षीय आकाश के रूप में हुई है, बताया जा रहा है आरोपी मनचला युवक बैटरी में डलने वाले पानी का ई रिक्शा चालक है।”
टीवी9 हिंदी की 20 जुलाई 2025 की खबर के अनुसार, “उन्नाव के गंगाघाट थाना क्षेत्र के एक मोहल्ले की रहने वाली छात्रा शनिवार दोपहर कानपुर के जुहारी देवी कॉलेज से पढ़ाई कर घर लौट रही थी। शुक्लागंज बाजार में पोनी रोड स्थित नीलम स्वीट्स के पास छात्रा से एक युवक ने छेड़छाड़ कर दी। जानकारी के अनुसार, युवक काफी दिनों से छात्रा को परेशान कर रहा था, जिससे छात्रा काफी परेशान चल रही थी। आरोपी युवक का नाम आकाश है।”
सर्च किए जाने पर हमें इस मामले से जुड़ी ‘उन्नाव पुलिस’ की तरफ से जारी की गई अपडेट भी मिली। पोस्ट के अनुसार, “उपरोक्त वीडियो से संबन्धित आरोपी आकाश पुत्र चंद्रशेखर उम्र करीब 20 वर्ष निवासी ब्रम्हनगर पोनी रोड थाना गंगाघाट जनपद उन्नाव को गिरफ्तार कर आवश्यक विधिक कार्यवाही की गई है।”

वायरल वीडियो से जुड़ी जानकारी हासिल करने के लिए हमने गंगाघाट कोतवाल प्रमोद कुमार मिश्रा से संपर्क किया और उन्होंने हमें पुष्टि देते हुए बताया, “इस मामले में कोई सांप्रदायिक एंगल नहीं है। मनचले का नाम आकाश वर्मा है और छात्रा भी हिन्दू है।”
अब बारी थी फर्जी पोस्ट करने वाले फेसबुक यूजर की स्कैनिंग करने की। यूजर को साढ़े छः हजार के करीब लोग फॉलो करते हैं। वहीं, यूजर के बायो के मुताबिक, वह लखनऊ के रहने वाले हैं। इसके अलावा इस प्रोफाइल से विचारधारा विशेष से प्रेरित पोस्ट शेयर की जाती हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में छेड़खानी की घटना को सांप्रदायिक रंग देकर भड़काऊ दावे के साथ शेयर किया जा रहा है। आरोपी के लगातार परेशान किए जाने के बाद छात्रा ने सरेआम उसकी पिटाई कर दी थी। इस घटना में कोई सांप्रदायिक या हिंदू-मुस्लिम एंगल नहीं है। साथ ही इस मामले में आरोपी और पीड़ित एक ही समुदाय के हैं।
- Claim Review : यह मनचला अलीम शेख नाम का एक मुस्लिम युवक है, जो हिन्दू छात्रा के साथ आते- जाते छेड़खानी करता था।
- Claimed By : FB User- Aniket Pratap Singh
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












