Fact Check: मनोहर लाल खट्टर के पूरी संपत्ति को दान करने का दावा भ्रामक, दो करोड़ रुपये से अधिक है कुल नेट वर्थ
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा यह दावा आधा-अधूरा है कि खट्टर ने अपनी पूरी संपत्ति को प्रधानमंत्री राहत कोष में दान कर दिया है। खट्टर ने निजी आवास सार्वजनिक पुस्तकालय के लिए दान किया है, लेकिन यह दावा सही नहीं है कि उन्होंने अपनी पूरी संपत्ति को प्रधानमंत्री राहत कोष में दान कर दिया है। 2024 के चुनावी हलफनामे के मुताबिक, नकदी समेत खट्टर की कुल चल संपत्ति करीब दो करोड़ रुपये से अधिक है, वहीं कृषि भूमि समेत उनकी कुल अचल संपत्ति का मूल्य करीब चालीस लाख रुपये है।
- By: Abhishek Parashar
- Published: Mar 26, 2025 at 12:51 PM
- Updated: Mar 26, 2025 at 02:40 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और मौजूदा केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर को लेकर सोशल मीडिया यूजर्स एक पोस्ट को शेयर करते हुए दावा कर रहे हैं कि उन्होंने अपनी पूरी संपत्ति प्रधानमंत्री राहत कोष में दान कर दिया है। साथ ही उन्होंने अपना निजी आवास सार्वजनिक पुस्तकालय के लिए दान कर दिया है।
विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में इस दावे को भ्रामक पाया। यह दावा सही है कि वे रोहतक जिले के बनियानी स्थित अपनी पैतृक संपत्ति को बच्चों के लिए ई-लाइब्रेरी का निर्माण किए जाने के उद्देश्य से दान कर चुके हैं। लेकिन यह दावा तथ्यों से परे है कि उन्होंने अपनी पूरी संपत्ति को प्रधानमंत्री राहत कोष में दान कर दिया है।
2024 के चुनावी हलफनामे के मुताबिक, नकदी समेत खट्टर की कुल चल संपत्ति करीब दो करोड़ रुपये से अधिक है, वहीं कृषि भूमि समेत उनकी कुल अचल संपत्ति का मूल्य करीब चालीस लाख रुपये है। बताते चलें कि खट्टर हरियाणा की करनाल संसदीय सीट से लोकसभा सांसद और केंद्र सरकार में मंत्री हैं।
क्या है वायरल?
सोशल मीडिया यूजर ‘Ayushi Mishra’ ने वायरल वीडियो (आर्काइव लिंक) को शेयर करते हुए लिखा है, “हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वर्तमान केबिनेट मंत्री,भारत सरकार श्री Manohar Lal जी ने अपनी सम्पूर्ण संपत्ति प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष में और अपना निजी आवास सार्वजनिक पुस्तकालय के लिए दान करके आजादी के बाद रच दिया इतिहास l
भौतिकवादी घोर कलयुग में मुझे याद नहीं आ रहा कि इस प्रकार का आदर्श किसी दूसरे राजनेता ने प्रस्तुत किया हो।
“दास कबीर जतन करि ओढी,
ज्यों कीं त्यों धर दीनी चदरिया॥”
सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर कई अन्य यूजर्स ने इसे समान दावे के साथ शेयर किया है।
पड़ताल
वायरल पोस्ट में खट्टर के अपनी पूरी संपत्ति को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष को दान कर दिए जाने का जिक्र है।
न्यूज सर्च में हमें ऐसी कोई रिपोर्ट्स नहीं मिली, जिसमें इसका जिक्र हो। अगर ऐसा होता, तो यह अपने आप में बड़ी खबर होती। सर्च में हमें दैनिक जागरण की 13 मार्च 2024 की रिपोर्ट मिली, जिसमें हरियाणा के विधायक गोपाल कांडा के हवाले से इस बात का जिक्र है कि खट्टर ने अपनी मृत्यु के बाद पूरी संपत्ति प्रधानमंत्री राहत कोष को दान कर देने की इच्छा जताई है।
यानी खट्टर ने अपनी पूरी संपत्ति प्रधानमंत्री राहत कोष को दान नहीं किया है। हालांकि, सर्च में हमें ऐसी कई रिपोर्ट्स मिली, जिसमें उनका निजी आवास सार्वजनिक पुस्तकालय के लिए दान किए जाने का जिक्र है।
एएनआई की रिपोर्ट के मुताबिक, खट्टर ने जनवरी महीने में रोहतक स्थित बनियानी के अपने पैतृक आवास को बच्चों के लिए ई-लाइब्रेरी बनाए जाने की खातिर स्थानीय अधिकारियों को सौंप दिया था।
खट्टर की संपत्ति के बारे में जानकारी के लिए हमने उनके चुनावी हलफनामे को चेक किया। केंद्रीय निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर मौजूद जानकारी के मुताबिक, खट्टर हरियाणा की करनाल संसदीय सीट से लोकसभा सांसद हैं।
चुनाव आयोग की वेबसाइट पर हमें उनका चुनावी हलफनामा मिला। जिसके मुताबिक, नकदी समेत उनकी कुल चल संपत्ति (2,14,42,913.61 रुपये) करीब दो करोड़ रुपये से अधिक है।

वहीं, हरियाणा के रोहतक में घर और कृषि भूमि समेत उनके मालिकाना हक वाली अचल संपत्ति का कुल मूल्य करीब 40 लाख रुपये है।
यानी यह दावा गलत है कि खट्टर ने अपनी पूरी संपत्ति को प्रधानमंत्री राहत कोष में दान कर दिया है। वायरल पोस्ट को लेकर हमने हमारे सहयोगी दैनिक जागरण के हरियाणा के राज्य ब्यूरो चीफ अनुराग अग्रवाल से संपर्क किया। उन्होंने पुष्टि करते हुए बताया कि खट्टर ने निजी आवास सार्वजनिक पुस्तकालय के लिए दान किया है, लेकिन यह दावा सही नहीं है कि उन्होंने अपनी पूरी संपत्ति को प्रधानमंत्री राहत कोष में दान कर दिया है।
वायरल पोस्ट को शेयर करने वाले यूजर को फेसबुक पर करीब सात हजार से अधिक लोग फॉलो करते हैं। पिछले लोकसभा चुनाव के दौरान भी खट्टर से संबंधित दावे वायरल हुए थे, जिसकी फैक्ट चेक रिपोर्ट को यहां पढ़ा जा सकता है।
निष्कर्ष: सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा यह दावा आधा-अधूरा है कि खट्टर ने अपनी पूरी संपत्ति को प्रधानमंत्री राहत कोष में दान कर दिया है। खट्टर ने निजी आवास सार्वजनिक पुस्तकालय के लिए दान किया है, लेकिन यह दावा सही नहीं है कि उन्होंने अपनी पूरी संपत्ति को प्रधानमंत्री राहत कोष में दान कर दिया है। 2024 के चुनावी हलफनामे के मुताबिक, नकदी समेत खट्टर की कुल चल संपत्ति करीब दो करोड़ रुपये से अधिक है, वहीं कृषि भूमि समेत उनकी कुल अचल संपत्ति का मूल्य करीब चालीस लाख रुपये है। बताते चलें कि खट्टर हरियाणा की करनाल संसदीय सीट से लोकसभा सांसद और केंद्र सरकार में मंत्री हैं।
- Claim Review : हरियाणा के पूर्व CM मनोहर लाल खट्टर ने अपनी पूरी संपत्ति पीएम राहत कोष में दान की।
- Claimed By : FB User-Ayushi Mishra
- Fact Check : भ्रामक
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












