X
X

Fact Check: कराची के प्रिंसिपल के आपत्तिजनक वीडियो को पुलिसकर्मी का बताकर भ्रामक दावे से किया जा रहा शेयर 

महिला का शोषण करते शख्स का वायरल वीडियो पाकिस्तान का है और पुराना है, जिसे अब भ्रामक दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। राजस्थान के चित्तौड़गढ़ के एक सरकारी स्कूल के प्रधानाचार्य और टीचर का आपत्तिजनक वीडियो कुछ दिनों पहले काफी वायरल हुआ था, जिसके बाद उनको बर्खास्त कर दिया गया था। इसके बाद से ही सोशल मीडिया पर महिला के साथ आपत्तिजनक हरकत करते शख्स का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो को हाल ही में हुई घटना का बताते हुए शेयर कर रहे हैं और दावा किया जा रहा है कि प्रधानाचार्य के बाद अब पुलिसकर्मी का वीडियो वायरल हो रहा है। 

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। असल में वायरल वीडियो पाकिस्तान का है और पुराना है। कराची के एक स्कूल में प्रिंसिपल महिलाओं को शोषण करता था और उसके वीडियो बनाकर उन्हें ब्लैकमेल करता था। इसी घटना के वीडियो को अब भ्रामक दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।

क्या हो रहा है वायरल ?

फेसबुक यूजर ‘विवेक कुमार बागी’ ने 5 फरवरी 2025 को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “राजस्थान के स्कूल मे प्रिंसिपल और मैडम का प्यार देखा है। आज पुलिस स्टेशन मे महिला और पुलिस वाले का प्यार देखि।”

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल 

वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हालांकि, हमें दावे से जुड़ी कोई न्यूज रिपोर्ट नहीं मिली। 

वीडियो की सच्चाई जानने के लिए हमने इनविड टूल का इस्तेमाल करते हुए इसके कई कीफ्रेम निकाले और गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमने वायरल वीडियो फन वर्ल्ड नामक एक यूट्यूब चैनल पर मिला। वीडियो को साल 2023 में अपलोड किया गया था। मौजूद जानकारी के मुताबिक, वायरल वीडियो पाकिस्तान के कराची का है। 

प्राप्त जानकारी के आधार पर हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें वायरल वीडियो से जुड़ी एक अन्य वीडियो नया पाकिस्तान डिजिटल नामक एक यूट्यूब चैनल पर मिली। वीडियो को 17 सितंबर 2023 को अपलोड किया गया था। मौजूद जानकारी के मुताबिक, वायरल वीडियो पाकिस्तान के कराची शहर में स्थित एक स्कूल प्रिंसिपल का है। शख्स महिलाओं का शोषण करता था और उसकी रिकॉर्डिंग कर बाद में उन्हें ब्लैकमेल करता था।

प्राप्त जानकारी के आधार पर हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी रिपोर्ट हिंदुस्तान टाइम्स और पाकिस्तानी न्यूज वेबसाइट डॉन पर मिली। रिपोर्ट्स को 6 सितंबर 2023 को प्रकाशित किया गया था। रिपोर्ट्स के अनुसार,  कराची के गुलशन-ए-हदीद इलाके के एक प्राइवेट स्कूल के प्रिंसिपल इरफान गफूर मेमन को पुलिस ने महिलाओं का रेप और शोषण करने के आरोप में गिरफ्तार किया था। गफूर के पास से महिलाओं के शोषण के 25 वीडियो मिले थे। इस मामले में करीब 45 महिलाएं पीड़ित पाई गई थी। 

अधिक जानकारी के लिए हमने पाकिस्तान के पत्रकार बाबर जालंधरी से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि यह वीडियो साल 2023 में कराची के एक स्कूल में हुई घटना का है। स्कूल का प्रिंसिपल महिलाओं को शोषण करता था। मामला सामने आने के बाद उसे गिरफ्तार किया गया था।

अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर एक विचारधारा से जुड़ी पोस्ट को शेयर करता है। यूजर ने प्रोफाइल पर खुद को उत्तर प्रदेश का रहने वाला बताया है।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि महिला का शोषण करते शख्स का वायरल वीडियो पाकिस्तान का है और पुराना है, जिसे अब भ्रामक दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।

  • Claim Review : पुलिस स्टेशन पर महिला का शोषण करते पुलिसकर्मी का वीडियो।
  • Claimed By : FB User विवेक कुमार बागी
  • Fact Check : भ्रामक

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later