Fact Check : आतंकी हमले में घायलों से मिलने अस्पताल गए थे राहुल गांधी, फर्जी पोस्ट वायरल
राहुल गांधी 25 अप्रैल को कश्मीर के दौरे पर गए थे। वहां उन्होंने सेना के अस्पताल में आतंकी हमले में घायल हुए लोगों से मुलाकात की थी। हमारी जांच में वायरल पोस्ट फर्जी साबित हुई।
- By: Ashish Maharishi
- Published: May 1, 2025 at 05:52 PM
- Updated: May 2, 2025 at 06:25 PM
नई दिल्ली (Vishvas News)। पहलगाम में आतंकी हमले के बाद लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस के सांसद राहुल गांधी को लेकर एक पोस्ट वायरल की जा रही है। इसमें दावा किया गया कि राहुल गांधी 26 हिंदुओं को छोड़ 1 मुस्लिम खच्चर वाले के घर मिलने कश्मीर गए।
विश्वास न्यूज ने वायरल पोस्ट की जांच की। यह फर्जी साबित हुई। हमारी जांच में पता चला कि राहुल गांधी 25 अप्रैल को कश्मीर के दौरे पर गए थे। वहां उन्होंने सेना के अस्पताल में आतंकी हमले में घायल हुए लोगों से मुलाकात की थी। हमारी जांच में वायरल पोस्ट फर्जी साबित हुई।
क्या हो रहा है वायरल
फेसबुक यूजर राहुल पंडित ने 30 अप्रैल को एक वीडियो को पोस्ट करते हुए दावा किया, “राहुल गांधी 26 हिंदुओं को छोड़ 1 मुस्लिम खच्चर वाले के घर मिलने कश्मीर जा रहे है। यही तो है भाईचारा, मोदी तुम कभी राहुल गांधी नहीं बन पाओगे।”

वायरल पोस्ट के कंटेंट को यहां ज्यों का त्यों ही लिखा गया है। इसे अभी का मानकर कई यूजर शेयर कर रहे हैं। पोस्ट का आर्काइव वर्जन यहां देखें।
पड़ताल
विश्वास न्यूज ने वायरल पोस्ट की जांच के लिए सबसे पहले कीवर्ड सर्च किया। गूगल ओपन सर्च टूल के जरिए सर्च करने पर हमें पता चला कि पहलगाम आतंकी हमले के बाद राहुल गांधी ने 25 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर का दौरा किया।
25 अप्रैल को हिंदुस्तान टाइम्स के यूट्यूब चैनल पर एक रिपोर्ट में बताया गया कि राहुल गांधी ने जम्मू-कश्मीर दौरे पर पाकिस्तान को करारा जवाब दिया।
जांच को आगे बढ़ाते हुए हमने दैनिक जागरण, जम्मू के ईपेपर को स्कैन किया। हमें 26 अप्रैल के अखबार में राहुल गांधी के दौरे से जुड़ी खबर मिली। इसमें बताया गया कि राहुल गांधी ने आतंकी हमले में घायलों का हाल जानने के लिए बादामीबाग छावनी में सेना के 92 बेस अस्पताल का दौरा किया। इसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से उनके निवास पर मुलाकात की और आतंकी घटना की जानकारी लेने के साथ सुरक्षा हालात पर चर्चा की। इसके बाद वह राजभवन में उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से मिले और आतंकी हमले के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की।

पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए हमने वायरल वीडियो की जांच की । वीडियो के कई कीफ्रेम्स निकालकर गूगल लेंस से सर्च करने पर हमें यह वीडियो गुलिस्तान न्यूज टीवी के एक्स हैंडल पर मिला। इसे 25 अप्रैल को पोस्ट करते हुए बताया गया कि यह वीडियो राहुल गांधी के दिल्ली एयरपोर्ट पर पहुंचे का है। इसके बाद उन्होंने श्रीनगर की फ्लाइट ली।
विश्वास न्यूज ने जांच को आगे बढ़ाते हुए कांग्रेस की सोशल मीडिया टीम के राष्ट्रीय समन्वयक नितिन अग्रवाल से संपर्क किया। उनके साथ वायरल पोस्ट को शेयर किया। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि राहुल गांधी को लेकर की गई पोस्ट पूरी तरह बेबुनियाद है। 25 अप्रैल के अपने जम्मू-कश्मीर दौर पर उन्होंने श्रीनगर के सेना अस्पताल में जाकर घायलों का हालचाल पूछा था।
पड़ताल के अंत में फेसबुक यूजर की जांच की गई। पता चला कि राहुल पंडित नाम के दो हजार से ज्यादा फ्रेंड है। इससे ज्यादा जानकारी यहां नहीं मिली।
निष्कर्ष : विश्वास न्यूज की पड़ताल में वायरल पोस्ट फर्जी साबित हुई। राहुल गांधी श्रीनगर दौरे के वक्त पहलगाम आतंकी हमले में घायल लोगों से मिलने पहुंचे थे।
- Claim Review : राहुल गांधी 26 हिंदुओं को छोड़ 1 मुस्लिम खच्चर वाले के घर मिलने कश्मीर जा रहे है।
- Claimed By : FB User Rahul Pandit
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












