Fact Check : शख्स के पैर पर गोली मारने की घटना कनार्टक में हुई थी, वीडियो का नहीं है यूपी से संबंध
विश्वास न्यूज ने अपनी वायरल में पाया कि वायरल वीडियो उत्तर प्रदेश का नहीं, बल्कि कर्नाटक के कलबुर्गी शहर में हुई एक घटना का है, जिसे अब यूपी का बताकर शेयर किया जा रहा है।
- By Vishvas News
- Updated: February 17, 2023

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया में एक मिनट का वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें भरे बाजार में एक शख्स को लोगों को धमकाते हुए देखा जा सकता है। वीडियो में इसके बाद पुलिस फायरिंग करके इस शख्स को कंट्रोल में करती है। वीडियो को वायरल करते हुए कुछ सोशल मीडिया यूजर्स द्वारा दावा किया जा रहा है कि यह घटना उत्तर प्रदेश की है। एक विशेष समुदाय का शख्स भरे बाजार में लोगों को धमका रहा था, फिर उत्तर प्रदेश पुलिस ने उसे तुरंत सबक सीखा दिया।
विश्वास न्यूज की पड़ताल में वायरल दावा भ्रामक साबित हुआ। वायरल वीडियो उत्तर प्रदेश का नहीं, बल्कि कर्नाटक के कलबुर्गी शहर में हुई एक घटना का है, जिसे अब यूपी का बताकर शेयर किया जा रहा है। कर्नाटक के कलबुर्गी शहर के सुपरमार्केट में एक शख्स हथियार लेकर पहुंच गया और लोगों को धमकाने लगा। पुलिस ने वहां आकर परिस्थिति को काबू करने की कोशिश की और सेल्फ डिफेंस में उसके पैर पर लोगी चलाई।
क्या हो रहा है वायरल ?
फेसबुक यूजर जय हिन्दू जय हिंदुस्तान ने वायरल 16 फरवरी 2023 को वायरल वीडियो को शेयर किया है। यूजर ने वीडियो को शेयर करते हुए दावा किया, “योगी के आने के बाद् क्या बदला है उत्तर प्रेदेश मे देखो। ठोक दिया उत्तर प्रदेश मे योगी बाबा के राज मे अब्दुल खुली धमकी बाजार में दे रहा था।”
पोस्ट के आर्काइव वर्जन को यहां देखें। दूसरे यूजर्स भी इस दावे को सच मानकर शेयर कर रहे हैं।
पड़ताल
वायरल वीडियो की सच्चाई जानने के लिए हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स से सर्च करना शुरू किया। इस दौरान हमें वायरल वीडियो से जुड़ी एक रिपोर्ट सीएनएन न्यूज 18 के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर मिली। वीडियो रिपोर्ट को 6 फरवरी 2023 को अपलोड किया गया है। दी गई जानकारी के अनुसार, वायरल वीडियो कर्नाटक के कलबुर्गी में हुआ घटना का है।
प्राप्त जानकारी के आधार पर हमने एक बार फिर गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स से सर्च करना शुरू किया। इस दौरान हमें 6 फरवरी 2023 को दैनिक भास्कर की वेबसाइट पर प्रकाशित एक रिपोर्ट मिली। रिपोर्ट के मुताबिक, कर्नाटक के कलबुर्गी में पुलिस ने एक आरोपी पर ओपन फायरिंग कर घायल कर दिया। फजल नाम का आरोपी सरेआम धारदार हथियार से लोगों पर हमले की धमकी दे रहा था। आरोपी ने पुलिस पर भी हमले की कोशिश की। जिसके बाद पुलिस ने उस पर गोली चला दी। घायल फजल को पहले अस्पताल में भर्ती कराया गया और फिर उसे गिरफ्तार कर लिया।

एनडीटीवी की वेबसाइट पर 6 फरवरी 2023 को प्रकाशित एक रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपी चाकू लेकर सुपर मार्केट के पास लोगों पर हमले की धमकी दे रहा था। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे रोकने और हिरासत में लेने की कोशिश की, तो उसने पुलिसकर्मियों पर भी हमला कर दिया। ऐसे में पुलिस ने इस शख्स को काबू करने और लोगों की सुरक्षा को देखते हुए उस पर गोली चला दी।

पड़ताल के दौरान हमें वायरल दावे से जुड़ी एक रिपोर्ट तमिलनाडु टुडे की वेबसाइट पर मिली। रिपोर्ट को 6 फरवरी 2023 को प्रकाशित किया गया है। रिपोर्ट के अनुसार, शख्स की दिमागी हालत खराब है और अस्पताल में भर्ती था। वहां पर उसका इलाज चल रहा था। लेकिन शख्स वहां से भागकर सुपर मार्केट में आ गया और हथियार लेकर लोगों को धमकाने लगा।

जांच को आगे बढ़ाते हुए हमने कर्नाटक पुलिस की वेबसाइट को खंगालना शुरू किया। इस दौरान हमें वायरल वीडियो से जुड़ी एक प्रेस रिलीज मिली, जिसके अनुसार यह घटना 5 फरवरी को कर्नाटक के कलबुर्गी शहर में हुई थी। शख्स का नाम मोहम्मद फजल है।
अधिक जानकारी के लिए हमने कर्नाटक के स्थानीय पत्रकार यसीर खान से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वायरल दावा गलत है। यह घटना कर्नाटक के कलबुर्गी शहर के सुपरमार्केट में तकरीबन एक हफ्ते पहले हुई थी। शख्स मानसिक तौर पर बीमार है और वो सुपरमार्केट में हथियार लेकर लोगों को मारने की धमकी दे रहा था, जिस पर पुलिस ने सेल्फ डिफेंस में उसके पैर में लोगी मारी थी।
इस गलत पोस्ट को कई लोगों ने शेयर किया, जिनमें से एक हैं- फेसबुक यूजर जय हिन्दू जय हिंदुस्तान, जिनकी पोस्ट की हमने पड़ताल की। हमने पाया कि यूजर एक विचारधारा से प्रभावित है। यूजर को फेसबुक पर 11 हजार लोग फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी वायरल में पाया कि वायरल वीडियो उत्तर प्रदेश का नहीं, बल्कि कर्नाटक के कलबुर्गी शहर में हुई एक घटना का है, जिसे अब यूपी का बताकर शेयर किया जा रहा है।
- Claim Review : उत्तर प्रदेश में भरे बाजार में एक शख्स हथियार लेकर धमकी दे रहा था। यूपी पुलिस ने किया काबू।
- Claimed By : फेसबुक यूजर जय हिन्दू जय हिंदुस्तान
- Fact Check : भ्रामक

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...
-
वॅाट्सऐप नंबर 9205270923
-