Fact Check : तेलंगाना चुनाव में TRS और BJP के बीच हुई झड़प के वीडियो को कर्नाटक चुनाव का बताकर किया जा रहा शेयर
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि तेलंगाना में बीजेपी कार्यकर्ताओं के साथ हुई झड़प के पुराने वीडियो को कर्नाटक चुनाव से जोड़कर शेयर किया जा रहा है।
- By Vishvas News
- Updated: April 26, 2023

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। कर्नाटक में जल्द ही विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। ऐसे में सभी राजनीतिक दल ताबड़तोड़ रैलियां और जनसभाएं करने में लगे हुए हैं। इसी बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि कर्नाटक में चुनाव प्रचार करने गए भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के कार्यकर्ताओं को लोगों ने पीट-पीट कर भगा दिया।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल वीडियो का कर्नाटक चुनाव से कोई संबंध नहीं है। वायरल हो रहा वीडियो तेलंगाना में नवंबर 2022 में हुए उपचुनाव का है। यह वीडियो तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) और बीजेपी कार्यकर्ताओं के बीच हुई झड़प का है, जिसे अब कर्नाटक चुनाव से जोड़कर शेयर किया जा रहा है।
क्या हो रहा है वायरल ?
फेसबुक यूजर ‘सर्वेश यादव’ ने 25 अप्रैल 2022 को शेयर किया है। यूजर ने कैप्शन में लिखा है, “भाजपा की विजय यात्रा को घर तक छोड़ने जाती कर्नाटक की जनता…जानता का यही प्यार बना रहे …पुलवामा की सच्चाई का असर लग रहा है l”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखा जा सकता है।
पड़ताल
वायरल वीडियो की सच्चाई जानने के लिए हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स से सर्च करना शुरू किया। इस दौरान हमें वायरल वीडियो से मिलता-जुलता एक वीडियो न्यूज एजेंसी एएनआई के आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर मिला। वीडियो को 1 नवंबर 2022 को शेयर किया गया है। दी गई जानकारी के अनुसार, वीडियो तेलंगाना उपचुनाव के समय का है।
प्राप्त जानकारी के आधार पर हमने गूगल पर कीवर्ड्स की मदद से सर्च करना शुरू किया। हमें पूरा वीडियो बीएनएन चैनल नामक एक फेसबुक पेज पर 1 नवंबर 2022 को अपलोड हुआ मिला। कैप्शन में वीडियो को मुनुगोड़े में टीआरएस और बीजेपी के बीच हुई झड़प का बताया गया है।
अन्य वीडियो रिपोर्ट को यहां देखा जा सकता है।
पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए हमने इस घटना से जुड़ी मीडिया रिपोर्ट्स के बारे में सर्च करना शुरू किया। हमें अमर उजाला की वेबसाइट पर 1 नवंबर 2022 को प्रकाशित एक रिपोर्ट मिली। रिपोर्ट के अनुसार, “तेलंगाना के मुनुगोड़े उपचुनाव के प्रचार के आखिरी दिन भाजपा और टीआरएस के कार्यकर्ताओं में कथित तौर पर झड़प हो गई। घटना राज्य के नलगोंडा इलाके में हुई। इसका वीडियो भी सामने आया है। उप-चुनाव के लिए मतदान दो दिन बाद 3 नवंबर को होगा।”
अन्य रिपोर्ट को यहां पर देखा जा सकता है।
कई बीजेपी नेताओं ने भी इस घटना के वीडियो को शेयर किया था।
अधिक जानकारी के लिए हमने बीजेपी तेलंगाना के प्रवक्ता कीर्ति कांत से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया, वायरल वीडियो कर्नाटक का नहीं है। सोशल मीडिया यूजर्स इस वीडियो का बीजेपी के खिलाफ गलत इस्तेमाल कर रहे हैं। यह वीडियो कई महीने पुराना है और तेलंगाना उप-चुनाव से संबंधित है। यह वीडियो मुनुगोड़े की एक सभा में हुई झड़प का है।
आखिर में हमने वायरल वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के पेज की सोशल स्कैनिंग की। हमने पाया कि यूजर एक राजनीतिक दल की विचारधारा से प्रभावित है। प्रोफाइल पर मौजूद जानकारी के मुताबिक, यूजर दिल्ली का रहने वाला है। यूजर को 8 हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि तेलंगाना में बीजेपी कार्यकर्ताओं के साथ हुई झड़प के पुराने वीडियो को कर्नाटक चुनाव से जोड़कर शेयर किया जा रहा है।
- Claim Review : कर्नाटक में चुनाव प्रचार करने गए bjp के कार्यर्ताओं को लोगों ने पीट-पीट कर भगा दिया।
- Claimed By : फेसबुक यूजर सर्वेश यादव
- Fact Check : भ्रामक

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...
-
वॅाट्सऐप नंबर 9205270923
-