X
X

Fact Check : झारखंड के बस स्टैंड पर लगी थी बसों में आग, वीडियो राजस्थान के नाम पर वायरल

विश्‍वास न्‍यूज ने वायरल पोस्‍ट की जांच की। दावा गलत साबित हुआ। वायरल वीडियो झारखंड के दुमका के बासुकीनाथ बस स्‍टैंड का है।

नई दिल्‍ली (Vishvas News)। सोशल मीडिया के अलग-अलग प्‍लेटफॉर्म पर एक वीडियो वायरल हो रही है। इसमें धूं-धूं करती बसों को जलते हुए देखा जा सकता है। इस वीडियो के साथ दावा किया जा रहा है कि राजस्‍थान के बाड़मेर में बस स्‍टैंड पर आग लगने से तीन आदमी की मौत हो गई।

विश्‍वास न्‍यूज ने वायरल पोस्‍ट की जांच की। दावा गलत साबित हुआ। वायरल वीडियो झारखंड के दुमका के बासुकीनाथ बस स्‍टैंड का है। वहां कुछ दिन पहले बसों में आग लगने की घटना हुई थी। उसी से जुड़े वीडियो को अब राजस्‍थान का बताकर झूठ फैलाया जा रहा है।

क्‍या हो रहा है वायरल

इंस्‍टाग्राम हैंडल गणेश राम जाट ने 31 मार्च को एक वीडियो को अपलोड करते हुए दावा किया, “आज बाड़मेर बस स्‍टैंड पर लगी आग बस चल गई। तीन आदमी साथ में जल गई।”

वायरल पोस्‍ट के कंटेंट को यहां ज्‍यों का त्‍यों ही लिखा गया है। इसे सच मानकर कई यूजर्स शेयर कर रहे हैं। पोस्‍ट का आर्काइव वर्जन यहां देखें।

पड़ताल

विश्‍वास न्‍यूज ने राजस्‍थान के बाड़मेर के बस स्‍टैंड में लगी आग के नाम पर वायरल वीडियो की सच्‍चाई जानने के लिए सबसे पहले इसके कई कीफ्रेम्‍स निकाले। फिर इन्‍हें गूगल लेंस टूल के जरिए सर्च किया। असली वीडियो हमें कई इंस्‍टाग्राम हैंडल पर दुमका के बासुकीनाथ बस स्‍टैंड के नाम पर मिला।

कीवर्ड से सर्च करने पर हमें दुमका लाइव न्‍यूज नाम के यूट्यूब चैनल पर एक रिपोर्ट मिली। 29 मार्च की इस खबर में बताया गया कि बासुकीनाथ बस स्टैंड में आग लगने से चार बस जलकर राख हो गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और दमकल को इसकी सूचना दी गई।

इस रिपोर्ट में वायरल वीडियो में दिख रही बस और आसपास की इमारतों को साफ देखा जा सकता है।

जांच को आगे बढ़ाते हुए हमने दैनिक जागरण, दुमका के ईपेपर को स्‍कैन किया। हमें 30 मार्च की एक खबर मिली। इसमें बताया गया, “बासुकीनाथ बस स्टैंड में आग लग जाने से पांच यात्री बस जलकर खाक हो गई। वाहन के मालिक अपनी आंखों के आगे अपनी संपत्ति को जलता हुआ देखते रहे थे। अजित रोडवेज बस मालिक अभिजीत शा उर्फ मोनू व पागल बाबा बस मालिक संजीव झा ने बताया कि कुल पांच वाहन जल गए। संजीव झा की एसी बस सहित तीन गाड़ी जलकर खाक हो गई। जबकि मोनू झा की दो बस जल गई। सभी बस एक ही जगह अगल-बगल में खड़ी थी। पहले हल्का धुआं निकला और इसके बाद आग को लपटें काफी ऊपर उठने लगी। गाड़ी के टायर ब्लास्ट होने लगे।”

विश्‍वास न्‍यूज ने जांच के दौरान दैनिक जागरण, दुमका के प्रमुख राजीव से संपर्क किया। उन्‍होंने पुष्टि करते हुए बताया कि वायरल वीडियो बासुकीनाथ बस स्‍टैंड का है। वहां कुछ दिन पहले आग लग गई थी।

जांच को आगे बढ़ाते हुए गूगल ओपन सर्च टूल का इस्‍तेमाल करते हुए यह जानने की कोशिश की गई कि क्‍या वाकई में बाड़मेर बस स्‍टैंड पर भी कोई आग लगी थी। सर्च से हमें एक भी ऐसी खबर नहीं मिली, जो वायरल पोस्‍ट की पुष्टि कर सके।

पड़ताल के अंतिम चरण में फर्जी पोस्‍ट करने वाले यूजर की जांच की गई। पता चला कि गणेश राम नाम के इस यूजर को तीन हजार से ज्‍यादा लोग फॉलो करते हैं। यह इंस्‍टाग्राम हैंडल फरवरी 2025 को बनाया गया।

निष्‍कर्ष : विश्‍वास न्‍यूज की पड़ताल में पता चला कि बाड़मेर के नाम पर वायरल वीडियो झारखंड के बासुकीनाथ बस स्‍टैंड का साबित हुआ। 29 मार्च को यहां अचानक से बसों में आग लग गई थी। उसी वीडियो को अब राजस्‍थान के बाड़मेर का बता झूठ फैलाया जा रहा है।

  • Claim Review : बाड़मेर के बस स्‍टैंड में आग लगने से लोग मरे
  • Claimed By : IG Handel Ganesh Ram Jaat
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later