Fact Check: जॉर्जिया मेलोनी को प्रपोज करते अल्बानिया के PM एडी रामा की तस्वीर वास्तविक नहीं, AI क्रिएटेड है
इटली की प्रधानमंत्री को अंगूठी के साथ प्रपोज करते हुए अल्बानियाई प्रधानमंत्री एडी राम की तस्वीर एआई क्रिएटेड है। यूरोपीय सम्मेलन में भाग लेने अल्बानिया पहुंची मेलोनी का वहां के प्रधानमंत्री एडी रामा ने घुटनों पर बैठकर उनका नमस्कार अभिवादन किया था लेकिन उन्होंने मेलोनी को प्रपोज नहीं किया था।
- By: Abhishek Parashar
- Published: May 17, 2025 at 04:04 PM
- Updated: May 17, 2025 at 04:40 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी का अल्बानिया दौरा वहां के प्रधानमंत्री एडी रामा के स्वागत के अंदाज की वजह से सुर्खियों में रहा। इसी संदर्भ में मेलोनी की एक तस्वीर वायरल हो रही है, जिसमें एडी रामा को अंगूठी के साथ रेड कारपेट पर मेलोनी को प्रप्रोज करते हुए देखा जा सकता है।
विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में इस दावे को गलत पाया। रेड कारपेट पर मेलोनी को प्रपोज करते हुए अल्बानिया के प्रधानमंत्री एडी रामा की तस्वीर वास्तविक नहीं बल्कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की मदद से तैयार की गई है।
क्या है वायरल?
सोशल मीडिया यूजर ‘India Against Corruption’ ने वायरल तस्वीर (आर्काइव लिंक) को शेयर करते हुए लिखा है, “ब्रेकिंग न्यूज: अंतरराष्ट्रीय मीडिया में ये तस्वीर सामने आने के बाद एक 75 साल के दाढ़ी वाले शख्स को बदहवास हालत में, दिल्ली के मजनूं का टीला इलाके में ‘तुम्हें कोई और देखे तो जलता है दिल’ गाना गाते हुए देखा गया।”

कई अन्य यूजर्स ने इस तस्वीर को समान दावे के साथ शेयर किया है।
पड़ताल
न्यूज रिपोर्ट्स के मुताबिक, इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी का अल्बानिया दौरा वहां के प्रधानमंत्री एडी रामा के मेलोनी का स्वागत किए जाने के अंदाज की वजह से सुर्खियों में रहा।
मेलोनी यूरोपीय सम्मेलन में भाग लेने के लिए अल्बानिया पहुंची थी। एनडीटीवी.इन की रिपोर्ट के मुताबिक, “इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मलोनी (Giorgia Meloni) और अल्बानिया के प्रधानमंत्री एडी रामा (Albanian PM Edi Rama) का एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है. इस वीडियो में अल्बानिया के प्रधानमंत्री एडी रामा इटली की पीएम मलोनी के लिए रेड कार्पेट पर घुटनों पर बैठे नजर आ रहे हैं. घुटनों पर बैठे एडी रामा के दोनों हाथ नमस्कार की मुद्रा में जुड़े हैं और सामने से मलोनी आ रही है. एडी रामा तक पहुंचने के बाद मलोनी मुस्कुराती हैं. फिर दोनों नेता बेहद गर्मजोशी से गले मिलते हैं और साथ में फोटोशूट कराते हैं.”
‘askanews’ के एक्स हैंडल पर हमें वह वीडियो भी मिला, जिसमें एडी रामा हाथ जोड़कर मेलोनी का स्वागत करते हुए नजर आते हैं।
रिपब्लिका नाम के आधिकारिक एक्स हैंडल पर भी हमें यह वीडियो मिला, जिसे 16 मई 2025 को समान संदर्भ में शेयर किया गया है।
कई अन्य वीडियो रिपोर्ट्स में उन्हें घुटनों पर बैठकर मेलोनी को नमस्कार अभिवादन करते हुए देखा जा सकता है।
हमें किसी भी वीडियो में रामा, मेलोनी को प्रपोज करते हुए नजर नहीं आए। वायरल तस्वीर की प्रमाणिकता की जांच करने के लिए हमने इसे ध्यान से देखा और पाया कि यह तस्वीर वास्तविक होने की बजाए सिंथेटिक नजर आ रही है।
इसलिए हमने एआई क्रिएटेड तस्वीर को जांच करने वाले उपलब्ध टूल की मदद से इसे चेक किया। हाइव मॉडरेशन की एनालिसिस में इस तस्वीर के एआई से बने होने की संभावना की पुष्टि होती है।

इस तस्वीर को हमने डीपफेक-ओ-मीटर के करीब 12 क्लासिफायर्स पर चेक किया और इनमें से कई क्लासिफायर्स की एनालिसिस इस तस्वीर के 100 फीसदी एआई क्रिएटेड होने की पुष्टि करती है। जिसे यहां, यहां और यहां देखा जा सकता है।
वायरल तस्वीर को लेकर हमने एआई और मशीन लर्निंग पर काम करने वाले अभिजीत पराशर से संपर्क किया और उन्होंने बताया, “पहली नजर में ही यह तस्वीर एआई क्रिएटेड नजर आती है, जिसमें दोनों लीडर्स की हाथों की उंगलियां और चेहरे की बनावट नैचुरल नहीं है, जैसा कि अक्सर एआई क्रिएटेड तस्वीरों में देखने को मिलता है।”
रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, अल्बानिया में यूरोपीय सम्मेलन में हो रहा है, जिसमें फ्रांस, जर्मनी, ब्रिटेन समेत अन्य देश भाग ले रहे हैं।
वायरल तस्वीर को फेक दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर को फेसबुक पर करीब 10 लाख लोग फॉलो करते हैं। सोशल मीडिया पर वायरल डीपफेक की फैक्ट चेक रिपोर्ट्स को विश्वास न्यूज के एआई चेक सेक्शन में पढ़ा जा सकता है।
निष्कर्ष: इटली की प्रधानमंत्री को अंगूठी के साथ प्रपोज करते हुए अल्बानियाई प्रधानमंत्री एडी राम की तस्वीर एआई क्रिएटेड है। यूरोपीय सम्मेलन में भाग लेने अल्बानिया पहुंची मेलोनी का वहां के प्रधानमंत्री एडी रामा ने घुटनों पर बैठकर उनका नमस्कार अभिवादन किया था लेकिन उन्होंने मेलोनी को प्रपोज नहीं किया था।
- Claim Review : अल्बानियाई PM एडी रामा ने इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी को प्रोपोज किया।
- Claimed By : FB User-India Against Corruption
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












