Fact Check: ईरान के वाटर ट्रीटमेंट प्लांट पर हमले के दावे से इराक में अमेरिकी कंपनी के वेयरहाउस की तस्वीर वायरल
इराक के बसरा में अमेरिकी कंपनी के वेयरहाउस पर ड्रोन हमला हुआ था। उसकी तस्वीर को ईरान के वाटर ट्रीटमेंट प्लांट पर हमले के दावे से जोड़कर शेयर किया जा रहा है।
- By: Sharad Prakash Asthana
- Published: Mar 11, 2026 at 04:47 PM
- Updated: Mar 12, 2026 at 11:56 AM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच चल रहे युद्ध के दौरान सोशल मीडिया पर हमले में तबाह हुए एक प्लांट की तस्वीर वायरल हो रही है। कुछ यूजर्स इसे शेयर कर दावा कर रहे हैं कि यह तस्वीर अमेरिका-इजरायल के हमले में तबाह हुए ईरान के वाटर ट्रीटमेंट प्लांट की है। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में भी इस तस्वीर को ईरान के वाटर ट्रीटमेंट प्लांट पर हुए हमले की खबर के दावे के साथ पोस्ट किया गया है।
विश्वास न्यूज ने इसकी जांच की तो पता चला कि यह तस्वीर ईरान के वाटर ट्रीटमेंट प्लांट की नहीं, बल्कि इराक में अमेरिकी कंपनी के वेयरहाउस पर हुए ड्रोन हमले के बाद की है।
क्या है वायरल पोस्ट?
एक्स यूजर ‘Shashank Shekhar Jha’ ने 8 मार्च 2026 को इस तस्वीर को शेयर (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा, “ईरान के केशम में मीठे पानी का डीसेलिनेशन प्लांट नष्ट हो गया।” (अनुवाद)
‘लोकमत टाइम्स’ और ‘द ट्रिब्यून’ की वेबसाइट्स पर भी इस तस्वीर को ईरान में वाटर ट्रीटमेंट प्लांट पर अमेरिकी हमले के दावे की खबर के साथ शेयर किया गया है। आर्काइव लिंक यहां और यहां देखें।


पड़ताल
वायरल दावे की जांच के लिए हमने तस्वीर को गूगल लेंस की मदद से सर्च किया। एएनआई की वेबसाइट पर 7 मार्च 2026 को छपी खबर (आर्काइव लिंक) में लिखा है, “ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने केशम आइलैंड पर मीठे पानी के डीसेलिनेशन प्लांट पर अमेरिकी हमले की निंदा करते हुए इसे एक बड़ा और हताश करने वाला अपराध बताया।” इस खबर के साथ वायरल तस्वीर का इस्तेमाल किया गया है और कैप्शन में लिखा है, “प्रतीकात्मक तस्वीर, फोटो/रॉयटर्स।”

हमने इसकी पुष्टि के लिए ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची की एक्स पोस्ट को चेक किया। 7 मार्च को उन्होंने पोस्ट किया, “U.S. ने केशम आइलैंड पर मीठे पानी के डीसेलिनेशन प्लांट पर हमला करके एक बड़ा और हताश करने वाला जुर्म किया है। 30 गांवों में पानी की सप्लाई पर असर पड़ा है। ईरान के इन्फ्रास्ट्रक्चर पर हमला करना एक खतरनाक कदम है, जिसके गंभीर नतीजे हो सकते हैं। यह मिसाल US ने बनाई है, ईरान ने नहीं।” हालांकि, इसके साथ में कोई तस्वीर नहीं दी गई है।
इसके बाद हमने रॉयटर्स की वेबसाइट पर इस वायरल तस्वीर के बारे में सर्च किया तो यह हमें 7 मार्च 2026 को अपलोड मिली। इसके साथ में कैप्शन दिया गया है, “7 मार्च, 2026 को इराक के बसरा में ड्रोन हमले के बाद अमेरिकी कंपनी हैलिबर्टन के ऑफिस और वेयरहाउस वाले कंपाउंड में हुए नुकसान का ड्रोन से लिया गया व्यू।”

तस्वीर का सोर्स रॉयटर्स को बताया गया है और इसे इराक के बसरा में अमेरिकी कंपनी पर हुए हमले के बाद का बताया गया है।
रॉयटर्स की वेबसाइट पर इराक में तबाह अमेरिकी कंपनी के वेयरहाउस की अन्य तस्वीरों को देखा जा सकता है। लिंक यहां और यहां देखें।
इससे यह साफ हो गया कि वायरल तस्वीर ईरान के वाटर ट्रीटमेंट प्लांट पर हुए हमले की नहीं, बल्कि इराक में अमेरिकी कंपनी के वेयरहाउस पर हुए हमले की है।
‘इराकी न्यूज’ की वेबसाइट पर 7 मार्च 2026 को छपी रिपोर्ट के अनुसार, “बसरा इराक का तेल सेक्टर का हब है, जहां कई विदेशी एनर्जी कंपनियां काम करती हैं। सिक्योरिटी सूत्रों के मुताबिक, बसरा में विदेशी तेल कर्मचारियों की जगह को निशाना बनाकर ड्रोन हमला किया गया, जिससे US कॉर्पोरेशन हैलिबर्टन और KBR के वेयरहाउस में आग लग गई। इस हमले में कंपनियों द्वारा इस्तेमाल की जाने वाली इमारतों और गोदामों को निशाना बनाया गया। इस घटना में किसी कर्मचारी के घायल होने की खबर नहीं है, जिसे हैलिबर्टन ने बाद में सिक्योरिटी का मामला बताया।”

इस बारे में हमने दैनिक जागरण में विदेश मामलों को कवर करने वाले विशेष संवाददाता जय प्रकाश रंजन से संपर्क किया। उन्होंने कहा कि रॉयटर्स ने इसे इराक में हुए हमले का बताया है, ईरान का नहीं।
‘अलजजीरा’ की वेबसाइट पर इराक के बसरा में 6 मार्च को हुए ड्रोन हमले के बाद हुई तबाही के वीडियो को देखा जा सकता है।

‘बीबीसी’ की वेबसाइट पर 11 मार्च 2026 को दी गई अपडेट के अनुसार, “US सेना का कहना है कि उसने होर्मुज स्ट्रेट में ईरान के माइन बिछाने वाले 16 जहाजों को ‘खत्म’ कर दिया है। वहीं, ईरान, सऊदी अरब, यूएई और कुवैत समेत पूरे इलाके में अपने हमले जारी रखे हुए है। दुबई एयरपोर्ट के पास दो ड्रोन गिरने से चार लोग घायल हो गए हैं। उधर, इजरायल ने ईरान और लेबनान पर नए हमले शुरू किए।”
क्या है संदर्भ
गौरतलब है कि 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल ने ईरान पर हमला किया था। इसके जवाब में ईरान ने इजराल, बहरीन, कुवैत, कतर और संयुक्त अरब अमीरात सहित पूरे वेस्ट एशिया में अमेरिकी ठिकानों पर हमले किए। ईरान में हुए हमलों में ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत हुई है।
तस्वीर को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। प्रोफाइल के अनुसार, यूजर सुप्रीम कोर्ट के वकील हैं।
निष्कर्ष: इराक के बसरा में अमेरिकी कंपनी के वेयरहाउस पर ड्रोन हमला हुआ था। उसकी तस्वीर को ईरान के वाटर ट्रीटमेंट प्लांट पर हमले के दावे से जोड़कर शेयर किया जा रहा है।
- Claim Review : यह तस्वीर अमेरिका-इजरायल के हमले में तबाह हुए ईरान के वाटर ट्रीटमेंट प्लांट की है।
- Claimed By : X User- Shashank Shekhar Jha
- Fact Check : झूठ
- Report of ANI News, Dated 7 March 2026
- X Post of Abbas Araghchi (Minister of Foreign Affairs of Iran), Dated 7 March 2026
- Report of Reuters, Dated 7 March 2026
- Report of Iraqi News, Dated 7 March 2026
- Report of Aljazeera, Dated 6 March 2026
- Report of BBC, Dated 11 March 2026
- Report of Global Conflict Tracker, Dated 2 March 2026
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












