Fact Check : राणा सांगा विवाद से जोड़कर वायरल सपा नेता की पिटाई का वीडियो चार साल पुराना, भ्रामक दावे से हुआ वायरल
सपा नेता की पिटाई के वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा भ्रामक है। असल में वायरल वीडियो हाल-फिलहाल का नहीं, साल 2021 का है। वीडियो में नजर आ रहे सपा नेता महेंद्र यादव नहीं, बल्कि महेंद्र चौहान है।
- By: Pragya Shukla
- Published: Mar 31, 2025 at 04:10 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। उत्तर प्रदेश में चल रहे राणा सांगा विवाद से जोड़ते हुए एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ लोग एक शख्स को पीटते हुए नजर आ रहे हैं। पोस्ट को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि राणा सांगा विवाद को लेकर विश्व हिन्दू परिषद के लोग विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। इसी दौरान सपा नेता महेंद्र यादव वहां पर आकर बदतमीजी करने लगे। फिर लोगों ने उन्हें पीट दिया।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा भ्रामक है। असल में वायरल वीडियो हाल-फिलहाल का नहीं, साल 2021 का है। वीडियो में नजर आ रहे सपा नेता महेंद्र यादव नहीं, बल्कि महेंद्र चौहान है। दरअसल, चार साल पहले करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने सपा नेता पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लिए अपशब्दों का इस्तेमाल करने का आरोप लगाते हुए पिटाई कर दी थी। जबकि महेंद्र चौहान ने सभी आरोपों को गलत बताया था।
क्या हो रहा है वायरल ?
फेसबुक यूजर ‘जनार्दन मिश्रा’ ने 30 मार्च 2025 को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “राणा सांगा जी के सम्मान में सपा वाले कूट दिए गए भरे मैदान में ….विश्वहिन्दू परिषद के लोग विरोध प्रदर्शन कर रहे थे…तभी महेंद्र यादव गुंडई करने लगा इसके बाद महेंद्र यादव की लाइव सुताई कर दी गई।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।
पड़ताल
वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने वीडियो के कई कीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल रिवर्स इमेज के जरिए सर्च किया। हमें वायरल वीडियो समाजवादी पार्टी के आधिकारिक फेसबुक अकाउंट पर मिला। वीडियो को 1 फरवरी 2021 को अपलोड किया गया था। मौजूद जानकारी के मुताबिक, वायरल वीडियो उत्तर प्रदेश के मऊ शहर में हुई घटना का है।

प्राप्त जानकारी के आधार पर हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें वायरल वीडियो से जुड़ी एक रिपोर्ट जी समाचार नामक एक यूट्यूब चैनल पर मिली। रिपोर्ट को 1 फरवरी 2021 को अपलोड किया गया था। यहां पर भी वीडियो को शेयर करते हुए यही जानकारी दी गई है कि यह मऊ का है।
दैनिक जागरण की वेबसाइट पर 1 फरवरी 2021 को प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार, “समाजवादी पार्टी के नेता महेंद्र चौहान को करणी सेना के तात्कालीन जिलाध्यक्ष देवेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने बुरी तरह पीट दिया। यह घटना कलेक्ट्रेट परिसर में सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय के पोर्च के ठीक सामने हुई। वह पूर्व जिलाध्यक्ष शैलेंद्र यादव साधु के साथ किसी काम से वहां गए थे। इसी बीच करणी सेना के लोगों से किसी बात को लेकर कहासुनी हुई। करणी सेना के लोगों ने आरोप लगाया कि उन्होंने बातचीत के बीच में ही प्रदेश के मुख्यमंत्री महंत योगी आदित्यनाथ को गाली दी। हालांकि, महेंद्र चौहान ने आरोपों को गलत और बेबुनियाद बताया था। ”
दैनिक जागरण की वेबसाइट पर 2 फरवरी 2021 को प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार, “समाजवादी पार्टी के नेता महेंद्र चौहान की पिटाई के मामले में नगर कोतवाली पुलिस ने करणी सेना भारत के तत्कालीन जिलाध्यक्ष देवेंद्र प्रताप सिंह को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने गाजीपुर तिराहा के पास एक प्लाजा से यह कार्रवाई की। हालांकि, शाम को कोर्ट से उन्हें जमानत मिल गई।”
अधिक जानकारी के लिए हमने दैनिक जागरण मऊ के रिपोर्टर जेपी निषाद से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वायरल वीडियो करीब चार साल पहले हुई घटना का है।
अंत में हमने वीडियो को भ्रामक दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर एक विचारधारा से जुड़ी पोस्ट को शेयर करता है। यूजर को 147 के लोग फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि सपा नेता की पिटाई के वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा भ्रामक है। असल में वायरल वीडियो हाल-फिलहाल का नहीं, साल 2021 का है। वीडियो में नजर आ रहे सपा नेता महेंद्र यादव नहीं, बल्कि महेंद्र चौहान है। दरअसल, चार साल पहले करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने सपा नेता पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लिए अपशब्दों का इस्तेमाल करने का आरोप लगाते हुए पिटाई कर दी थी। जबकि महेंद्र चौहान ने सभी आरोपों को गलत बताया था।
- Claim Review : विश्व हिन्दू परिषद के लोगों ने राणा सांगा विवाद को लेकर सपा नेता महेंद्र यादव की पिटाई की।
- Claimed By : FB User Janardan Mishra
- Fact Check : भ्रामक
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












