Fact Check: महिला की पिटाई का यह वीडियो मलेशिया का है, भारत का नहीं
विश्वास न्यूज़ ने अपनी पड़ताल में पाया कि सोशल मीडिया पर वायरल महिला की पिटाई का वीडियो मलेशिया का है, भारत का इस वायरल वीडियो से कोई संबंध नहीं है।
- By: Pallavi Mishra
- Published: Apr 4, 2025 at 03:07 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक पुरुष को एक महिला के साथ बुरी तरह मारपीट करते देखा जा सकता है। क्लिप को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि यह भारत में हुई घटना है।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि यह वीडियो मलेशिया का है और पुराना है, भारत का वायरल वीडियो से कोई संबंध नहीं है।
क्या है वायरल पोस्ट
फेसबुक यूजर Mohd Akhtar Ali (आर्काइव लिंक) ने इस वीडियो को शेयर करते हुए लिखा, “अब तो ऐसा लगता है भारत में ये मारने मराने का ट्रेंड चल रहा है ताकि ये क्रिमिनल न्यूज पेपर के हेड लाइन बन सकें। वैसे सावधान इंडिया तो टीवी पर बैन हो गया है अब सावधान इंडिया का लाइव शो रियल में देखने को मिलता है हर रोज। सबसे बड़ा रोल ये कैमरामैन का है, इसे तो अवॉर्ड मिलना चाहिए।”

पड़ताल
वायरल वीडियो की जांच करने के लिए हमने इस वीडियो के स्क्रीनशॉट को गूगल लेंस की मदद से खोजा। हमें मलेशिया की एक न्यूज़ वेबसाइट एहिजराह की 9 नवंबर 2022 की एक रिपोर्ट मिली, जिसमें वीडियो के स्क्रीनग्रैब्स को इस्तेमाल किया गया था। खबर के अनुसार, “चेरस के बाटू 9 स्थित एक अपार्टमेंट में अपनी पत्नी के साथ दुर्व्यवहार करने के संदेह में आज एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। कजांग जिला पुलिस प्रमुख एसीपी मोहम्मद जैद हसन ने बताया कि 58 वर्षीय व्यक्ति को आज सुबह 4.35 बजे सेतापाक के पास से गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि जांच में पाया गया कि 45 वर्षीय पीड़ित को संदिग्ध ने हाथ-पैरों से पीटा था, जिससे उसके शरीर पर चोटें आईं।”

कीवर्ड्स से ढूंढ़ने पर हमें मलेशिया में हुई इस घटना को लेकर और भी खबरें मिलीं। लोकल न्यूज़ वेबसाइट majalahpama पर 18 नवंबर 2022 को प्रकाशित खबर में भी इस घटना के स्क्रीनग्रैब्स थे, जहां इस वीडियो को मलेशिया के चेरस का बताया गया।

हमने इस विषय में पुष्टि के लिए एहिजराह की वेबसाइट के लिए इस खबर को लिखने वाली पत्रकार नूरुल क़िस्तिना से बात की। उन्होंने कन्फर्म किया कि यह घटना मलेशिया के चेरस में 2022 में हुई थी।
फेसबुक यूजर Mohd Akhtar Ali की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। यूजर के 18000 से अधिक फॉलोअर्स हैं।
निष्कर्ष:
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज़ ने अपनी पड़ताल में पाया कि सोशल मीडिया पर वायरल महिला की पिटाई का वीडियो मलेशिया का है, भारत का इस वायरल वीडियो से कोई संबंध नहीं है।
- Claim Review : महिला की पिटाई का यह वीडियो भारत का है
- Claimed By : FB User Mohd Akhtar Ali
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












