Fact Check: बाढ़ के पुराने वीडियो को सिंधु जल संधि निलंबन से जोड़कर किया जा रहा है वायरल
विश्वास न्यूज़ ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा फर्जी है। यह वीडियो 16 अप्रैल 2025 से इंटरनेट पर मौजूद है, जबकि केंद्र सरकार ने सिंधु जल संधि को निलंबित करने का फैसला 22 अप्रैल 2025 को हुए पहलगाम आतंकी हमले के बाद लिया है।
- By: Pallavi Mishra
- Published: Apr 29, 2025 at 04:32 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद केंद्र सरकार ने सख्त कदम उठाते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है। इसी के अंतर्गत भारत ने सिंधु जल संधि को निलंबित कर दिया है। इसके बाद अब सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक सड़क पर तेज़ गति से आता पानी देखा जा सकता है। वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो सिंधु जल संधि निलंबित होने के बाद का है, जिसके बाद कभी भारत पाकिस्तान को जा रहा पानी रोक रहा है और कभी अचानक छोड़ रहा है।
विश्वास न्यूज़ ने अपनी पड़ताल में पाया कि यह वीडियो 16 अप्रैल 2025 से इंटरनेट पर मौजूद है, जबकि केंद्र सरकार ने सिंधु जल संधि को निलंबित करने का फैसला 22 अप्रैल 2025 को हुए पहलगाम आतंकी हमले के बाद लिया है।
क्या हो रहा है वायरल ?
इंस्टाग्राम यूजर veer_sharma_creator ने 28 अप्रैल 2025 को वायरल वीडियो को शेयर किया, जिसके ऊपर लिखा है, “कभी पानी रोक रहे, कभी पानी से डूबा रहे हो, MODi रहम करो।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने सबसे पहले वीडियो के कीफ्रेम्स को गूगल रिवर्स इमेज पर सर्च किया। हमें यह वीडियो सबसे पहले ‘अफ़ग़ानिस्तान वेदर इन्फो’ नाम के फेसबुक पेज पर 16 अप्रैल 2025 को अपलोड मिला। यहां इसे पाकिस्तान में हुई तेज़ बारिश का बता शेयर किया गया था।

हमें यह वीडियो 17 अप्रैल 2025 को hadinaveed2030 नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट पर भी मिला, जहां इसकी लोकेशन नहीं बताई गयी थी।

वहीं, 22 अप्रैल 2025 की एक इंस्टाग्राम पोस्ट में इसे जम्मू और कश्मीर के रामबन का बता शेयर किया गया था।

कीवर्ड्स से ढूंढ़ने पर हमें पता चला कि जम्मू और कश्मीर के रामबन में 20 अप्रैल 2025 को बादल फटने की घटना हुई थी, जबकि वायरल वीडियो 16 अप्रैल से इंटरनेट पर मौजूद है।

कीवर्ड्स से ढूंढ़ने पर हमें पाकिस्तान में 16 अप्रैल 2025 को हुई भारी बारिश को लेकर कई खबरें मिलीं।
हिंदुस्तान टाइम्स की 16 अप्रैल 2025 की खबर के अनुसार, “पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद और उसके खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के कुछ हिस्सों में बुधवार को भारी ओलावृष्टि हुई, जिससे वाहनों, विंडस्क्रीन, सोलर पैनल और पेड़ों को भारी नुकसान पहुंचा है। भारी बारिश के कारण राजधानी के कुछ निचले इलाकों में अचानक बाढ़ आ गई और बचाव दल को शहर के विभिन्न हिस्सों में भेजा गया।”
इस विषय में पुष्टि के लिए हमने पाकिस्तान के न्यूज़ चैनल 24 न्यूज एचडी कराची के असाइनमेंट एडिटर मुहम्मद कामरान से संपर्क किया। उन्होंने कन्फर्म किया कि इस्लामाबाद और खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के कुछ हिस्सों में बुधवार यानी 16 अप्रैल को भारी बारिश और ओलावृष्टि हुई थी, जिसके बाद कई जगह फ़्लैश फ्लड जैसे हालात देखे गए थे। हालांकि, उन्होंने वायरल वीडियो के पाकिस्तान का होने की पुष्टि नहीं की।
विश्वास न्यूज़ इस बात की पुष्टि नहीं करता कि वायरल वीडियो असल में कहां का है मगर यह बात तय है कि वीडियो 16 अप्रैल 2025 से इंटरनेट पर मौजूद है, जबकि भारत सरकार द्वारा सिंधु जल संधि को निलंबित करने का फैसला 22 अप्रैल 2025 को हुए पहलगाम आतंकी हमले के बाद लिया गया है।
वायरल वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले इंस्टाग्राम यूजर जीतू ठाकुर veer_sharma_creator को 150000 से अधिक यूजर फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज़ ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा फर्जी है। यह वीडियो 16 अप्रैल 2025 से इंटरनेट पर मौजूद है, जबकि केंद्र सरकार ने सिंधु जल संधि को निलंबित करने का फैसला 22 अप्रैल 2025 को हुए पहलगाम आतंकी हमले के बाद लिया है।
- Claim Review : सिंधु जल संधि निलंबित होने के बाद कभी भारत पाकिस्तान को जा रहा पानी रोक रहा है और कभी अचानक छोड़ रहा है।
- Claimed By : Instagram User veer_sharma_creator
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












