Fact Check: हलाला के बाद ससुर से शादी करने की बात कहती महिला का यह वीडियो स्क्रिप्टेड है
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि यह वीडियो असल में स्क्रिप्टेड है, जिसे मनोरंजन के उद्देश्य से बनाया गया था।
- By: Pallavi Mishra
- Published: May 22, 2025 at 03:45 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक बुर्का पहने हुए महिला बता रही है कि अपने पति से तलाक के बाद उसने अपने ससुर के साथ हलाला किया और अब वह अपने ससुर से शादी करना चाहती है। वीडियो को असली समझ कई लोग इसे शेयर कर रहे हैं।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में वायरल दावे को फेक पाया। असल में यह एक स्क्रिप्टेड वीडियो है, कोई असली घटना नहीं।
वायरल पोस्ट
फेसबुक पेज Brahmanical Patriarchy ने मई 20, 2025 को इस वीडियो को पोस्ट (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा, “हलाला के लिए मिली बहू को ससुर छोड़ने तैयार नहीं और न ही बहू अपने ससुर को छोड़ने को तैयार। अपने शौहर द्वारा तलाक दिए जाने के बाद 22 वर्षीय महिला ने अपने ससुर के साथ हलाला करवाया। पति उससे दोबारा शादी करना चाहता है, लेकिन अब वह अपने 60 वर्षीय ससुर के साथ ही रहना चाहती है। दोनों एक ही रट लगाए रहते हैं कि अल्लाह का कानून है, अल्लाह का कानून।”

पड़ताल
वायरल दावे की जांच के लिए हमने वीडियो के स्क्रीनग्रैब्स को गूगल रिवर्स इमेज पर सर्च किया। हमें यह पूरा वीडियो Ashwani Pandey नाम के यू-ट्यूब चैनल पर 28 अप्रैल 2025 को अपलोड मिला।
वीडियो में 6 सेकंड के टाइम स्टैम्प पर एक डिस्क्लेमर प्लेट नजर आती है जिसपर लिखा है “This video is purely made for entertainment purposes only. This video has no intention to disrespect or defame based on race color, ancestry, national origin ethnic group identification, age, religion, marital or parental status, physical or mental disability, sex, sexual, orientation gender, gender identity or expression.”
अनुवाद: “यह वीडियो केवल मनोरंजन के उद्देश्य से बनाया गया है। इस वीडियो का नस्ल, रंग, वंश, राष्ट्रीय मूल, जातीय समूह की पहचान, आयु, धर्म, वैवाहिक या माता-पिता की स्थिति, शारीरिक या मानसिक विकलांगता, लिंग, यौन, लैंगिक झुकाव, लैंगिक पहचान या अभिव्यक्ति के आधार पर अपमान या बदनामी करने का कोई इरादा नहीं है।”


हमें अश्वनी पांडेय का फेसबुक पेज भी मिला जिस पर वायरल वीडियो में दिख रहे एक्टर्स के और भी वीडियो थे। पेज डिस्क्रिप्शन के अनुसार इसमें प्रैंक वीडियो हैं। यहां भी वीडियो के ऊपर डिस्क्लेमर लगा है जिसमें इन्हें स्क्रिप्टेड बताया गया है।

हमने इस विषय में पुष्टि के लिए अश्वनी पांडेय से सीधा संपर्क किया। उन्होंने बताया “यह एक स्क्रिप्टेड वीडियो था जिसे अपलोड करते समय शुरू में ही डिस्क्रिप्शन डाला गया था। वीडियो को मनोरंजन के उद्देश्य से बनाया गया था।”
बता दें कि 22 अगस्त 2017 को सुप्रीम कोर्ट ने तीन तलाक को खारिज करते हुए एक बार में तलाक देने की प्रथा को “अमान्य, अवैध और असंवैधानिक” करार देते हुए संसद को इस पर कानून बनाने के लिए कहा था और फिर संसद ने कानून बनाकर इसे प्रतिबंधित कर दिया था।
वायरल पोस्ट को शेयर करने वाले पेज Brahmanical Patriarchy को फेसबुक पर 1.75 लाख से अधिक लोग फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि यह वीडियो असल में स्क्रिप्टेड है, जिसे मनोरंजन के उद्देश्य से बनाया गया था।
- Claim Review : हलाला के लिए मिली बहू को ससुर छोड़ने तैयार नहीं और न ही बहू अपने ससुर को छोड़ने को तैयार
- Claimed By : Facebook Page Brahmanical Patriarchy
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












