Fact Check: उत्तर प्रदेश और बिहार में नहीं हुई है बिजली मुफ्त, भ्रामक पोस्ट वायरल
विश्वास न्यूज़ ने अपनों पड़ताल में पाया कि वायरल पोस्ट भ्रामक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश या बिहार में मुफ्त बिजली की घोषणा नहीं की है। उन्होंने अपनी रैली में ‘पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना’ के तहत सोलर पैनल लगाने पर बिजली बिल शून्य होने की बात कही थी।
- By: Pallavi Mishra
- Published: Jun 2, 2025 at 05:09 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मुफ्त बिजली के बारे में बोलते हुए देखा जा सकता है। पोस्ट को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि प्रधानमंत्री मोदी ने बिहार और उत्तर प्रदेश में बिजली फ्री कर दिया है।
विश्वास न्यूज़ ने इस पोस्ट की जांच की और इसे भ्रामक पाया। असल में वीडियो मई 2024 का है, जब पटना में हुई एक रैली के समय प्रधानमंत्री मोदी ने सोलर पैनल स्कीम के बारे में बात करते हुए कहा था कि यदि लोग इस योजना का इस्तेमाल करेंगे, तो उनका बिजली का बिल जीरो हो जाएगा।
क्या है वायरल पोस्ट में?
Azad Bhart नाम के फेसबुक यूजर ने 25 मई को वायरल वीडियो शेयर किया और साथ में लिखा “कोई भी बिजली बिल नहीं देगा मोदी का एलान हैं।”
इस पोस्ट के आर्काइव वर्जन को यहां देखा जा सकता है।

पड़ताल
वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने गूगल पर कई कीवर्ड्स के जरिए सर्च किया। इस दौरान हमें कहीं भी बिहार और उत्तर प्रदेश में बिजली के मुफ्त होने की कोई खबर नहीं मिली।
इसके बाद हमने वायरल वीडियो को जांचना शुरू किया। वीडियो के कीफ्रेम्स को गूगल रिवर्स इमेज सर्च करने पर हमें यह पूरा वीडियो प्रधानमंत्री मोदी के ऑफिशियल यूट्यूब चैनल पर 25 मई 2024 को अपलोड मिला। वीडियो बिहार के पाटलिपुत्र का था, जहां लोकसभा चुनाव से पहले प्रधानमंत्री ने रैली की थी।
इसी वीडियो में 44 मिनट 48 सेकंड पर प्रधानमंत्री को कहते सुना जा सकता है, “यह एक ऐसी योजना है कि आपको जीवन भर कोई तकलीफ न हो और मोदी ने तय किया है कि आपका बिजली का बिल जीरो हो। बजली का बिल जीरो, हमने पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना शुरू की है। छत के ऊपर सोलर पैनल लगेगा। उससे बिजली पैदा होगी। वो बिजली आप अपनी जरूरत के हिसाब से मुफ्त में प्रयोग करेंगे और जो अतिरिक्त बिजली होगी, वो सरकार खरीदेगी और उसके बदले आपको पैसे देगी। और ये काम करने के लिए सोलर पैनल लगाने के लिए भी मोदी हर परिवार को 75000 रुपया देगा। आप ऑनलाइन अभी से अपनी रजिस्ट्रेशन करा सकते हो। “
हमने इस विषय में पुष्टि के लिए मई 2024 में पाटलिपुत्र में हुई इस रैली को कवर करने वाले दैनिक जागरण के रिपोर्टर जितेन्द्र कुमार से संपर्क किया। उन्होंने कन्फर्म किया कि यह वीडियो पाटलिपुत्र रैली का ही है और प्रधानमंत्री मोदी ने मुफ्त बिजली की बात पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के बारे में बात करते हुए कही थी।
क्या है पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना?
पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना भारत सरकार द्वारा शुरू की गई एक योजना है, जिसका उद्देश्य आवासीय उपभोक्ताओं को छत पर सोलर पैनल लगाने के लिए वित्तीय सहायता प्रदान करना है। इस योजना के तहत, सरकार सौर पैनलों की स्थापना के लिए सब्सिडी प्रदान करती है, जिससे परिवारों को अपनी बिजली की जरूरतों को पूरा करने और अतिरिक्त बिजली को ग्रिड को बेचकर आय अर्जित करने में मदद मिलती है।
भ्रामक पोस्ट को शेयर करने वाले यूजर Azad Bhart को फेसबुक पर 12000 यूजर फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज़ ने अपनों पड़ताल में पाया कि वायरल पोस्ट भ्रामक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश या बिहार में मुफ्त बिजली की घोषणा नहीं की है। उन्होंने अपनी रैली में ‘पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना’ के तहत सोलर पैनल लगाने पर बिजली बिल शून्य होने की बात कही थी।
- Claim Review : उत्तर प्रदेश और बिहार में बिजली मुफ्त
- Claimed By : FB User Azad Bhart
- Fact Check : भ्रामक
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












