Fact Check : यूपी के उन्नाव में युवती के साथ छेड़छाड़ की पुरानी घटना को हाल का बताकर किया जा रहा शेयर
विश्वास न्यूज़ ने अपनी पड़ताल में पाया कि उन्नाव का यह वायरल वीडियो हाल का नहीं, बल्कि 2018 में हुई एक घटना का है।
- By: Pallavi Mishra
- Published: Aug 14, 2025 at 02:27 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर एक वीडियो क्लिप वायरल हो रही है। इसमें कुछ लड़कों को एक महिला से ज छेडखानी करते देखा जा सकता है। वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि यह मामला उत्तर प्रदेश के उन्नाव में हाल में हुई है।
विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में पाया कि उत्तर प्रदेश के उन्नाव का यह वीडियो 2018 का है। वीडियो क्लिप को हलिया बताकर भ्रामक दावे से शेयर किया जा रहा है।
क्या है वायरल
इंस्टाग्राम यूजर mahipat_pal_77 (आर्काइव लिंक) ने 4 अगस्त 2025 को वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा, ”यूपी के उन्नाव में बेखौफ बदमाश इस महिला को चार लड़कों ने अगवा कर रेप किया महिला के चीखने और चिल्लाने पर बदमाश कह रहे हैं विडियो वायरल कर देंगे कुल चार बदमाश है एक विडियो बना रहा है तीन महिला को जंगल की ओर ले जा रहे हैं क्या अब यूपी में भी महिलाएं महफूज नहीं माननीय उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री श्री आदित्य नाथ योगी जी। आप कहते है चोर डकैत माफिया पैंट में पेशाब करते हैं। ये सब कहा से आ गए इस महिला को अब न्याय कौन दिलाएगा।”

पड़ताल
वायरल वीडियो की पड़ताल के लिए हमने संबंधित कीवर्ड से गूगल पर सर्च किया। हमें हाल में हुई ऐसी किसी घटना की कोई रिपोर्ट नहीं मिली, मगर 2018 की कई खबरें मिलीं, जिनमें वायरल वीडियो का स्क्रीनशॉट इस्तेमाल किया गया था। एबीपी लाइव की 6 जुलाई 2018 की खबर के अनुसार, “उत्तर प्रदेश में चौंकाने वाली एक और घटना सामने आई है। उन्नाव से एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें छह लोग एक महिला के साथ छेड़छाड़ करते दिख रहे हैं। एक आरोपी द्वारा बनाए गए इस वीडियो में दिनदहाड़े कुछ युवक एक लड़की को परेशान करते और उसके साथ छेड़छाड़ करते दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह वीडियो दो महीने पुराना है और उत्तर प्रदेश के गंगाघाट इलाके में शूट किया गया था। तीनों आरोपी बाबा खेड़ा गाँव के रहने वाले हैं।।”

इंडियन एक्सप्रेस की 7 जुलाई 2018 की खबर के अनुसार, “सोशल मीडिया पर गुरुवार को एक वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने FIR दर्ज की, जिसमें पुरुषों का एक समूह एक महिला के साथ छेड़छाड़ करता और उसे घसीटकर एक बाग में ले जाता दिख रहा था। बाद में यह स्थान उन्नाव जिले का पाया गया। आरोप है कि वहां उसके साथ बलात्कार किया गया। इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, लगभग दो महीने पहले हुई इस घटना के संबंध में महिला शिकायत दर्ज कराने के लिए सामने नहीं आई थी। पुलिस ने बताया कि यह वीडियो आरोपियों में से एक ने शूट किया था और सोशल मीडिया पर प्रसारित किया था। शुक्रवार को राहुल (21) और विमल (20) को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक तीसरा आरोपी आकाश (22) पहले से ही चोरी के एक मामले में जेल में है। तीन अन्य आरोपी, पवन, रितिक और विपिन, अभी फरार हैं।”
डीबी पोस्ट के यूट्यूब चैनल पर भी इस घटना को लेकर एक वीडियो 6 जुलाई 2018 को अपलोड किया गया था।

इस मामले में पुष्टि के लिए हमने दैनिक जागरण के उन्नाव संवाददाता अंकित मिश्रा से संपर्क किया। उन्होंने कन्फर्म किया कि यह वीडियो 2018 में हुई घटना का है, हालिया नहीं।
वीडियो को भ्रामक दावे के साथ शेयर करने वाले mahipat_pal_77 पेज को 150 से अधिक यूजर फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज़ ने अपनी पड़ताल में पाया कि उन्नाव का यह वायरल वीडियो हाल का नहीं, बल्कि 2018 में हुई एक घटना का है।
- Claim Review : यह वीडियो हाल ही में उत्तर प्रदेश के उन्नाव में हुई छेड़छाड़ की घटना का है।
- Claimed By : Instagram user mahipat_pal_77
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












