X
X

Fact Check: बिहार चुनाव के नतीजों से पहले तेजस्वी के नीतीश कुमार को CM मान लेने का दावा गलत, वायरल वीडियो 2022 का है

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के नतीजे आने से पहले तेजस्वी यादव के नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री मान लेने का दावा भ्रामक है। इस दावे के साथ वायरल हो रहा वीडियो 2022 का है, जब नीतीश कुमार एनडीए से अलग होकर महागठबंधन में शामिल हो गए थे। हालांकि, इसके बाद वह 2024 में एनडीए में वापस शामिल हुए और मौजूदा चुनाव में जनता दल यूनाइटेड, एनडीए के साथ लड़ रही है।

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजे आने से पहले सोशल मीडिया पर तेजस्वी यादव का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें उन्हें बतौर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की तारीफ करते हुए देखा जा सकता है। दावा किया जा रहा है कि अब तेजस्वी यादव ने भी इस बात को स्वीकार कर लिया कि नीतीश कुमार देश के सर्वाधिक अनुभवी और काम करने वाले मुख्यमंत्री है। वीडियो को शेयर किए जाने के समय से यह प्रतीत हो रहा है कि बिहार चुनाव के नतीजे आने से पहले तेजस्वी यादव ने नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री स्वीकार कर लिया है।

विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में इस दावे को भ्रामक पाया। वायरल हो रहा वीडियो 2022 का है, जब नीतीश कुमार राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) से अलग होकर महागठबंधन में शामिल हो गए थे और फिर तेजस्वी यादव ने उन्हें गठबंधन का नेता स्वीकार किया था। इसके बाद नीतीश कुमार एक बार फिर से मुख्यमंत्री बने थे। हालांकि, वह इस गठबंधन में लंबे समय तक नहीं रहे और फिर 2024 में वे एनडीए में शामिल हुए और 2025 का चुनाव उन्होंने इसी गठबंधन के साथ लड़ा है, जिसके नतीजे 14 नवंबर को आएंगे।

क्या है वायरल?

सोशल मीडिया यूजर ‘Navneet Kumar Singh’ ने 11 नवंबर को वायरल वीडियो (आर्काइव लिंक) को शेयर करते हुए लिखा है, “मित्रों अब तो तेजस्वी यादव जी भी मान रहे हैं देश में अगर कोई सबसे अनुभवी और काम करने वाला मुख्यमंत्री है, तो वह हैं श्री नीतीश कुमार जी।”

सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर कई अन्य यूजर्स ने इस वीडियो को समान संदर्भ में शेयर किया है।

पड़ताल

वायरल वीडियो में तेजस्वी यादव को यह कहते हुए सुना जा सकता है कि देश में सर्वाधिक अनुभवी और परिपक्व मुख्यमंत्री कोई है, तो वह नीतीश कुमार जी हैं। इस वीडियो में तेजस्वी यादव के पीछे ललन सिंह नजर आ रहे हैं। मौजूदा चुनाव जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू), भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के साथ गठबंधन में लड़ रही है, इसलिए यह वीडियो पुराना नजर आता है।

बयान के आधार पर सर्च करने पर हमें यह वीडियो @TheNewIndian नाम के यू-ट्यूब चैनल पर मिला। नौ अगस्त 2022 को अपलोड किए गए वीडियो के साथ दी गई जानकारी के मुताबिक, “तेजस्वी यादव ने नीतीश कुमार की तारीफ करते हुए उन्हें देश का सर्वाधिक अनुभवी मुख्यमंत्री बताया।”

इस टाइमलाइन के दौरान की खबरों को सर्च करने पर हमें ऐसी कई रिपोर्ट्स मिली, जिसमें बिहार की तत्कालीन राजनीतिक गतिविधियों का जिक्र है।

10 अगस्त 2022 की हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, “मंगलवार को नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया और जनता दल यूनाइटेड राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) से बाहर हो गया। इसके बाद जेडीयू महागठबंधन में शामिल हो गया और तेजस्वी यादव ने नीतीश को गठबंधन का नेता और राज्य का मुख्यमंत्री घोषित कर दिया।”

कई अन्य न्यूज रिपोर्ट्स में भी इसका जिक्र है। हमारी पड़ताल से स्पष्ट है कि वायरल हो रहा वीडियो 2022 का है, जब नीतीश कुमार एनडीए से अलग होकर महागठबंधन में शामिल हुए थे। वायरल दावे को लेकर हमने दैनिक जागरण, पटना के स्थानीय संपादक अश्विनी कुमार सिंह से संपर्क किया। उन्होंने पुष्टि करते हुए बताया कि 2022 में नीतीश कुमार एनडीए से अलग हो गए थे।

गौरतलब है कि बिहार में इस बार दो चरणों में छह और 11 नवंबर को मतदान हुआ था, जिसके नतीजे 14 नवंबर को आएंगे।

https://twitter.com/ECISVEEP/status/1975584396733522093

2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए में जहां बीजेपी और जेडीयू ने 101-101 सीटों पर चुनाव लड़ा है, वहीं चिराग पासवान की पार्टी को 29 सीटें दी गई हैं। जीतन राम मांझी की हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) और उपेंद्र कुशवाहा की राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएलएम) छह-छह सीटें मिली हैं।

वायरल पोल को शेयर करने वाले यूजर को फेसबुक पर करीब छह हजार लोग फॉलो करते हैं। चुनाव से संबंधित अन्य वायरल दावों की फैक्ट चेक रिपोर्ट्स को विश्वास न्यूज के चुनाव और पॉलिटिक्स सेक्शन में पढ़ा जा सकता है।

निष्कर्ष: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के नतीजे आने से पहले तेजस्वी यादव के नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री मान लेने का दावा भ्रामक है। इस दावे के साथ वायरल हो रहा वीडियो 2022 का है, जब नीतीश कुमार एनडीए से अलग होकर महागठबंधन में शामिल हो गए थे। हालांकि, इसके बाद वह 2024 में एनडीए में वापस शामिल हुए और मौजूदा चुनाव में जनता दल यूनाइटेड, एनडीए के साथ लड़ रही है।

  • Claim Review : बिहार चुनाव के नतीजों से पहले तेजस्वी ने माना कि नीतीश कुमार सबसे अनुभवी और काम करने वाले मुख्यमंत्री।
  • Claimed By : FB User-Navneet Kumar Singh
  • Fact Check : भ्रामक

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later