X
X

Fact Check: गोविंदा ने फिल्म ‘अवतार फायर एंड ऐश’ में नहीं किया है काम, एआई से बनाया गया वीडियो वायरल

गोविंदा ने 'अवतार फायर एंड ऐश' में काम नहीं किया है। वीडियो को एआई से बनाकर वायरल किया गया है।

  • By: Ashish Maharishi
  • Published: Dec 27, 2025 at 02:57 PM
  • Updated: Dec 27, 2025 at 04:59 PM

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया के कई प्‍लेटफॉर्म पर बॉलीवुड एक्‍टर गोविंदा का अलग-अलग वीडियो और तस्‍वीर वायरल हो रही है। दावा किया जा रहा है कि गोविंदा ने हॉलीवुड के मशहूर डायरेक्टर जेम्स कैमरून की फिल्म ‘अवतार फायर एंड ऐश’ में भूमिका निभाई है। फेसबुक से लेकर यूट्यूब पर ऐसे वीडियो खूब वायरल हो रहे हैं। यूजर्स इसे सच समझकर शेयर भी कर रहे हैं।

विश्‍वास न्‍यूज ने विस्‍तार से इसकी जांच की। दावा फर्जी साबित हुआ। गोविंदा ने ‘अवतार फायर एंड ऐश’ में काम नहीं किया है। वीडियो को एआई से बनाकर वायरल किया गया है।

क्‍या हो रहा है वायरल

फेसबुक यूजर ने एक वीडियो को शेयर करते हुए दावा किया कि गोविंदा ने अवतार 3 में काम किया है। इस वीडियो में गोविंदा को अपनी एक हिंदी फिल्‍म का डायलॉग बोलते हुए भी दिखाया गया है।

इसी तरह के एक वीडियो को यूट्यूब शॉर्ट्स के रूप में शेयर किया। इसे यहां देखा जा सकता है।

इन सभी वीडियो को सच समझकर कई यूजर्स शेयर कर रहे हैं। पोस्‍ट का आर्काइव वर्जन यहां देखें।

पड़ताल

विश्‍वास न्‍यूज ने वायरल वीडियो की सच्‍चाई जानने के लिए सबसे पहले कीवर्ड के जरिए गूगल ओपन सर्च टूल का इस्‍तेमाल किया। हमें यह जानना था कि क्‍या वाकई में गोविंदा ने ‘अवतार फायर एंड ऐश’ में कोई भूमिका निभाई है या नहीं। सर्च के दौरान हमें भास्‍कर डॉट कॉम की एक खबर मिली। इसमें वीडियो को फेक बताते हुए लिखा गया कि गोविंदा ने एक इंटरव्‍यू में दावा किया था कि उन्‍हें फिल्‍म में काम करने का ऑफर मिला था, लेकिन उन्‍होंने मना कर दिया था।

सर्च के दौरान हमें गोविंदा का एक इंटरव्‍यू मिला। इंडिया टीवी को दिए गए इंटरव्‍यू में गोविंदा कह रहे हैं कि उन्‍हें अवतार फिल्‍म का ऑफर मिला था। लेकिन उन्‍होंने मना कर दिया था।

जांच को आगे बढ़ाते हुए हमने आईएमडीबी को स्‍कैन किया। यहां ‘अवतार फायर एंड ऐश’ के बारे में विस्‍तार से जानकारी दी गई थी। इसमें कास्‍ट की पूरी लिस्‍ट में कहीं भी गोविंदा का नाम नहीं था। इससे यह स्‍पष्‍ट हुआ कि गोविंदा ने इस फिल्‍म में कोई काम नहीं किया है।

विश्‍वास न्‍यूज ने जांच को आगे बढ़ाते हुए मुंबई में दैनिक जागरण के लिए बॉलीवुड को कवर करने वालीं संवाददाता प्रियंका सिंह से संपर्क किया। उन्‍होंने बताया कि वायरल दावा पूरी तरह से फेक है। फिल्‍म में गोविंदा नहीं हैं।

पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए हमने एआई जेनरेटेड कंटेंट की पहचान करने वाले टूल्‍स की मदद ली। सबसे पहले हाइव मॉडरेशन टूल का इस्‍तेमाल किया गया। यहां के नतीजों ने 98 फीसदी वीडियो के एआई होने की संभावना की पुष्टि की।

जांच के दौरान हमने एआई जेनरेटेड कंटेंट की पहचान करने वाले टूल wasitai की मदद ली। यहां चेक करने पर वायरल वीडियो के एआई होने की संभावना की पुष्टि की।

इसी तरह बफलो यूनिवर्सिटी के डिटेक्शन टूल डीपफेक-ओ-मीटर के तीन डिटेक्टर ने भी वीडियो के एआई निर्मित होने की संभावना की पुष्टि की।

जांच के अंत में हमने फर्जी वीडियो को अपलोड करने वाले यूजर की जांच की। पता चला कि इस यूजर को 80 हजार से ज्‍यादा लोग फेसबुक पर फॉलो करते हैं।

निष्‍कर्ष : विश्‍वास न्‍यूज की पड़ताल में यह दावा फर्जी साबित हुआ कि गोविंदा ने जेम्स कैमरून की फिल्म ‘अवतार फायर एंड ऐश’ में काम किया है। वायरल वीडियो एआई से बनाया हुआ साबित हुआ।

  • Claim Review : गोविंदा ने किया अवतार में काम
  • Claimed By : FB user Kullu Kabadi
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later